बाघिन टी-6 बनी 10 साल की उम्र में 6वीं बार माँ, जन्में 4 शावक, अब तक कुल 17 बाघ शावक दिए

0
1649
पन्ना टाइगर रिजर्व के घास के मैदान में अपने नवजात शावकों के साथ विचरण करते हुए बाघिन टी-6 .

*  पेंच टाइगर रिजर्व से 2014 पन्ना लाई गई थी बाघिन टी-6

शादिक खान, पन्ना। (www.radarnews.in) मध्य प्रदेश के पन्ना टाइगर रिजर्व से पिछले कुछ समय से लगातार बाघ शावकों के जन्म के ख़बरें आ रहीं हैं। पन्ना टाइगर रिजर्व में बाघ पुनर्स्थापना कार्यक्रम की ऐतिहासिक सफलता के चलते यहां जंगल के राजा बाघों का कुनबा तेजी से बढ़ रहा है। संकटग्रस्त बड़ी बिल्लियों (बाघों) के संरक्षण के लिहाज से यह अच्छी खबर है। पन्ना की खूबसूरत बाघिन टी-6 करीब 10 साल की उम्र में 6वीं बार माँ बनी है। इस बाघिन ने 4 शावकों को जन्म दिया है। अपनी माँ के साथ अठखेलियाँ करते और घास के मैदान में विचरण करते कैमरे में कैद हुए नवजात शावकों की आयु लगभग 2-3 माह बताई जा रही है। टाइगर ट्रैकिंग दल ने शुक्रवार 26 मार्च को पहली बार बाघिन और उसके नवजात शावकों की कुछ तस्वीरें उतारीं साथ ही वीडियो भी बनाए हैं।
पन्ना टाइगर रिजर्व के क्षेत्र संचालक उत्तम कुमार शर्मा ने जानकारी देते बताया कि पन्ना में बाघों को पुनः बसाने की योजना अंतर्गत वर्ष 2014 में बाघिन टी-6 को प्रदेश के पेंच टाइगर रिजर्व से पन्ना लाया गया था। तब इसकी आयु लगभग 3 वर्ष थी। महज 7 वर्ष की अवधि में 6वीं बार माँ बनीं बाघिन टी-6 ने पन्ना को अब तक कुल 17 बाघ शावक दिए हैं। बाघों की वंशवृद्धि इसका विशेष योगदान रहा है। श्री शर्मा ने बताया कि बाघिन टी-6 और उसके शावक पूरी तरह से स्वस्थ हैं। एक सवाल के जबाव में क्षेत्र संचालक ने कहा कि पन्ना टाइगर रिजर्व में वर्तमान बाघ शावकों की संख्या 20-25 है एवं सभी आयु वर्ग के बाघों की कुल संख्या 70 से ऊपर जा चुकी है। उल्लेखनीय है कि, वर्तमान में बाघों की फेज-4 की गणना जारी है। कुछ समय बाद इसके नतीजे आने पर बाघों की वास्तविक संख्या का पता चल जाएगा।