पन्ना में जेके सीमेंट 1850 करोड़ के अतिरिक्त निवेश से करेगा यूनिट विस्तार, 800 लोगों को मिलेगा रोजगार
* मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में खजुराहो में हुई निवेश संवर्धन पर मंत्रि-परिषद समिति की बैठक
पन्ना। राज्य में निवेश संवर्धन और रोजगार सृजन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बढ़ाते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने खजुराहो में मंगलवार 9 दिसंबर को निवेश संवर्धन पर मंत्रि-परिषद समिति की अहम बैठक ली। बैठक में 5 औद्योगिक इकाइयों के निवेश प्रकरणों को मंजूरी दी गई। साथ ही प्रदेश के जिलों में प्रस्तावित औद्योगिक परियोजनाओं को दी जाने वाली वित्तीय सुविधाओं के संबंध में अहम निर्णय लिए गए। बैठक में उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा, एमएसएमई मंत्री चैतन्य कश्यप, कौशल विकास एवं रोजगार राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गौतम टेटवाल, संस्कृति, पर्यटन, धार्मिक न्यास और धर्मस्व राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) धर्मेंद्र सिंह लोधी, मुख्य सचिव अनुराग जैन सहित प्रमुख अधिकारी उपस्थित रहे।
मंत्रि-परिषद समिति की बैठक में जेके सीमेंट कंपनी के निवेश प्रकरण पर चर्चा हुई। कंपनी वर्तमान में पन्ना जिले में 2600 करोड़ रुपये के इंटीग्रेटेड क्लिंकर और सीमेंट प्रोडक्शन प्रोजेक्ट पर काम कर रही है और 6 हजार से अधिक लोगों को रोजगार भी दे रही है। जेके सीमेंट भविष्य में 1850 करोड़ रूपये से अधिक के अतिरिक्त निवेश से यूनिट का विस्तार कर रही है, जिससे 800 लोगों को रोजगार मिलेगा।
रेड लाइट एरिया के पास नाले में युवक की लाश मिलने से फैली सनसनी
* मृतक के पन्ना निवासी होने की चर्चा, पुलिस ने पहचान को लेकर नहीं की आधिकारिक पुष्टि
पन्ना।(www.radadnews.in) जिले के देवेंद्रनगर क़स्बा के बाहरी इलाके में रेड लाइट एरिया के नजदीक राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक- 39 किनारे स्थित नाले में आज सुबह अज्ञात व्यक्ति का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से सनसनी फ़ैल गई। देखते ही देखते घटनास्थल के आसपास लोगों की भीड़ जमा हो गई। मौके पर पहुंची स्थानीय थाना पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना कर लोगों से पूछताछ की और वरिष्ठ अधिकारियों को शव मिलने की जानकारी दी गई। मृतक की आयु लगभग 30-32 वर्ष बताई जा रही है। घटना पर पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। अज्ञात मृतक की पहचान कथित तौर पर पन्ना निवासी सेन समाज के युवक रूप में होने की जनचर्चा है। हालांकि समाचार लिखे जाने तक युवक की शिनाख्ती (पहचान) के संबंध में पुलिस की ओर से आधिकारिक तौर पर पुष्टि नहीं हो सकी।
आज मंगलवार 9 दिसंबर की सुबह देवेन्द्रनगर की कंजर बस्ती में रहने वाले कुछ लोगों ने मुख्य सड़क किनारे स्थित नाले में जब एक युवक की लाश को पानी में तैरते हुए देखा तो जबरदस्त हड़कंप मच गया। तत्काल इसकी सूचना देवेंद्रनगर थाना पुलिस को दी गई। थाना प्रभारी रामहर्ष सोनकर ने हमराही बल के साथ मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का मुआयना किया। वरिष्ठ अधिकारियों को घटना की जानकारी देने के बाद पन्ना से पहुंची फॉरेंसिक टीम ने शव की फोटोग्राफी-वीडियोग्राफी कर स्थल की जांच की। तदुपरांत स्थानीय लोगों की मदद से शव को पानी से बाहर निकाला गया। आसपास के लोगों से पूछताछ कर पंचनामा कार्रवाई करने के बाद पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए ले गई। पुलिस की प्रारंभिक जांच-पड़ताल में युवक की न तो आधिकारिक तौर पर शिनाख्त हो सकी और ना ही उसकी मौत के कारणों का पता चल सका।
युवक को लेकर क्या है जनचर्चा
देवेंद्रनगर क़स्बा में शाम के समय अज्ञात मृतक को लेकर कई तरह की चर्चाएं रहीं। इनके अनुसार, मृतक पन्ना निवासी सेन जाति का युवक है। कथित तौर पर वह सोमवार की शाम देवेन्द्रनगर में किसी से व्यक्ति से रुपए लेने के लिए आया था। युवक की मौत को लेकर आशंका जताई जा रही है कि शायद उसने कंजर बस्ती में पहले अवैध शराब का सेवन किया और फिर वापस लौटते समय नशे की हालत में नाले गिरने से ठंडे पानी में डूबकर मर गया। युवक की मौत कैसे हुई इसका खुलासा आधिकारिक तौर पर मृतक की शिनाख्त तथा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद होने की बात कही जा रही है।
हीरा खदान ने खोली किस्मत: 20 दिन की मेहनत में लखपति बने 2 दोस्त

* 15 कैरेट वजन वाला उज्जवल किस्म का 70 लाख रुपए मूल्य का मिला हीरा
शादिक खान, पन्ना।(www.radarnews.in) अक्सर ही यह कहा जाता है, पन्ना की रत्नगर्भा वसुंधरा किसी को कभी भी रंक से राजा बना सकती है! ऐसा ही चमत्कार आज पन्ना में एकबार फिर से हुआ है। यहां महज 20 दिन पूर्व उथली हीरा खदान लगाने वाले दो दोस्तों को 15.34 कैरेट का बेशक़ीमती हीरा मिला है। उज्जवल किस्म (जैम क्वॉलिटी) के इस हीरे का अनुमानित बाजार मूल्य 70 लाख रुपए बताया जा रहा है। दोनों युवकों ने अपने हीरे को जिला हीरा कार्यालय पन्ना में जमा कराया है जिसे आगामी हीरों की नीलामी में बिक्री के लिए रखा जाएगा।
बता दें कि सतीश खटीक पिता मुन्ना खटीक 24 वर्ष ने अपने दोस्त साजिद मोहम्मद पिता नफीस मोहम्मद 23 वर्ष निवासी रानीगंज मोहल्ला पन्ना के साथ मिलकर हीरा कार्यालय से उथली खदान का पट्टा बनवाकर करीब 20 दिन पूर्व कृष्णा कल्याणपुर क्षेत्र में खदान लगाई थी। दोनों नवयुवकों की किस्मत आज अचानक उस समय चमक उठी जब उन्हें खदान में चमचमाता हुआ बड़े साइज का हीरा मिला। हीरा पाने की तमन्ना पूरी होने से दोनों दोस्तों की ख़ुशी देखते ही बनती है। आज दोपहर में दोनों ने हीरा कार्यालय पहुंचकर पारखी अनुपम सिंह से जांच एवं वजन कराने के पश्चात अपने हीरे को विधिवत जमा करा दिया।
अब धूमधाम से हो सकेगी बहनों की शादी
सतीश खटीक ने बताया कि वह अपने पिता के साथ बकरे की मटन की दुकान चलाता है और उसकी दो बहनें हैं जो आप शादी के लायक हो गई हैं और उसके दोस्त साजिद मोहम्मद की भी दो बहने हैं और वह अपनी पिता के साथ फ्रूट की दुकान में काम करता है। उसने बताया कि बहनों की शादी के लिए उन्हें पैसों की सख्त जरूरत थी जिसके चलते उन्होंने हीरा कार्यालय से पट्टा बनवाकर अपनी किस्मत आजमाई। संयोग से आज उन्हें पटी हीरा खदान क्षेत्र में चमचमाता हुआ15.34 कैरेट का जैम क्वालिटी का हीरा मिला। हीरा मिलने का एहसास इनके लिए मन मांगी मुराद पूरी हो होने जैसा है। सतीश ने बताया कि नीलामी से मिलने वाले पैसों को वह दोनों दोस्त बराबर बराबर बाटेंगे और उनसे अपनी बहनों की धूमधाम से शादी करेंगे। इसके बाद जो रुपए बचेंगे उनसे पुनः खदान लगाएंगे साथ ही अपने काम-धंधे को बढ़ाने पर खर्च करेंगे।
दादा ने भी आजमाई किस्मत मगर पोते को मिली सफलता

साजिद मोहम्मद बताते हैं कि उनके दादा मोहम्मद हबीब करीब 50 वर्षों तक अपनी किस्मत आजमाते रहे लेकिन उन्हें एक कैरेट का भी हीरा नहीं मिला। इसके बाद उनके पिता नफीस मोहम्मद ने भी करीब 20 साल तक उथली हीरा खदानें खोदी लेकिन हमेशा ही छोटे-मोटे हीरे ही मिले। दो पीढ़ियों की निराशा के बाद आज जब उसे 15.34 कैरेट का हीरा मिला तो परिवार में ख़ुशी की लहर दौड़ गई। वहीं जिला हीरा कार्यालय पन्ना के हीरा पारखी अनुपम सिंह ने बताया कि उक्त हीरा जैम क्वालिटी का है, जिसकी मार्केट में अच्छी डिमांड है। उन्होंने बताया कि इस हीरे को आगामी नीलामी में बिक्री के लिए रखा जाएगा। उल्लेखनीय है कि हाल ही में पन्ना डायमंड को जियो टैग मिलने के बाद और इस साल जमा होने वाले हीरों में यह अब तक का सबसे बड़ा हीरा है।
विधानसभा अध्यक्ष ने किया महाराजा छत्रसाल की प्रतिमा का अनावरण
पन्ना। महाराजा छत्रसाल की राजधानी एवं हीरा, तालाब और मंदिरों की नगरी पन्ना में धरम सागर तालाब के किनारे छत्रसाल जी की प्रतिमा का अनावरण गौरवशाली क्षण है। इस गरिमामयी कार्यक्रम में नगरवासी भी साक्षी बनकर उत्साहित हैं। मध्यप्रदेश के ऐतिहासिक स्थान के रूप में मान्यता प्राप्त पन्ना भगवान श्री जुगल किशोर की पावन स्थली तथा महाराजा छत्रसाल के गुरु प्राणनाथ की तपस्थली भी है। यह बात विधानसभा अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर ने शनिवार को पन्ना नगर के धरम सागर तालाब परिसर में महाराजा छत्रसाल की अष्टधातु की प्रतिमा के अनावरण कार्यक्रम में मुख्य अतिथि की हैसियत से कही। उन्होंने उपस्थितजनों को बधाई व शुभकामनाएं दीं। इस मौके पर विस अध्यक्ष का तलवार एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर आत्मीय स्वागत किया गया।
खजुराहो सांसद विष्णु दत्त शर्मा ने कहा कि यह कार्यक्रम मात्र प्रतिमा के अनावरण का कार्यक्रम नहीं है, बल्कि महाराजा छत्रसाल के संघर्ष को निरंतर स्मरण करने का अवसर भी है। कार्यक्रम को विधायक पन्ना बृजेन्द्र प्रताप सिंह एवं नपाध्यक्ष मीना पाण्डेय ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम में मुम्बई की प्लेबैक सिंगर इशिता विश्वकर्मा एवं शरद मलिक की टीम द्वारा गीत एवं भजनों की आकर्षक प्रस्तुति दी गई। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि, भाजपा नेता अधिकारी-कर्मचारी समेत गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
आपत्तिजनक टिप्पणी मामला: आक्रोशित कुर्मी-क्षत्रिय समाज ने राज्यपाल के नाम सौंपा ज्ञापन

* आरोपी मुरारी पाण्डेय के खिलाफ एनएसए के तहत कार्रवाई की मांग
* कार्रवाई न होने पर सड़कों पर उतरकर उग्र आंदोलन करने की चेतावनी
पन्ना।(www.radarnews.in) सोशल मीडिया पर पोस्ट किए गए एक आपत्तिजनक वीडियो को लेकर बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। वायरल वीडियो में मध्य प्रदेश के सागर जिले के एक युवक द्वारा कुर्मी-क्षत्रिय समाज को अपमानित करते हुए घोर आपत्तिजनक टिप्पणी की गई। सामाजिक सौहार्द को बिगाड़ने वाले असमाजिक तत्व के कृत्य पर कुर्मी-क्षत्रिय समाज में तीव्र आक्रोश व्याप्त है। जिसकी बानगी गुरुवार को पन्ना में देखने को मिली। आरोपी युवक के विरुद्ध तत्परता से कठोर कार्रवाई की मांग को लेकर कुर्मी-क्षत्रिय समाज के लोगों द्वारा कलेक्ट्रेट परिसर में जमकर नारेबाजी-प्रदर्शन करते हुए राज्यपाल के नाम नायब तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में कुर्मी समाज ने आरोपी के खिलाफ सुसंगत धाराओं समेत राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम (एनएसए) के तहत कार्रवाई करते हुए तत्काल गिरफ्तार करने मांग की गई। जातिगत विद्वेष फ़ैलाने से जुड़े इस गंभीर मामले में शीघ्रता से कठोर कार्रवाई न होने पर मध्य प्रदेश कुर्मी-क्षत्रिय समाज ने सड़कों पर उतरकर उग्र आंदोलन करने की चेतावनी दी है।
क्या है पूरा मामला
ज्ञापन के अनुसार, यह मामला 30 नवंबर 2025 को वायरल हुए एक वीडियो से जुड़ा है। आरोप है कि वीडियो में मुरारी पाण्डे पिता भगवत शरण उर्फ झुन्नी पाण्डे निवासी ग्राम मड़िया (संदई) तहसील एवं थाना रहली, जिला सागर ने करीब 6–7 मिनट के वीडियो में कुर्मी-क्षत्रिय समाज को निशाना बनाते हुए कथित रूप से कई बार जातिगत गालियां दी और बेहद अपमानजनक टिप्पणियां की। वीडियो में समाज के महापुरुषों के प्रति भी अत्यंत ही आपत्तिजनक एवं अमर्यादित भाषा का प्रयोग किया गया, जिससे समाज की भावनाएं आहत हुई हैं। विवादित वीडियो के वायरल होने के बाद से मध्य प्रदेश समेत पूरे देश के कुर्मी-क्षत्रिय समाज में गहरा रोष व्याप्त है।
एमपी में उपजा जबरदस्त तनाव

कुर्मी-क्षत्रिय समाज को अपमानित करने एवं जातिगत विद्वेष फैलाने की मंशा से जानबूझकर विवादित वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट करने के बाद से मध्यप्रदेश में तनावपूर्ण स्थिति निर्मित है। विशेषकर बुंदेलखंड अंचल में कुर्मी समाज के लोग जगह-जगह सड़कों पर उतरकर आंदोलन कर रहे हैं। इसी कड़ी में गुरुवार 4 दिसंबर को पन्ना जिला मुख्यालय में कुर्मी क्षत्रिय समाज के लोगों ने कलेक्ट्रेट परिसर में सांकेतिक विरोध-प्रदर्शन करते हुए राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा। सभी ने मेहनतकश एवं प्रगतिशील कुर्मी-क्षत्रिय समाज को अपमानित करने वाले कृत्य को घोर निंदनीय करार दिया है। कुर्मी-क्षत्रिय समाज के प्रदेश पदाधिकारी एवं वरिष्ठ अधिवक्ता रामभगत पटेल ने कहा कि सामाजिक सौहार्द को बिगाड़ने वाली इस घटना को गंभीरता से लेकर आरोपी युवक को एनएसए के तहत तत्काल गिरफ्तार किया जाए। अन्यथा की स्थिति में हमें सड़कों पर उतरने और धरना-प्रदर्शन करने के लिए विवश होना पड़ेगा। जिसकी सम्पूर्ण जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।
जातिगत अपमान बर्दाश्त नहीं

खजुराहो संसदीय क्षेत्र के पूर्व बसपा प्रत्याशी कमलेश भाई पटेल ने पत्रकारों से चर्चा में साफ़ शब्दों में कहा कि, जातिगत अपमान, समाज के महापुरुषों के अपमान को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि, सत्ताधारी दल का संरक्षण प्राप्त कुछ लोग बहुजन समाज की एकता से बौखलाए हुए हैं। इनकी कुंठा-बैचेनी बहुजन समाज के खिलाफ लगातार आपत्तिजनक टिप्पणी के रूप में सामने आ रही है। जिससे समाज में नफरत और आक्रोश फ़ैल रहा है। पूर्व सैनिक एवं ओबीसी महासभा के पन्ना विधानसभा अध्यक्ष परशराम पटेल ने आरोपी मुरारी पांडेय के कृत्य की कड़ी निंदा है। उन्होंने मांग की है आरोपी के विरुद्ध कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए ताकि भविष्य में इस तरह के मामलों की पुनरावृत्ति न हो। ज्ञापन सौंपने वालों में मुख्य रूप से ओबीसी महासभा जिलाध्यक्ष रामभगत कुशवाहा, एडवोकेट प्रमोद पटेल, एडवोकेट शैलेष विश्वकर्मा, संजय पटेल, शंकर पटेल, कमलेश पटेल बाबाजी, नंदकिशोर पटेल, नंदकिशोर अहिरवार सहित बड़ी संख्या में कुर्मी-क्षत्रिय समाज तथा अन्य समाज के लोग शामिल रहे।
पन्ना टाइगर रिजर्व की हथिनी अनारकली का अनोखा रिकार्ड, पहली बार “जुड़वा बच्चों” को दिया जन्म
* नन्हें मेहमानों के आने से पार्क समेत वन्यजीव प्रेमियों में ख़ुशी का माहौल
* पन्ना में वनराज के साथ-साथ गजराज का भी लगातार बढ़ रहा कुनबा
पन्ना। (www.radarnews.in) बाघों के लिए प्रसिद्ध मध्य प्रदेश के पन्ना टाइगर रिज़र्व में बाघों के साथ-साथ हांथियों का कुनबा भी लगातार बढ़ रहा है। यहां की हथिनी अनारकली (57 वर्ष) ने एक साथ दो मादा बच्चों को जन्म दिया है। समान्य तौर पर हथिनी एक ही बच्चे को जन्म देती है,लेकिन पन्ना टाइगर रिज़र्व के इतिहास में यह पहला अवसर है जब किसी हथिनी ने लगभग साढ़े 3 घण्टे के अंतराल में दो बच्चों को जन्म दिया है। गजराज फैमिली में नन्हे मेहमानों के आने से पन्ना टाइगर रिज़र्व समेत वन्यजीव प्रेमियों में खुशी का माहौल है। दो नए मेहमानों के आने के बाद पीटीआर (Panna Tiger Reserve) में हांथियों के कुनबे की सदस्य संख्या बढ़कर 21 हो गई है।
लगभग 3 घंटे के अंतराल में जन्मे जुड़वा बच्चे
पन्ना पार्क के वन्य प्राणी चिकित्सक डॉ. संजीव कुमार गुप्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि हथिनी अनारकली ने शुक्रवार 22 नवंबर 2025 को दोपहर 2 बजकर 20 मिनिट पर खैरईया में अपने पहले बच्चे को जन्म दिया। प्रसव के उपरांत हथिनी नन्हे बच्चे को वहां से लेकर हिनौता स्थित हांथी कैम्प पहुंची और यहां पर शाम 5 बजकर 50 मिनिट पर दूसरे बच्चे को जन्म दिया। दोनों नवजात बच्चे व मां पूरी तरह से स्वस्थ हैं। डॉ. गुप्ता ने एक सवाल के जवाब में बताया कि इसके पूर्व उन्होंने न तो कहीं देखा और न ही सुना कि किसी हथिनी ने एक साथ दो बच्चों को जन्म दिया है। पन्ना में यह अजूबा पहली बार देखने को मिला है। जबकि कुछ जानकारों का दावा है, मध्य प्रदेश में ऐसा पहली बार हुआ है, जब किसी हथिनी ने जुड़वा बच्चे जन्में हैं।
मां और नवजात बच्चों की निगरानी के लिए स्टॉफ तैनात
डॉक्टर गुप्ता ने बताया कि हथिनी व उसके नन्हे बच्चों की सतत देखरेख के साथ विशेष भोजन की व्यवस्था की गई है। हथिनी को दलिया, गुड, गन्ना तथा शुद्ध घी से निर्मित लड्डू खिलाये जा रहे हैं ताकि दोनों नन्हे शिशुओं को पर्याप्त दूध मिल सके। हथनी व उसके शिशुओं की देखरेख व निगरानी के लिए स्टॉफ को तैनात किया गया। गौरतलब है कि पन्ना टाईगर रिजर्व में वनराज व गजराज दोनों के ही कुनबे में लगातार वृद्धि हो रही है, यह निश्चित ही वन्यजीव और पर्यावरण संरक्षण की दृष्टि से एक शुभ संकेत है।
न्यायालय का फैसला : नाबालिग से बलात्कार करने वाले आरोपी को आजीवन कारावास एवं जुर्माना
पन्ना। (www.radarnews.in) विशेष न्यायाधीश (पॉस्को एक्ट) जिला पन्ना अरविन्द कुमार शर्मा ने नाबालिग आदिवासी किशोरी का अपहरण कर उसके साथ कई बार बलात्कार करने के मामले में अभियुक्त मोहम्मद याकूब को दोषसिद्ध पाते हुए कठोर आजीवन कारावास एवं अर्थदंड से दण्डित किया है। न्यायालय द्वारा पारित निर्णय में अभियुक्त याकूब को धारा 37(2)(एन) आईपीसी में 20 वर्ष का कठोर कारावास 7,000/- रूपए का अर्थदण्ड, धारा 363 आईपीसी में 05 वर्ष का कठोर कारावास 3,000 रूपए अर्थदण्ड, धारा 344 आईपीसी में 01 वर्ष कठोर कारावास 1,000/- रूपए अर्थदण्ड एवं धारा 3(1)(डब्लू)(2) एससी/एसटी में 3 वर्ष का कठोर कारावास 5,000/- रूपए अर्थदण्ड व धारा 3(2)(व्ही) एससी/एसटी में आजीवन कारावास एवं 10,000/- रूपए अर्थदण्ड से दण्डित किया गया।
सहायक जिला लोक अभियोजन अधिकारी पन्ना ऋषिकांत द्विवेदी ने अभियोजन के मामले की जानकारी देते हुए बताया कि बृजपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत दिनांक 09 जनवरी 2024 एक नाबालिग युवती दोपहर लगभग 2 बजे राशन लेने घर से उचित मूल्य दुकान के लिए निकली थी। लेकिन वह वापस नहीं लौटी। रात्रि में लगभग 8 बजे जब उसका पिता घर पहुंचा तो वहां बेटी को ना पाकर उसने पत्नी से पूंछा। पत्नी ने बताया कि बेटी का कोई पता नहीं चल रहा है। उसका मोबाइल फोन भी बंद है। पिता ने दिनांक 09 से 16 जनवरी 2024 तक लापता बेटी की अपने स्तर पर रिश्तेदारी सहित आसपास काफी खोजबीन की लेकिन कोई पता नहीं चलने से चिंतित पिता द्वारा थकहार कर बेटी की गुमशुदगी की सूचना बृजपुर पुलिस थाना में दी गई। पुलिस द्वारा प्रथम सूचना रिपोर्ट दर्ज कर प्रकरण विवेचना में लिया गया।
विवेचना के दौरान पीड़िता को दिनांक 31 जनवरी 2024 को फतेहगंज से दस्तयाब किया गया। पूछताछ कर पीड़िता के बयान दर्ज किए गए। पीड़िता ने बताया कि अभियुक्त ने उसे कमरे में बंद रखकर उसकी इच्छा के विरूद्ध एवं सहमति के बिना कई बार गलत काम किया। प्रकरण संपूर्ण विवेचना उपरांत अभियुक्त के विरूद्ध अभियोग पत्र न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया। इस प्रकरण का विचारण विशेष न्यायाधीश (पाॅक्सो एक्ट) जिला पन्ना के न्यायालय मे प्रकरण का विचारण हुआ। अभियोजन द्वारा साक्ष्य को क्रमबद्ध तरीके से लेखबद्ध कराकर न्यायालय के समक्ष आरोपी के विरूद्ध अपराध को संदेह से परे प्रमाणित किया तथा आरोपी के कृत्य को गंभीरतम श्रेणी का मानते हुये कठोर से कठोरतम दंड से दंडित किया जाने का अनुरोध किया। अभिलेख पर आए साक्ष्य, अभियोजन के तर्को एवं न्यायिक दृष्टांतो से सहमत होते विद्वान न्यायाधीश श्री अरविन्द कुमार शर्मा ने अभियुक्त मोहम्मद याकूब को कठोर आजीवन कारावास एवं अर्थदण्ड से दण्डित किया है। इस मामले में शासन की ओर से पैरवी सहायक जिला लोक अभियोजन अधिकारी मानवेन्द्र सिंह द्वारा की गई।
पन्ना जिले में 41 केंद्रों पर 01 दिसम्बर से 20 जनवरी तक होगी समर्थन मूल्य पर धान खरीदी
* धान कॉमन का न्यूनतम समर्थन मूल्य 2 हजार 369 रूपए प्रति क्विंटल निर्धारित
पन्ना। खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 में न्यूनतम समर्थन मूल्य पर धान उपार्जन के लिए जारी निर्देशों के अनुक्रम में पन्ना जिले में तहसीलवार कुल 41 उपार्जन केन्द्र बनाए गए हैं। कलेक्टर ऊषा परमार ने सहायक आयुक्त सहकारिता एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक पन्ना के संयुक्त हस्ताक्षर से प्राप्त सूची अनुसार पात्र समितियों के प्रस्ताव तथा जिला उपार्जन समिति की अनुशंसा के आधार पर इन उपार्जन केन्द्रों का निर्धारण किया है।
यहां बनाए उपार्जन केन्द्र
पन्ना तहसील में पैक्स गोदाम बृजपुर, अर्चना वेयरहाउस कृष्णा कल्याणपुर, विवेक श्रीवास्तव वेयरहाउस लक्ष्मीपुर, ज्योति कटेहा वेयरहाउस जरूआपुर, समिति प्रांगण सिलधरा एवं बराछ को उपार्जन केन्द्र बनाया गया है। इसी तरह देवेन्द्रनगर तहसील अंतर्गत मध्यप्रदेश वेयरहाउस एण्ड लॉजिस्टिक कॉर्पोरेशन गोदाम बड़ागांव, कृषि उपज मंडी प्रांगण देवेन्द्रनगर, आयद बिल्डिकॉन वेयरहाउस प्रांगण सिलगी, समिति प्रांगण श्यामरडाडा एवं पैक्स गोदाम ककरहटी, गुनौर तहसील में पाठक वेयरहाउस गुनौर 1 एवं 2, गोपालजी वेयरहाउस डिघौरा, बागरी वेयरहाउस अमरी, गोपालजी वेयरहाउस डिघौरा, कृषि उपज मंडी गुनौर एवं समिति प्रांगण मुड़वारी, अमानगंज तहसील में रावत वेयरहाउस अमानगंज, नर्मदा वेयरहाउस पगरा 1 एवं 2, माया गौतम वेयरहाउस महेबा, मार्कफेड गोदाम कृषि उपज मंडी अमानगंज, कांक्रीट प्रांगण तारा झरकुआं एवं कृष्णा वेयरहाउस अमानगंज, पवई तहसील में कृषि उपज मंडी पवई एवं गोपालजी वेयरहाउस पवई, सिमरिया तहसील में समिति प्रांगण सिमरिया मंडी, श्रीराम वेयरहाउस मोहन्द्रा, आशीर्वाद वेयरहाउस प्रांगण रैकरा एवं पैक्स गोदाम मंडी सिमरिया, रैपुरा तहसील में रावतपुरा वेयरहाउस मनगुवां, कृषि उपज मंडी रैपुरा एवं समिति प्रांगण मलघन, शाहनगर तहसील में समिति प्रांगण बिसानी एवं पैक्स गोदाम प्रांगण शाहनगर तथा अजयगढ़ तहसील में समिति प्रांगण बहादुरगंज, ग्राम पंचायत धरमपुर, ग्राम सलैया ग्राम पंचायत बरियारपुर कुर्मियान, समिति प्रांगण मझगांय एवं ओपेन कैप राजापुर को उपार्जन केन्द्र बनाया गया है। मोटा अनाज ज्वार एवं बाजरा के उपार्जन के लिए जिले में एकमात्र केन्द्र अजयगढ़ तहसील अंतर्गत समिति प्रांगण मझगांय में निर्धारित है।
तौल पर्ची शाम 6 बजे तक जारी करना अनिवार्य
उल्लेखनीय है कि शासन के निर्देशानुसार आगामी एक दिसम्बर से 20 जनवरी तक धान उपार्जन का कार्य संचालित होगा, जबकि ज्वार एवं बाजरा उपार्जन की अवधि 24 नवम्बर से 24 दिसम्बर तक निर्धारित है। उपार्जन कार्य सोमवार से शुक्रवार सुबह 8 बजे से रात्रि 8 बजे तक किया जाएगा। कृषक तौल पर्ची शाम 6 बजे तक जारी करना अनिवार्य है। शनिवार एवं रविवार को खाद्यान्न परिवहन, भण्डारण, लेखा मिलान तथा अस्वीकृत स्कंध के अपग्रेडेशन व वापिसी की कार्यवाही की जाएगी। धान कॉमन का न्यूनतम समर्थन मूल्य 2 हजार 369 रूपए प्रति क्विंटल निर्धारित है।
बड़ी खबर : प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश पन्ना को रिटायरमेंट से 10 दिन पूर्व हाईकोर्ट ने किया निलंबित
* विशेष न्यायाधीश प्रदीप कुशवाहा को मिला प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश का अतिरिक्त प्रभार
पन्ना।(www.radarnews.in) मध्य प्रदेश उच्च न्यायालय, जबलपुर से बड़ी खबर आई है! उच्च न्यायलय ने पन्ना जिले के प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश राजाराम भारतीय को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। हाईकोर्ट की वेबसाइट पर उपलब्ध न्यायाधीशों की ग्रेडेशन लिस्ट (पदक्रम सूची) के क्रमांक-16 में दर्ज न्यायाधीश श्री भारतीय के नाम के नीचे लाल स्याही से अंडर सस्पेंशन अंकित है। वेबसाइट में दर्ज जानकारी अनुसार उन्हें बुधवार 19 नवंबर 2025 को निलंबित किया गया है।

मध्य प्रदेश उच्च न्यायालय, जबलपुर के रजिस्ट्रार जनरल द्वारा आज गुरुवार 20 नवम्बर को एक आदेश जारी कर पन्ना के विशेष न्यायाधीश प्रदीप कुशवाहा को अपने कर्तव्यों के अतिरिक्त प्रभारी प्रधान एवं जिला न्यायाधीश, पन्ना के रूप में अस्थाई तौर पर नियुक्त किया गया है।

उल्लेखनीय है कि पन्ना जिले प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश राजाराम भारतीय को इसी महीने सेवानिवृत होना था। सेवानिवृत्त होने से 10 दिन पूर्व न्यायाधीश श्री भारतीय को हाईकोर्ट जबलपुर द्वारा तत्काल प्रभाव से निलंबित किये जाने के कारण की आधिकारिक तौर पर जानकारी नहीं मिल सकी। हालांकि निलंबन की कार्रवाई को लेकर अधिवक्ताओं और प्रशासनिक अधिकारियों के बीच दबी जुबान कई तरह की चर्चाएं चल रही हैं।




ज्ञापन लेख है कि, अन्य पिछड़ा वर्ग को सामाजिक सुरक्षा एवं संवैधानिक संरक्षण प्रदान करने हेतु “पिछड़ा वर्ग अत्याचार निरोधक अधिनियम” को लागू किया जाए, जिससे इस वर्ग के सामाजिक, आर्थिक राजनीतिक अधिकारों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके। आईएएस संतोष वर्मा जी ने अपने समूचे प्रशासनिक जीवन में सामाजिक न्याय, समान अवसर और पिछड़े वर्गों की आवाज़ को मजबूती से उठाने का कार्य किया है। वर्तमान विवाद में उनके वक्तव्य को वास्तविक संदर्भ से हटाकर देखा गया जिससे एक समर्पित अधिकारी की छवि प्रभावित हुई है। ओबीसी महासभा की मांग है कि उनके समग्र सेवा रिकॉर्ड, सामाजिक योगदान और सकारात्मक कार्यों को ध्यान में रखते हुए उन्हें निष्पक्ष सुनवाई व प्राकृतिक न्याय का पूर्ण अवसर प्रदान किया जाए। किसी भी अधिकारी के विरुद्ध कार्रवाई तथ्यों के आधार पर होनी चाहिए, न कि दबाव या आंशिक व्याख्या के आधार पर। ज्ञापन में मांग की गई है कि श्री वर्मा जी को न्याय दिया जाए।
ओबीसी महासभा जिला अध्यक्ष पन्ना राम भगत कुशवाहा के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में मुख्य रूप से जयस जिला अध्यक्ष मुकेश गौंड़, एडवोकेट शैलेष विश्वकर्मा, सोनेलाल प्रजापति, राजकुमार कुशवाहा, नत्थू यादव, संगीता पटेल, सुनील टाइगर जिला अध्यक्ष भीम आर्मी, देवीदीन कुशवाहा परशुराम पटेल विधानसभा अध्यक्ष ओबीसी महासभा पन्ना नंदकिशोर अहिरवार, बृजेश रैकवार सहित अन्य लोग शामिल रहे।





