अंतर्राष्ट्रीय साक्षरता दिवस पर डाइट पन्ना में आयोजित कार्यक्रम में उत्कृष्ट कार्य के लिए अक्षर साथियों एवं नोडल अधिकारियों को सम्मानित किया गया।
* अंतर्राष्ट्रीय साक्षरता दिवस पर डाइट पन्ना में आयोजित हुआ कार्यक्रम
शादिक खान, पन्ना। (www.radarnews.in) राज्य शिक्षा केंद्र भोपाल के निर्देशानुसार 1 सितंबर से 8 सितंबर तक साक्षरता सप्ताह मनाया गया। इसी क्रम में 8 सितंबर 2023 को अंतर्राष्ट्रीय साक्षरता दिवस के उपलक्ष्य पर जिला साक्षरता मिशन प्राधिकरण पन्ना के तत्वाधान में नवभारत साक्षरता कार्यक्रम के तहत जिला स्तरीय समारोह स्थानीय डाइट सभागार में आयोजित किया गया। कार्यक्रम मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत पन्ना संघ प्रिय (IAS) के मार्गदर्शन में आयोजित हुआ। जिसमें प्राचार्य शासकीय छत्रसाल स्नातकोत्तर महाविद्यालय पन्ना हरि शंकर शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला शिक्षा अधिकारी पन्ना सूर्य भूषण मिश्रा ने की। प्राचार्य श्री शर्मा ने अपने उद्बोधन में साक्षरता की आवश्यकता एवं महत्ता के बारे में सारगर्भित विचार व्यक्त किए। साथ ही नवभारत साक्षरता कार्यक्रम में शामिल सभी विभागों से, राष्ट्रीय महत्व के इस कार्यक्रम में अपना योगदान देने की अपील की। कार्यक्रम में जिला शिक्षा अधिकारी सूर्य भूषण मिश्रा मिश्रा, डाइट प्राचार्य रवि प्रकाश खरे, डीपीसी पन्ना अजय कुमार गुप्ता, विकासखंड शिक्षा अधिकारी पन्ना श्री मिश्रा एवं सहायक यंत्री अरविंद सिंह गौर ने अपने विचार व्यक्त किये।
अंतर्राष्ट्रीय साक्षरता दिवस पर जिला साक्षरता मिशन प्राधिकरण पन्ना के तत्वाधान में नवभारत साक्षरता कार्यक्रम के तहत जिला स्तरीय समारोह आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में जिला प्रौढ़ शिक्षा अधिकारी रमाकांत खरे एवं जिला सह समन्वयक शरद श्रीवास्तव द्वारा साक्षरता कार्यक्रम के क्रियान्वयन के बारे में विस्तृत विवरण प्रस्तुत किया गया। कार्यक्रम के सफल संचालन में सत्येंद्र सिंह एपीसी, बीआरसी पन्ना डॉ. कविता त्रिवेदी, बीएसी रवि डनायक, कुलदीप त्रिवेदी, विजय मिश्रा, विजय शर्मा, आशीष खरे, महेंद्र तिवारी, चंद्रिका पांडे, संजय खरे रक्सेहा, संजय जैन, संजय खरे कुंजवन, वैभव मिश्रा, घनश्याम सेन की महत्वपूर्ण भूमिका रही। कार्यक्रम में जिले में कार्य करने वाले अक्षर साथियों एवं नोडल अधिकारियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन भानुप्रकाश खरे व्याख्याता डाइट द्वारा किया गया।
* खनिज मंत्री ने तीर्थ यात्रियों को पुष्पहार पहनाकर यात्रा मंगलमय होने की दी शुभकामनाएं
पन्ना। (www.radarnews.in) मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के तहत पन्ना जिले के वरिष्ठ नागरिक रामेश्वरम की तीर्थ यात्रा के लिए आज बस से सड़क मार्ग द्वारा सतना रवाना हुए। खनिज साधन एवं श्रम मंत्री बृजेन्द्र प्रताप सिंह ने तीर्थ यात्रियों की बस को स्थानीय टाउन हॉल से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान यात्रियों का माला पहनाकर स्वागत किया गया और सकुशल तीर्थ यात्रा की शुभकामनाएं दी गईं। तीर्थ यात्री सतना से ट्रेन द्वारा रामेश्वरम की यात्रा के लिए रवाना हुए। यात्रा उपरांत बुजुर्ग तीर्थ यात्री 13 सितम्बर को ट्रेन द्वारा वापस सतना रेलवे स्टेशन पहुंचेंगे। यात्रा के दौरान यात्रियों की सहायता के लिए अनुरक्षक भी भेजे गए हैं। उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना में निःशुल्क तीर्थ यात्रा के लिए प्राप्त 665 आवेदनों में से गत दिनों लॉटरी के माध्यम से 74 तीर्थ यात्रियों का चयन किया गया था।
पवित्र नगरी पन्ना में निकली श्री कृष्ण-बलराम शोभायात्रा में उमड़े श्रद्धालु।
* शोभायात्रा का जगह-जगह हुआ स्वागत, संकल्प गार्डन में हुआ मंचीय कार्यक्रम
शादिक खान, पन्ना। (www.radarnews.in) मध्यप्रदेश के पवित्र पन्ना में हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी भगवान श्री कृष्ण-बलराम जी की शोभायात्रा का भव्य आयोजन किया गया। शुक्रवार 8 सितंबर को दोपहर 12 बजे श्री जुगल किशोर मंदिर प्रांगण से शोभायात्रा प्रारंभ हुई जो नगर के मुख्य मार्गों से होते हुए संकल्प गार्डन पहुंची। जहां मंचीय कार्यक्रम आयोजित हुआ। इस दौरान जगह-जगह नगर के गणमान्य नागरिकों के द्वारा पुष्पवर्षा कर स्वागत किया गया। साथ ही स्वल्पाहार की व्यवस्था की गई थी।
शोभायात्रा में अखिल भारतवर्षीय यादव महासभा के प्रदेश अध्यक्ष जगदीश सिंह यादव, श्याम सुदंर यादव एमएलसी पूर्व झांसी, पूर्व राज्य मंत्री ललिता यादव, पूर्व राज्यमंत्री लक्ष्मी यादव, शिव शंकर यादव पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष चित्रकूट, पुष्पेंद्र यादव जिला पंचायत सदस्य व युवा प्रदेश अध्यक्ष, राजकुमार सेसई प्रदेश अध्यक्ष वीर अहीर निर्माण सेना, वीरेंद्र यादव झांसी, अवधेश यादव जिला अध्यक्ष पिछड़ा वर्ग, पप्पू यादव खजुराहो, बाबूलाल यादव बुंदेलखंड विकास प्राधिकरण के पूर्व उपाध्यक्ष, नत्थू सिंह यादव जिला अध्यक्ष अखिल भारतवर्षीय यादव महासभा, जानकी यादव महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष, कृष्ण पाल सिंह यादव, शिवकुमार पप्पू यादव, राजेंद्र सिंह यादव, रुद्र प्रताप सिंह यादव सिमरिया, बलीराम यादव दनवारा, पुष्पेन्द्र सिंह यादव, गजराज सिंह यादव, प्रीतम सिंह यादव सरपंच पिरवाह, प्रवीण यादव अमानगंज, बृजमोहन सिंह यादव, दशरथ सिंह यादव, रामप्रसाद यादव उर्फ बंदू सरपंच, महेंद्र यादव विद्यार्थी, बबलू कल्पना यादव, मीना यादव, आस्था यादव, पप्पू यादव, वीरेन्द्र सिंह यादव, सुनील यादव एवं लक्ष्मी यादव सहित सैकड़ो की संख्या में यादव समाज के गणमान्य नागरिक एवं जनप्रतिनिधियों सहित हजारों की संख्या में युवा, बुजुर्ग एवं माताएं- बहनें शामिल हुई।
श्री कृष्ण-बलराम शोभा यात्रा में सामाजिक एकता एवं भाईचारा की अनोखी झलक देखने को मिली। आगे-आगे समाज के वरिष्ठ एवं गणमान्य नागरिक पीछे युवा एवं महिलाएं चल रहीं थी। इस दौरान ढोल नगाड़ों एवं डीजे की धुन में युवाओं के साथ-साथ बुजुर्ग भी थिरकते देखे गए। लोगों में खासा उत्साह देखा गया। पन्ना नगर में दिनभर भगवान श्री कृष्ण बलराम के जयकारे गूंजते रहे। मंचीय कार्यक्रम के दौरान अतिथियों के सम्मान उपरांत वक्ताओं के द्वारा अपने उद्बोधन में समाज की शिक्षा, नशा मुक्ति, सामाजिक उत्थान, एकता और भाईचारा के लिए जागरुक किया गया।
भारत जोड़ो यात्रा की प्रथम वर्षगांठ के अवसर पर पन्ना जिला मुख्यालय के गांधी चौक से नगर में पदयात्रा पर रवाना होते कांग्रेसजन।
* भारत जोड़ो यात्रा की प्रथम वर्षगांठ पर कांग्रेस पार्टी ने पन्ना में निकाली विशाल पदयात्रा
* प्रदेश सह प्रभारी सीपी मित्तल, जिला प्रभारी जीवन पटेल एवं जिला सह प्रभारी प्रवीण खरे हुए शामिल
शादिक खान, पन्ना। (www.radarnews.in) कांग्रेस पार्टी के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी की ऐतिहासिक भारत जोड़ो यात्रा को एक साल पूरा हो गया। इसकी पहली वर्षगांठ पर गुरूवार 7 सितंबर 2023 को पन्ना जिला मुख्यालय में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पैदल मार्च निकाला। इस मौके पर कांग्रेस प्रदेश सह प्रभारी सीपी मित्तल ने कहा कि हर मोर्चे पर विफल रही भारतीय जनता पार्टी की मध्यप्रदेश सरकार और केन्द्र की मोदी सरकार सत्ता में काबिज रहने के लिए लोगों को धर्म-जाति आदि के नाम पर लड़ा रही है। भाजपा के नेता समाज में नफरत फैला रहे हैं। ऐसे माहौल में देश की एकता-अखंडता और आपसी भाईचारे-सौहार्द को अक्षुण्य बनाए रखने का संदेश जन-जन को देने के लिए कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने आज से साल भर पूर्व कन्याकुमारी से कश्मीर तक भारत जोड़ो यात्रा निकाली थी। 136 दिन तक चली इस यात्रा के दौरान सांसद राहुल गांधी के साथ कदम से कदम मिलाते हुए हजारों पदयात्रियों ने चार हजार एक सौ किलोमीटर की लंबी यात्रा तय की थी। इस यात्रा को पूरे देश में अभूतपूर्व जनसमर्थन मिला था। यह अपार जनसमर्थन कुछ और नहीं बल्कि नफरत को हारने के लिए मोहब्बत का समर्थन था। भारत जोड़ो यात्रा से कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने भारत के सदियों पुराने महान विचार “वसुधैव कुटुंबकम” का प्रसार किया है। जिसे पूरे देश-दुनिया में सराहा गया है।
गांधी और आंबेडकर की प्रतिमा को किया नमन
भारत जोड़ो यात्रा की प्रथम वर्षगाँठ के उपलक्ष्य पर पन्ना में स्थानीय गांधी चौक पर शाम के समय कांग्रेसजन एकत्र हुए। जहां राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर नमन किया गया। तदुपरांत रिमझिम बारिश के बीच विशाल पदयात्रा निकाली गई। आसन्न विधानसभा चुनाव के मद्देनजर जिले की तीनों विधानसभा सीटों से टिकिट दावेदारी कर रहे जिले भर के कांग्रेस नेता इस कार्यक्रम में शामिल होने के लिए अपने समर्थकों को लेकर बड़ी तादाद में चार पहिया वाहनों से पन्ना पहुंचे थे। इस दौरान कांग्रेस के प्रदेश सह प्रभारी सीपी मित्तल, जिला प्रभारी जीवन पटेल, जिला सह प्रभारी प्रवीण खरे तथा जिला कांग्रेस अध्यक्ष शिवजीत सिंह मुख्य रूप से उपस्थित रहे। गांधी चौक से प्रारंभ हुई पदयात्रा (रैली) में शामिल कांग्रेसजन पैदल मार्च करते हुए नफरत छोड़ो-भारत जोड़ो का नारा लगाते चल रहे थे। कांग्रेस की रैली महेन्द्र भवन चौराहा, अजयगढ़ चौराहा, बडा बजार, गोविन्द चौक, बल्देव चौक, कटरा बजार, कोतवाली चौराहा, छत्रसाल पार्क, कुमकुम टॉकीज होते हुए वापस गांधी चौक पहुंचकर समापन हुआ। इसके पूर्व कोतवाली चौराहा पर बाबा साहब डॉक्टर भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर नमन किया गया।
पदयात्रा में ये रहे शामिल
पदयात्रा के दौरान कांग्रेसजनों ने नफरत छोड़ो-भारत जोड़ो का नारा लगाकर सबको मोहब्बत का सन्देश दिया।
नगर में निकाली गई पदयात्रा में कांग्रेसियों ने नफरत को हारने के लिए लोगों को मोहब्बत का सन्देश दिया। पदयात्रा में प्रमुख रूप से पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष श्रीमती दिव्यारानी सिंह, श्रीमती शारदा पाठक, विधायक शिवदयाल बागरी, पूर्व विधायक श्रीकांत दुबे, पूर्व विधायक फुन्दर चौधरी, पूर्व विधायक महेन्द्र बागरी, वरिष्ठ नेता रविन्द्र शुक्ला, कोषाध्यक्ष मनोज केशरवानी, पूर्व नगर पालिका उपाध्यक्ष पुष्पेन्द्र सिंह परमार, भरत मिलन पाण्डेय, रावेन्द्र प्रताप सिंह मुन्ना राजा, अरूणपाल सिंह, दादूराम मिश्रा, अक्षय तिवारी, महेन्द्र लोधी, भभूत सिंह, बबलू गौतम, पिछड़ा वर्ग अध्यक्ष राज बहादुर पटेल, श्रीकांत दीक्षित, संगठन मंत्री पवन जैन, अनिल तिवारी, पूर्व जिला पंचायत सदस्य केशव प्रताप सिंह, गिरधारी लाल लोधी, दीपचन्द्र अग्रवाल, मार्तण्ड देव बुन्देला, महिला कांग्रेस अध्यक्ष जीराबाई पटेल, श्रीमती देवकी प्रजापति, सेवादल अध्यक्ष रामबहादुर द्विवेदी, जीवनलाल सिद्धार्थ, जगतपाल सिंह, मुरारी लाल थापक, पुरुषोत्तम जड़िया, हसीर रिंकू खान, श्रीमती मीना यादव, बृजमोहन यादव, मृगेन्द्र सिंह गहरवार, राम किशोर मिश्रा, बाला लोधी, शिवप्रकाश दीक्षित, जीतेन्द्र जाटव, शशिकांत दीक्षित, भूपेन्द्र सिंह, जयराम यादव, जन्मजेय अरजरिया, नृपेन्द्र सिंह, वैभव थापक, रेहान मोहम्मद, आनन्द शुक्ला, मुख्त्यार बेग, पुरषोत्तम पिड़हा, राहत अली, राकेश शर्मा, फैज खान, फैयाज खान, मनोज सेन, सरदार यादव, सच्चिदानन्द शर्मा, हीरा सिंह डिघौरा, इन्द्रमणि गर्ग, मनीष मिश्रा, अभिषेक चौरसिया, दीपक तिवारी, जुबेर खान, बालकिशोर शर्मा सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल रहे। उक्त कार्यक्रम के संयोजक युवा नेता अंकित शर्मा रहे।
बस के क्लीनर (आदिवासी युवक) को निर्वस्त्र करने के बाद उसे बेरहमी से पीटते हुए दबंग युवक। (सीसीटीव्ही फुटेज का स्क्रीन शॉट)
* बस में लगे सीसीटीव्ही कैमरों के फुटेज घटना के साक्ष्य के तौर पुलिस ने प्राप्त किए
* छह आरोपी जेल दाखिल एवं नाबालिग आरोपी बाल संप्रेषण गृह भेजा गया
पन्ना। (www.radarnews.in) आदिवासी बस क्लीनर को निर्वस्त्र कर बेरहमी से पीटने की अमानवीय घटना के सामने आने पर मचे बवाल के बीच पुलिस ने मामले में पूर्व से दर्ज आपराधिक प्रकरण में अनुसूचित जाति-अनुसूचित जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम की धाराओं का इजाफा किया है। प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्परता से कार्रवाई कर सभी 7 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। जिन्हें बुधवार 6 सितंबर कोर्ट में पेश किया गया। न्यायालय के आदेश पर छह बालिग़ आरोपियों को पुलिस के द्वारा न्यायिक अभिरक्षा पन्ना जिला जेल में दाखिल कराया गया। जबकि एक नाबालिग आरोपी को बाल संप्रेषण गृह छतरपुर भेज दिया गया है। इस बहुचर्चित घटनाक्रम से संबंधित अहम साक्ष्य के तौर पर बस में लगे सीसीटीव्ही कैमरों के फुटेज को पुलिस ने प्राप्त कर अपने पास सुरक्षित कर लिया है।
उल्लेखनीय है कि, गुजरात के सूरत से रीवा के लिए चलने वाली श्री महामाया बस 3 सितंबर की सुबह करीब 3 बजे जब मध्यप्रदेश के पन्ना जिले के गुनौर थाना क्षेत्र अंतर्गत शंकरगढ़ तिराहा पहुंची तो वहां पहले से मौजूद आधा दर्जन से अधिक युवकों द्वारा चालक, परिचालक क्लीनर एवं यात्रियों के साथ लाठी-डंडों, लात-घूंसों से मारपीट की गई थी। बस में मनचाही सीट न मिलने को लेकर हुए विवाद में यात्री साजुल सिंह परमार और उसके दोस्तों ने आदिवासी क्लीनर को निर्वस्त्र कर बड़ी ही बेरहमी से पीटा था। पूरा घटनाक्रम बस में लगे सीसीटीव्ही कैमरों में कैद हो गया था। पुलिस ने इस घटना पर बस के परिचालक उमेश तिवारी की रिपोर्ट पर यात्री साजुल सिंह परमार निवासी ग्राम कोहनी थाना कोतवाली पन्ना व अन्य के खिलाफ उसी दिन आपराधिक प्रकरण पंजीबद्ध कर लिया था। लेकिन इस रिपोर्ट में आदिवासी क्लीनर के साथ हुई अमानवीय घटना का उल्लेख तक नहीं था। शर्मसार करने वाली घटना के सीसीटीव्ही फुटेज सोशल मीडिया पर अगले दिन जब वायरल हुए तो मामले के राजनैतिक एवं सामाजिक रूप से तूल पकड़ने के कारण जबरदस्त हड़कंप मच गया। प्रदेश में तेजी से बढ़ते आदिवासी अत्याचार के मामलों को लेकर मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस की ओर से प्रदेश की शिवराज सरकार पर जमकर हमला बोलते हुए जवाब माँगा गया।
फाइल फोटो।
इधर, पन्ना पुलिस अधीक्षक साईं कृष्णा एस. थोटा ने आदिवासी युवक के साथ हुए अत्याचार को अत्यंत ही गंभीरता से लेते हुए के तत्परता से कार्रवाई करने के लिए अधीनस्थ पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया गया। फलस्वरूप थाना प्रभारी गुनौर निरीक्षक सुशील कुमार अहिरवार ने आनन-फानन में कार्रवाई करते हुए बस कांड के मुख्य आरोपी को 24 घंटे के अंदर ही हिरासत में लिया। साथ ही अन्य छह आरोपियों की पहचान कर तत्परता से उन्हें भी हिरासत में लिया गया। बुधवार 6 सितंबर को सभी गिरफ्तार आरोपियों जिनमें राजुल सिंह परमार पुत्र रामसिंह 20 वर्ष निवासी ग्राम कोहनी थाना कोतवाली पन्ना, विक्की सिंह पिता बिंद्राज 21 वर्ष निवासी ककरा थाना अमानगंज, राजा जी उर्फ यशवेन्द्र पुत्र नागेन्द्र सिंह बुंदेला 19 वर्ष निवासी पवईया थाना अमानगंज, सौमित्र प्रताप उर्फ सैवी सिंह बुंदेला पुत्र राघवेन्द्र सिंह 21 वर्ष निवासी बम्हौरी थाना अमानगंज, नाती राजा परमार पुत्र दीप सिंह परमार 21 वर्ष निवासी ग्राम सिंघासर थाना गुनौर एवं एक विधि विरुद्ध बालक को पुलिस ने न्यायालय में पेश किया। जहां से छह बालिग़ आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा में जिला जेल पन्ना में दाखिल कराया गया। जबकि नाबालिग आरोपी को बाल संप्रेषण गृह छतरपुर भेज दिया है।
घटना से संबंधित अधिक जानकारी के लिए नीचे दी गई लिंक को क्लिक करें-
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मुख्यमंत्री निवास में आयोजित "पत्रकार समागम" को संबोधित किया।
* मुख्यमंत्री निवास में हुआ पत्रकार समागम
* प्रिंट सहित इलेक्ट्रानिक मीडिया और डिजिटल मीडिया के प्रतिनिधि हुए शामिल
* पत्रकारों के उपचार के लिए बढ़ी सहायता राशि
* जनसंपर्क विभाग छोटे शहरों और कस्बों के पत्रकारों को दिलवाएगा डिजिटल तकनीक का प्रशिक्षण
भोपाल। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि लोकतंत्र के आधार स्तंभ के रूप में मीडिया प्रतिनिधियों का परिश्रम प्रशंसनीय है। पत्रकार साथी दिन-रात कार्य करते हैं। अनेक कठिनाइयों के बीच वे तथ्यों और समाचारों को जनता तक पहुंचाने का कार्य करते हैं। यही नहीं सरकार और अन्य सभी के लिए सेतु के रूप में भी उनकी भूमिका महत्वपूर्ण होती है। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि मीडिया के लिए मेरे मन में बहुत आदर का स्थान है। आज इस पत्रकार समागम में अनेक साथियों से भेंट हो रही है। मुख्यमंत्री श्री चौहान आज मुख्यमंत्री निवास में पत्रकार समागम को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने पत्रकार वर्ग के लिए अनेक महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। इनमें उपचार सहायता, बीमा योजना, आवास सुविधा, शिक्षा के लिए सुविधा आदि शामिल है। इसके साथ ही जनसंपर्क विभाग छोटे शहरों और कस्बों के पत्रकारों को डिजिटल तकनीक प्रशिक्षण दिलवाने का कार्य भी करेगा। आज हुए पत्रकार समागम में पहली बार राजधानी में प्रदेश के अनेक जिलों के पत्रकार एकत्र हुए।
अत्याधुनिक होगा स्टेट मीडिया सेंटर
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि भोपाल के मालवीय नगर में पत्रकार भवन की भूमि वर्तमान में अनुपयोगी है। सभी की इच्छा है कि यहां नया भवन बने। इसे नया स्वरूप दिया जाएगा। नया भवन निर्मित किया जाएगा। नवनिर्मित भवन के साथ ही इसे स्टेट मीडिया सेंटर का दर्जा रहेगा। इसमें सभागार, पुस्तकालय, कैंटीन, सामान्य कक्ष सहित अन्य सुविधाएं होंगी। सेंटर में आधुनिक सुविधाएं भी उपलब्ध कराएंगे।
मुख्यमंत्री श्री चौहान की महत्वपूर्ण घोषणाएं-
* राजधानी के पत्रकार भवन की भूमि पर नए भवन का निर्माण किया जाएगा।
* वर्तमान में भोपाल में दो स्थानों पर पत्रकारों के लिए भूमि आवंटित कर कॉलोनी विकसित की गई है। अन्य नगरों में आज की आवश्यकता के अनुसार पत्रकारों की सोसायटी को भूमि प्रदान करने की कार्यवाही की जाएगी। इसके लिए विधिवत कदम उठाए जाएंगे। इससे पत्रकार बंधुओं को अपना मकान बनाने के लिए व्यवस्था आसान होगी।
* बीमा कंपनी द्वारा प्रीमियम राशि में 27 प्रतिशत वृद्धि की गई थी। बढ़ी हुई राशि पत्रकारों को नहीं भरना होगी। राज्य सरकार बढ़ी हुई राशि वहन करेगी। गत वर्ष की तरह ही पत्रकारों को प्रीमियम देना होगा।
* 65 वर्ष से अधिक उम्र के वरिष्ठ पत्रकारों को बीमा के लिए प्रीमियम राज्य सरकार द्वारा भरा जाएगा। पत्रकारों के जीवनसाथी (पति/पत्नी) के बीमा का प्रीमियम भीराज्य सरकार भरेगी।
* बीमा योजना की अंतिम तिथि 16 सितंबर से बढ़ाकर 25 सितंबर की जाएगी।
* अस्वस्थ होने पर पत्रकार बंधु को आर्थिक सहायता के लिए वर्तमान प्रावधान 20 हजार के स्थान पर 40 हजार रूपए किया जाएगा। गंभीर बीमारी की स्थिति में यह 50 हजार के स्थान पर एक लाख रुपये होगा।
* मध्यप्रदेश के वरिष्ठ एवं बुजुर्ग पत्रकारों को मासिक सम्मान निधि की राशि 10 हजार के स्थान पर 20 हजार रूपए होगी।
* सम्मान निधि प्राप्त करने वाले पत्रकार के अवसान की स्थिति में परिवार को आठ लाख रूपए की राशि प्रदान की जाएगी।
* अधिमान्यता प्राप्त पत्रकारों को आवास ऋण ब्याज अनुदान योजना के अंतर्गत अधिकतम ऋण की राशि 25 लाख से बढ़ाकर 30 लाख रूपए की जाएगी।
* अधिमान्यता प्राप्त पत्रकारों के बेटे-बेटियों की शिक्षा के लिए बैंक से ऋण पर उसके ब्याज पर 5 प्रतिशत ब्याज अनुदान 5 वर्ष के लिए राज्य सरकार वहन करेगी।
* मध्यप्रदेश के छोटे शहरों और कस्बों के पत्रकार साथियों की जरूरत के अनुसार उन्हें भोपाल में डिजिटल तकनीक का प्रशिक्षण दिलवाया जाएगा। इसके लिए जनसंपर्क विभाग आवश्यक व्यवस्थाएं करेगा। माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय, भोपाल का सहयोग भी प्राप्त किया जाएगा।
* पत्रकार सुरक्षा कानून के लिए वरिष्ठ पत्रकारों की समिति गठित कर प्राप्त सुझावों पर राज्य शासन द्वारा अमल किया जाएगा।
पत्रकार समागम के अवसर पर मुख्यमंत्री और जनसंपर्क विभाग के सचिव विवेक पोरवाल, आयुक्त जनसंपर्क मनीष सिंह, जनसंपर्क संचालक आशुतोष प्रताप सिंह और मुख्यमंत्री कार्यालय के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
शिक्षक दिवस के अवसर पर शिक्षकों को शाल-श्रीफल और क़लम देकर सम्मानित किया गया।
* स्वामी विवेकानंद महाविद्यालय में संयुक्त रूप से मनाया गया शिक्षक दिवस
* शिक्षकों को शाल-श्रीफल और क़लम देकर किया गया सम्मानित
शादिक खान, पन्ना। (www.radarnews.in) शैक्षणिक संस्थान संचालित करने वाली पन्ना जिले की अग्रणी स्वयंसेवी संस्था श्रीराम शिक्षा प्रसार एवं ग्रामीण विकास समाज उत्थान समिति द्वारा मंगलवार 5 सितंबर 2023 को शिक्षक दिवस के अवसर पर शिक्षकों को सम्मानित किया गया। संस्था द्वारा संचालित विभिन्न संस्थाओं स्वामी विवेकानंद महाविद्यालय, स्वामी विवेकानंद आवासीय दिव्यांग संस्थान, स्वामी विवेकानंद पैरामेडिकल कॉलेज, स्वामी विवेकानंद कॉलेज ऑफ़ फार्मेसी एवं स्वामी विवेकानंद औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान के समेकित तत्वाधान में शिक्षक दिवस पर गरिमामयी कार्यक्रम आयोजित किया गया।
शिक्षकों के प्रति आदर प्रकट करने का दिन
स्वयंसेवी संस्था श्रीराम शिक्षा प्रसार एवं ग्रामीण विकास समाज उत्थान समिति द्वारा स्वामी विवेकानंद महाविद्यालय में संयुक्त रूप से आयोजित शिक्षक दिवस के कार्यक्रम में उपस्थित छात्र-छात्राएं एवं शिक्षकगण।
इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि संस्था के संचालक दिनेश सिंह द्वारा मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर एवं माल्यार्पण के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। मंच का संचालन प्राचार्य धीरज सेन ने किया। उन्होंने सभी शिक्षकों एवं छात्र-छात्राओं को शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं दी। संस्था के संचालक दिनेश सिंह ने बताया कि, शिक्षक दिवस भारत में प्रतिवर्ष 5 सितंबर को देश के पहले उपराष्ट्रपति और पूर्व राष्ट्रपति, विद्वान, दार्शनिक व भारत रत्न से सम्मानित सर्वपल्ली डॉ. राधाकृष्णन के जन्मदिन के उपलक्ष्य में मनाया जाता है। शिक्षक दिवस अपने शिक्षकों के प्रति सम्मान व आदर प्रकट करने का दिन है।
हमारे भविष्य को आकर देते हैं शिक्षक
श्रीराम शिक्षा प्रसार एवं ग्रामीण विकास समाज उत्थान समिति संचालक दिनेश सिंह ने अपने उद्बोधन में कहा कि, शिक्षक ही हमारे जीवन से अज्ञानता के अंधकार को दूर कर उसे ज्ञान के प्रकाश से भरते हैं। शिक्षक हमें सिर्फ पढ़ाते नहीं हैं, वे हमारे भविष्य को आकार भी देते हैं। शिक्षक मार्गदर्शक प्रकाश हैं जो हमें ज्ञान और ज्ञान के मार्ग पर ले जाते हैं। उनका समर्पण और कड़ी मेहनत हमारी सीखने की यात्रा पर एक अमिट छाप छोड़ती है। आइए अपने सभी शिक्षकों को उनके अटूट समर्थन और समर्पण के लिए सराहना और धन्यवाद देने के लिए कुछ समय निकालें। मुख्य अतिथि द्वारा महाविद्यालय के विभिन्न संकायों के शिक्षक शिक्षकों एवं स्टॉफ को शाल, श्रीफल एवं कलम से सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं द्वारा शिक्षकों का सम्मान किया गया एवं शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं दी गई। महाविद्यालय का समस्त स्टॉफ कार्यक्रम को सफल बनाने हेतु उपस्थित रहा। कार्यक्रम के अंत में धीरज सेन आईटीआई प्राचार्य द्वारा आभार व्यक्त किया गया।
पन्ना जिले की अजयगढ़ तहसील के खोरा ग्राम में फीता काटकर नवीन शासकीय महाविद्यालय का शुभारंभ करते हुए खनिज मंत्री बृजेन्द्र प्रताप सिंह।
* महाविद्यालय की सौगात मिलने से सुलभ होगी उच्च शिक्षा : बृजेन्द्र
* खनिज मंत्री ने खोरा में नवीन शासकीय महाविद्यालय का किया शुभारंभ
मुस्तकीम खान, अजयगढ़/पन्ना। (www.radarnews.in) खनिज साधन एवं श्रम मंत्री बृजेन्द्र प्रताप सिंह ने कहा है कि ग्राम खोरा में नवीन शासकीय महाविद्यालय के शुभारंभ से आसपास क्षेत्र के कई ग्रामों के छात्र-छात्राओं को आसानी से उच्च शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिलेगा। वर्ष 1972 से खोरा में महाविद्यालय स्थापना की क्षेत्रवासियों की लंबित व बहुप्रीतिक्षित मांग अब पूर्ण हो गई है। महाविद्यालय में सभी संकायों की पढ़ाई होगी। कैबिनेट मंत्री श्री सिंह ने शिक्षक दिवस के मौके पर मंगलवार 5 सितंबर को खोरा के शासकीय छात्रावास भवन में महाविद्यालय का फीता काटकर शुभारंभ किया।
कॉलेज के 6 हेक्टेयर भूमि आरक्षित
उन्होंने कहा कि शीघ्र ही 15 एकड़ में कॉलेज का स्वयं का भवन बनकर तैयार होगा। महाविद्यालय भवन के निर्माण के लिए 6 हेक्टेयर जमीन आरक्षित की गई है। कॉलेज में शैक्षणिक व गैर शैक्षणिक स्टॉफ की उपलब्धता भी सुनिश्चित की जाएगी। शुभारंभ कार्यक्रम के मौके पर छत्रसाल शासकीय स्नातकोत्तर एवं अग्रणी महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. एच.एस. शर्मा, खोरा महाविद्यालय के प्रभारी प्राचार्य डॉ. जे.पी. अहिरवार सहित एसडीएम सत्यनारायण दर्रो उपस्थित थे। खोरा में बारिश के बावजूद बड़ी संख्या में उपस्थित क्षेत्रीयजनों ने कॉलेज की वर्षों पुरानी मांग पूर्ण होने पर हर्ष जताया और कैबिनेट मंत्री का आभार व्यक्त किया। युवाओं द्वारा भी रैली निकालकर मंत्री का स्वागत-अभिवादन किया गया।
70 विद्यार्थियों की प्रवेश प्रक्रिया पूर्ण
खोरा ग्राम में नवीन शासकीय महाविद्यालय के शुभारंभ की शिला पट्टिका का अनावरण करते हुए खनिज मंत्री बृजेन्द्र प्रताप सिंह।
मंत्री बृजेन्द्र प्रताप सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री चौहान की घोषणानुसार गत दिनों कई स्थानों पर शासकीय महाविद्यालयों की स्वीकृति प्रदान की गई थी, किन्तु खोरा महाविद्यालय जनता की मांग पर स्वीकृत करवाया गया है। 50 वर्ष पुरानी मांग के पूर्ण होने से लोगों को बड़ी सौगात मिली है और नागरिकों में कॉलेज संचालन से हर्ष की लहर व्याप्त है। महाविद्यालय में वर्तमान सत्र से ही 70 विद्यार्थियों के प्रवेश की प्रक्रिया भी पूर्ण कर ली गई है।
मंत्री श्री सिंह ने खोरा में जल संसाधन विभाग के 3 करोड़ 58 लाख रूपए लागत राशि की सुहावा बैराज योजना और 4 करोड़ 56 लाख रूपए की लागत से बनने वाली 5.80 किलोमीटर लम्बाई की खोरा-सुहावा मार्ग का भूमिपूजन भी किया। सुहावा बैराज से 210 हेक्टेयर जमीन में किसानों को सिंचाई की सुविधा मिल सकेगी। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के प्रत्येक ग्रामों में पक्की सड़क बनवाई जाएगी। सुहावा और धूनी आश्रम में रपटा निर्माण की मांग भी पूरी की गई है।
छतैनी-बृजपुर मार्ग के अंश भाग का होगा निर्माण
पन्ना जिले की अजयगढ़ तहसील के खोरा ग्राम को 50 साल बाद नवीन शासकीय महाविद्यालय की सौगात मिलने पर क्षेत्रीय विधायक एवं खनिज मंत्री बृजेन्द्र प्रताप सिंह का स्वागत करते हुए क्षेत्रवासी।
कैबिनेट मंत्री बृजेन्द्र प्रताप सिंह ने ग्राम छतैनी में छतैनी-बृजपुर सड़क का भूमिपूजन किया। 6.30 किलोमीटर लम्बाई की यह सड़क 8 करोड़ रूपए की लागत से बनेगी। इससे छतैनी-बृजपुर-पहाड़ीखेरा तक आवागमन आसान होगा। ग्राम नत्थूपुरवा में सुदूर सड़क योजना अंतर्गत नत्थूपुरवा-बाबूपुर मार्ग तथा पुलिया निर्माण कार्य का भूमिपूजन और चंदौरा में भी कई विकास कार्यों का भूमिपूजन किया गया।
बस के क्लीनर (आदिवासी युवक) को निर्वस्त्र करने के बाद उसे बेरहमी से पीटते हुए दबंग युवक। (सीसीटीव्ही फुटेज का स्क्रीन शॉट)
* पन्ना जिले के गुनौर थाना क्षेत्र अंतर्गत शंकरगढ़ तिराहा की घटना
* बस की सीट को लेकर हुए विवाद में चालक-परिचालक व यात्रियों से भी मारपीट
* आधा दर्जन से अधिक युवकों ने दबंगई दिखाते हुए मचाया आतंक
* आदिवासी अत्याचार पर पर्दा डालने कार्रवाई में लीपापोती के आरोपों से घिरी पुलिस
* घटना की FIR में क्लीनर के नाम और उसके साथ हुई दरिंदगी का उल्लेख तक नहीं
शादिक खान, पन्ना। (www.radarnews.in) मध्यप्रदेश में एक बार फिर मानवता को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। यहां एक यात्री बस में मनचाही सीट न मिलने का विवाद इस कदर बढ़ा गया कि दबंग युवक ने अपने दोस्तों संग मिलकर बस कर्मचारियों के साथ लाठी-डण्डों, लात-घूंसों से जमकर मारपीट की। बस के क्लीनर आदिवासी युवक को निर्वस्त्र करके बड़ी ही बेरहमी से पीटा गया। आरोपियों ने बस में भी तोड़फोड़ की है। विचलित करने वाली यह घटना बस में लगे सीसीटीव्ही कैमरों में कैद हो गई। जिसके वीडियो फुटेज (वीडियो) सोशल मीडिया पर वायरल है। आदिवासी युवक के साथ की गई खौफनाक क्रूरता की इस वारदात ने सूबे के सीधी जिले में एक आदिवासी युवक पर पेशाब करने की घटना की यादें ताजा कर दीं हैं।
मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी ने अपने आधिकारिक ट्विटर हैण्डल से बस में आतंक मचाते युवाओं का 5 मिनिट का सीसीटीव्ही फुटेज ट्वीट करते हुए शिवराज सरकार को घेरा है। पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने भी पन्ना बस कांड पर ट्वीट करके शिवराज सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया है कि, शिवराज के शर्मनाक राज में 18 साल में एक ऐसा भाजपाई तंत्र खड़ा किया है जो “आदिवासियों का दुश्मन” है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने अपने ट्वीट में एमपी में आदिवासियों पर बढ़ते अत्याचार की हैरान करने वाली घटनाओं का उल्लेख करते हुए सीएम शिवराज से जवाब मांगा है।
अलग सीट की मांग पूरी न होने पर हुआ विवाद
आदिवासी युवक को नग्न कर पीटा, — पन्ना जिले के गुन्नौर में हुई घटना में बस में यात्रा कर रहे आदिवासी युवक को दर्जन भर लोगों ने बेरहमी से पीटा;
शिवराज जी, अब आदिवासी कहाँ जायें ❓ आप क्यों नकारा और निकम्मे बन गये ❓
मध्य प्रदेश में आदिवासियों, दलितों, धार्मिक अल्प संख्यकों, महिलाओं और बालिकाओं पर अत्याचार रुकने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामला पन्ना जिले के गुनौर थाना क्षेत्र का है। जहां श्री महामाया बस ट्रांसपोर्ट की सूरत से रीवा चलने वाली बस क्रमांक- GJ 05 AZ 0295 में मनचाही सीट न मिलने पर यात्री साजुल परमार का परिचालक (कंडक्टर) उमेश कुमार तिवारी से विवाद हो गया। प्राप्त जानकारी अनुसार, श्री महामाया बस दिनांक 01 सितंबर को सूरत से रीवा के लिये रवाना हुई थी। जिसमें फोन के माध्यम से साजुल सिंह परमार ने भरुच से गुनौर के शंकरगढ़ के लिए सीट बुक कराई थी। भरुच बस स्टैण्ड से युवक साजुल सिंह बस में सवार हुआ, उसे चार सीटर में बैठाया गया। लेकिन युवक ने अलग से सीट देने की मांग की। जिस पर परिचालक ने बस में अलग से सीट की व्यवस्था न होने का हवाला देते हुए उसे चार सीटर में ही बैठने को कहा गया। जिससे साजुल सिंह भड़क उठा। परिचालक उमेश कुमार तिवारी के साथ उसकी तीखी नोंक-झोंक हो गई। इस दौरान युवक द्वारा परिचालक से धमकी भरे अंदाज में कहा गया कि बस को शंकरगढ़ पहुँचने दो फिर बताता हूँ।
रास्ते में पत्थर रखकर बस को रोका
रविवार 3 सितम्बर 2023 की सुबह करीब 3 बजे बस जब गुनौर थाना अंतर्गत शंकरगढ तिराहा पहुंचीं तो वहां उतरने के पूर्व यात्री साजुल सिंह परमार पिता स्व. रामसिह परमार निवासी कोहनी थाना कोतवाली पन्ना ने कुछ साथियों को कॉल करके बुला लिया। बीच रास्ते में पत्थर रखकर खड़े करीब दर्जन भर युवकों ने बस को रोक लिया। लाठी-डंडों से लैस दबंग युवक बस के अंदर चढ़े और गाली-गलौंज करते हुए परिचालक उमेश तिवारी, चालक राकेश मिश्रा व यात्रियों के साथ मारपीट करने लगे। कंडक्टर को बचाने पहुंचे यात्री रमाशंकर सिंगरौल निवासी सेल्हा व संतोष सिंगरौल निवासी कोठी के साथ भी आरोपियों ने मारपीट की गई। हमलावरों ने चालक राकेश मिश्रा को बुरी-बुरी गालियां देते हुए बस के शीशा को डंडे मारकर क्षतिग्रस्त कर दिया। पूरी घटना बस में लगे सीसीटीव्ही कैमरों में कैद हो गई।
क्लीनर को नग्न कर ताबड़तोड़ डंडे बरसाए
अपने सहयोगी को बचाने के लिए हाथ जोड़कर गुहार लगाता हुआ बस चालक राकेश मिश्रा।
वायरल हुए सीसीटीव्ही फुटेज में स्पष्ट दिख रहा है कि दबंग हमलावर बस के अंदर से क्लीनर (आदिवासी युवक) को खींचकर बाहर ले जाते है, और फिर क्रूरता एवं अमानवीयता की हदें पार करते हुए उसे निर्वस्त्र कर बेरहमी से पीटते हैं। इस दौरान बस चालक राकेश हाथ जोड़कर हमलावरों से बार-बार अपने सहयोगी को छोड़ देने की मिन्नतें करता है लेकिन दबंगों को कलेजा जरा भी नहीं पसीजता। पूरी तरह निर्वस्त्र हो चुका आदिवासी युवक ताबड़तोड़ बरसते लाठी-डंडों के बीच किसी तरह वापस बस के अंदर घुसकर बमुश्किल अपनी जान बचाता है। इस घटनाक्रम के दौरान बस में सवार यात्री सिरफिरे युवकों का आतंक देख डरे-सहमे दुबके रहे। सबको एक ही भय सता रहा था अगर विवाद में बीच-बचाव किया तो दबंगों का कहर उन पर भी टूट सकता है। अत्यंत ही भयभीत बस स्टॉफ के द्वारा सुरक्षा की दृष्टि से बस को रीवा ले जाकर मालिक राजेश तिवारी को सम्पूर्ण घटनाक्रम की जानकारी दी गई। और फिर परिचालक उमेश तिवारी ने वापस गुनौर आकर स्थानीय पुलिस थाना में शिकायत की। पुलिस ने इस मामले में साजुल सिंह परमार के विरुद्ध नामजद एवं अन्य के खिलाफ धारा 341, 294, 327, 323, 427, 506, 34 भादवि का अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। पुलिस ने बस कांड की गंभीरता को देखते हुए मुख्य आरोपी साजुल सिंह परमार को घटना के 24 घंटे के अंदर गिरफ्तार कर लिया था।
बात करने से बचते रहे पुलिस अधिकारी
पन्ना जिले के गुन्नौर में एक दर्जन लोगों ने एक बस में आदिवासी युवक को निर्वस्त्र कर बुरी तरह पीटा।
शिवराज के शर्मनाक राज में 18 साल में एक ऐसा भाजपाई तंत्र खड़ा किया है जो “आदिवासियों का दुश्मन” है।
मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के द्वारा अपने आधिकारिक ट्विटर हैण्डल से गुनौर की घटना का वीडियो ट्वीट करने के बाद मंगलवार 5 सितंबर की सुबह लोगों को इसका पता चला। और देखते ही देखते वीडियो के तेजी से वायरल होने पर दबंग युवकों की क्रूरता के खिलाफ पन्ना से लेकर राजधानी भोपाल तक उपजे जबरदस्त आक्रोश के मद्देनजर सियासी गलियारों और पुलिस महकमे में हड़कंप गया। विधानसभा चुनाव से पहले सामने आई इस अमानवीय घटना को लेकर जनमानस में गहरा रोष व्याप्त होने से प्रदेश सरकार एवं पुलिस की घबराहट साफ़ नजर आई। पुलिस के द्वारा दर्ज की गई घटना की एफआईआर में मुख्य पीड़ित आदिवासी युवक (क्लीनर) के साथ हुए अत्याचार का उल्लेख तक नहीं किया। वहीं पन्ना पुलिस के अधिकारी इस घटना पर पत्रकारों से बात करने से भी बचते रहे। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पन्ना आरती सिंह से घटना की आधिकारिक तौर पर जानकारी प्राप्त करने के लिए रडार न्यूज ने जब वायरल वीडियो में निर्वस्त्र कर पीटे जा रहे युवक के नाम-पता, जाति आदि के संबंध में पूंछा तो उनके द्वारा जानबूझकर उसकी जातीय पहचान को छिपाया गया। उन्होंने अर्जेंट कॉल वेटिंग में होने का हवाला देकर फोन काट दिया। जबकि कांग्रेस पार्टी ने ट्वीट के जरिये काफी पहले ही यह खुलासा कर दिया था कि जिस युवक को निर्वस्त्र कर पीटा गया वह आदिवासी है।
पुलिस की मंशा पर उठ रहे सवाल
फाइल फोटो।
उधर, घटना की एफआईआर में लीपापोती को लेकर पन्ना पुलिस के अफसरों की मंशा एवं कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं। क्या, प्रदेश सरकार को फजीहत से बचाने के लिए पन्ना पुलिस के द्वारा प्रारंभिक स्तर पर एफआईआर में महत्वपूर्ण तथ्यों को छिपाया गया है। या फिर अपनी नाकमी पर पर्दा डालने के लिए उसने यह धत्कर्म किया है। इसके पीछे की वजह चाहे जो भी, पर जरा सोचिए बस में लगे सीसीटीव्ही कैमरों में अत्याचार की यह घटना अगर कैद न होती तो और मुख्य विपक्षी दल घटना के वीडियो को ट्वीट न करता तो क्या लोगों को इसका पता चल पाता ? इस मामले का सबसे अधिक परेशान करने वाला पहलू यह है कि पुलिस के द्वारा कमजोर तबके से आने वाले युवक के साथ घटित घटना को कथित तौर दबाने-छिपाने का प्रयास किया गया है। जबकि पुलिस से यह अपेक्षा की जाती है कि, कमजोर तबकों के विरुद्ध होने वाले अपराधों को गंभीरता से लेते हुए निष्पक्षता के साथ त्वरित कार्रवाई की जाए।
सात आरोपियों को किया गिरफ्तार
MP : पन्ना जिले में इंसानियत को शर्मशार करने वाले बस कांड लेकर गहरा रोष व्याप्त है। ब्राह्मण समाज ने आज इस घटना पर एसपी पन्ना के नाम ज्ञापन सौंपकर शेष आरोपियों को तत्काल गिरफ्तार करने तथा उनके घरों पर बुल्डोजर चलवाए जाने की मांग की है। कार्रवाई न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है। pic.twitter.com/aMiTJRxiz4
बस परिचालक उमेश तिवारी की रिपोर्ट पर पुलिस ने घटना के मुख्य आरोपी साजुल सिंह परमार 18 वर्ष निवासी ग्राम कोहनी थाना कोतवाली पन्ना को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था। मंगलवार को इस घटना को तूल पकड़ते देख हरकत में आई पुलिस ने बस कांड के छह अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया है। पन्ना पुलिस के द्वारा शाम के समय सोशल मीडिया पर प्रेस विज्ञप्ति जारी आरोपियों की गिरफ्तारी के संबंध में सूचना दी गई। जानकारी अनुसार पकड़े गए आरोपियों में राजुल सिंह परमार पुत्र रामसिंह 20 वर्ष निवासी ग्राम कोहनी थाना कोतवाली पन्ना, विक्की सिंह पिता बिंद्राज 21 वर्ष निवासी ककरा थाना अमानगंज, राजा जी उर्फ यशवेन्द्र पुत्र नागेन्द्र सिंह बुंदेला 19 वर्ष निवासी पवईया थाना अमानगंज, सौमित्र प्रताप उर्फ सैवी सिंह बुंदेला पुत्र राघवेन्द्र सिंह 21 वर्ष निवासी बम्हौरी थाना अमानगंज, नाती राजा परमार पुत्र दीप सिंह परमार 21 वर्ष निवासी ग्राम सिंघासर थाना गुनौर
एवं एक विधि विरुद्ध बालक भी शामिल है।
मेरा क्या दोष था, मुझे क्यों पीटा
श्री महामाया बस के जिस क्लीनर को दबंग युवकों के द्वारा निर्वस्त्र कर बड़ी ही बेरहमी से पीटा गया मंगलवार 5 सितंबर 2023 को उसका भी एक वीडियो सामने आया है। जिसमें घटना के संबंध में बताते हुए पीड़ित बड़ी ही विनम्रता से पूंछ रहा है, हमारा क्या दोष है, हमें क्यों मारा गया। क्लीनर के अनुसार, रात 3 बजे शंकरगढ़ में बस रुकने पर हमारे साथियों और यात्रियों के साथ मारपीट की गई। बस के मैनेजर को भी पीटा गया। उसका कहना है, मैनें अगर किसी के साथ अभद्रता की हो तो हमको मारो, हमने तो किसी कुछ भी नहीं बोला, हम तो अपना काम कर रहे थे। फिर मुझे क्यों पीटा गया इतना बताओ ? उल्लेखनीय है कि आदिवासी युवक को निर्वस्त्र कर बेरहमी से पीटे जाने और उसके बाद पीड़ित के बयान से संबंधित घटना के वायरल वीडियो की प्रमाणिकता की रडार न्यूज़ पुष्टि नहीं करता है।
मध्यप्रदेश : पन्ना जिले के गुनौर में बस की सीट को लेकर हुए विवाद में दबंग युवक और उसके दोस्तों ने आदीवासी क्लीनर को निर्वस्त्र कर बेरहमी से पीटा। परिचालक सहित यात्रियों से भी मारपीट की। आदिवासी युवक के साथ हुई दरिंदगी का घटना की FIR में उल्लेख तक नहीं। पुलिस की मंशा पर सवाल ? pic.twitter.com/6TkRQM0SWx
पन्ना में स्थित रोमन स्थापत्य कला का बेजोड़ नमूना श्री बल्देव जी का भव्य मंदिर।
* भव्य और बेजोड़ स्थापत्य कला से परिपूर्ण पन्ना के मदिरों को राष्ट्रीय स्तर पर मिलेगी नई पहचान
* पवित्र नगर मंच का दावा- “बढ़ेंगी पर्यटन गतिविधियां, मिलेगा रोजगार; क्षेत्र का होगा विकास”
शादिक खान, पन्ना। (www.radarnews.in) मध्यप्रदेश के बुंदेलखंड अंचल का पन्ना जिला क्षेत्रवासियों के लिए प्रसिद्ध तीर्थ स्थल है। पन्ना के भव्य प्राचीन मंदिर और उनकी अनूठी स्थापत्य कला सहज ही लोगों को अपनी ओर आकर्षित करती है। पन्ना के बुंदेली राजाओं के शासनकाल में निर्मित मंदिर, महल अन्य धरोहर कला व संस्कृति के उत्कृष्ट नमूने हैं। इस तपोभूमि पर बुंदेलखंड वासियों की अटूट आस्था के केन्द्र भगवान श्री जुगल किशोर जू तथा बल्देव जी के अद्वितीय मंदिर स्थापित है। जिनके दर्शन करने के लिए दूर-दूर से लोग पन्ना आते हैं। यहां प्रत्येक वर्ष श्री बल्देव जी मंदिर में हलधर भगवान (बलरामजी) बलदाऊ जी का जन्मोत्सव हरछठ (हलषष्ठी) एवं श्री जुगल किशोर मंदिर में श्री कृष्ण जन्माष्टमी वृदांवन की तर्ज पर बड़ी ही धूमधाम, हर्षोल्लास तथा भक्तिभाव के साथ मनाई जाती है। दोनों ही जन्मोत्सवों में सम्मलित होने के लिए आसपास के कई जिलों के श्रद्धालु बड़ी तादाद में पन्ना पहुँचते हैं।
भगवान श्री कृष्ण की सोलह कलाओं पर आधारित पन्ना में स्थित श्री बल्देव जी का अदिव्तीय मंदिर।
पवित्र नगरी पन्ना के इन दोनों भव्य धार्मिक आयोजनों की महिमा और उसे लेकर अंचल के धर्मप्रेमियों के आपार उत्साह एवं आस्था को दृष्टिगत रखते हुए लंबे समय से हरछठ तथा जन्माष्टमी को राज्य स्तरीय उत्सव घोषित करने की मांग की जा रही है। ताकि दोनों ही धार्मिक उत्सवों का आयोजन और अधिक बेहतर एवं व्यवस्थित तरीके से हो सके। पवित्र नगर मंच पन्ना ने एक बार फिर हरछठ तथा जन्माष्टमी पर्व को राज्य स्तरीय महोत्सव घोषित कराने की मांग प्रमुखता से उठाई है। आज इस संबंध में श्री बल्देव जी मंदिर प्रांगण में पवित्र नगर मंच पन्ना के संयोजक कैलाश मोदी के द्वारा प्रेसवार्ता आयोजित की गई। प्रेसवार्ता में मंच के संयोजक लक्ष्मीकांत शर्मा एवं वीर भानू धामी विशेष रूप से मौजूद रहे।
पन्ना में स्थित श्री जुगुल किशोर जी के प्रसिद्ध मंदिर का विहंगम दृश्य।
पवित्र नगर मंच पन्ना के पदाधिकारियों ने जानकारी देते हुए बताया कि, हरछठ तथा जन्माष्टमी पर्व को राज्य स्तरीय महोत्सव घोषित करने की मांग को लेकर प्रदेश के मुख्यमंत्री के नाम पर पूर्व में चार बार ज्ञापन सौंपे गए। इसके अलावा क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों का ध्यान इस ओर आकृष्ट कराते हुए आवश्यक पहल करने का आग्रह किया गया है। लेकिन जन आस्था और पन्ना की गौरवशाली पहचान से जुड़ी न्यायोचित मांग अब तक पूरी नहीं हो सकी।
प्रेसवार्ता में जानकारी देते हुए पवित्र नगर मंच पन्ना के पदाधिकारीगण।
पवित्र नगर मंच के संरक्षक लक्ष्मीकांत शर्मा व संयोजक कैलाश मोदी ने संयुक्त रूप से बताया कि, वर्तमान मे मध्य प्रदेश सरकार की राज्य स्तरीय उत्सव सूची में महाकाल उज्जैन, ओंकारेश्वर, आदि शंकराचार्य प्रतिमा सकलनपुर, पीताम्बरा पीठ दतिया, चित्रकूट, महैर तथा शनिश्चरा मंदिर को शामिल है। इस सूची मे पन्ना जिले के दोनों मंदिरों के उत्सव को भी शामिल किया जाए। राज्य स्तरीय उत्सव में हरछठ तथा जन्माष्टमी पर्व को शामिल किए जाने से पन्ना आने वाले दर्शनार्थियों की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि होगी। यहां के मंदिरों को राष्ट्रीय स्तर पर धार्मिक पर्यटन के नक़्शे में नई पहचान मिलेगी। पर्यटन गतिविधियों के बढ़ने से पन्ना में रोजगार के नए अवसरों का सृजन होगा। जिसका लाभ स्थानीय लोगों को मिलेगा, साथ ही इससे क्षेत्र का तेज गति से विकास संभव हो सकेगा।