“नफरत छोड़ो-भारत जोड़ो” के नारे के साथ कांग्रेस ने निकाली पदयात्रा, मोहब्बत का दिया संदेश

0
131
भारत जोड़ो यात्रा की प्रथम वर्षगांठ के अवसर पर पन्ना जिला मुख्यालय के गांधी चौक से नगर में पदयात्रा पर रवाना होते कांग्रेसजन।

*       भारत जोड़ो यात्रा की प्रथम वर्षगांठ पर कांग्रेस पार्टी ने पन्ना में निकाली विशाल पदयात्रा

*       प्रदेश सह प्रभारी सीपी मित्तल, जिला प्रभारी जीवन पटेल एवं जिला सह प्रभारी प्रवीण खरे हुए शामिल

शादिक खान, पन्ना। (www.radarnews.in) कांग्रेस पार्टी के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी की ऐतिहासिक भारत जोड़ो यात्रा को एक साल पूरा हो गया। इसकी पहली वर्षगांठ पर गुरूवार 7 सितंबर 2023 को पन्ना जिला मुख्यालय में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पैदल मार्च निकाला। इस मौके पर कांग्रेस प्रदेश सह प्रभारी सीपी मित्तल ने कहा कि हर मोर्चे पर विफल रही भारतीय जनता पार्टी की मध्यप्रदेश सरकार और केन्द्र की मोदी सरकार सत्ता में काबिज रहने के लिए लोगों को धर्म-जाति आदि के नाम पर लड़ा रही है। भाजपा के नेता समाज में नफरत फैला रहे हैं। ऐसे माहौल में देश की एकता-अखंडता और आपसी भाईचारे-सौहार्द को अक्षुण्य बनाए रखने का संदेश जन-जन को देने के लिए कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने आज से साल भर पूर्व कन्याकुमारी से कश्मीर तक भारत जोड़ो यात्रा निकाली थी। 136 दिन तक चली इस यात्रा के दौरान सांसद राहुल गांधी के साथ कदम से कदम मिलाते हुए हजारों पदयात्रियों ने चार हजार एक सौ किलोमीटर की लंबी यात्रा तय की थी। इस यात्रा को पूरे देश में अभूतपूर्व जनसमर्थन मिला था। यह अपार जनसमर्थन कुछ और नहीं बल्कि नफरत को हारने के लिए मोहब्बत का समर्थन था। भारत जोड़ो यात्रा से कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने भारत के सदियों पुराने महान विचार “वसुधैव कुटुंबकम” का प्रसार किया है। जिसे पूरे देश-दुनिया में सराहा गया है।
गांधी और आंबेडकर की प्रतिमा को किया नमन
भारत जोड़ो यात्रा की प्रथम वर्षगाँठ के उपलक्ष्य पर पन्ना में स्थानीय गांधी चौक पर शाम के समय कांग्रेसजन एकत्र हुए। जहां राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर नमन किया गया। तदुपरांत रिमझिम बारिश के बीच विशाल पदयात्रा निकाली गई। आसन्न विधानसभा चुनाव के मद्देनजर जिले की तीनों विधानसभा सीटों से टिकिट दावेदारी कर रहे जिले भर के कांग्रेस नेता इस कार्यक्रम में शामिल होने के लिए अपने समर्थकों को लेकर बड़ी तादाद में चार पहिया वाहनों से पन्ना पहुंचे थे। इस दौरान कांग्रेस के प्रदेश सह प्रभारी सीपी मित्तल, जिला प्रभारी जीवन पटेल, जिला सह प्रभारी प्रवीण खरे तथा जिला कांग्रेस अध्यक्ष शिवजीत सिंह मुख्य रूप से उपस्थित रहे। गांधी चौक से प्रारंभ हुई पदयात्रा (रैली) में शामिल कांग्रेसजन पैदल मार्च करते हुए नफरत छोड़ो-भारत जोड़ो का नारा लगाते चल रहे थे। कांग्रेस की रैली महेन्द्र भवन चौराहा, अजयगढ़ चौराहा, बडा बजार, गोविन्द चौक, बल्देव चौक, कटरा बजार, कोतवाली चौराहा, छत्रसाल पार्क, कुमकुम टॉकीज होते हुए वापस गांधी चौक पहुंचकर समापन हुआ। इसके पूर्व कोतवाली चौराहा पर बाबा साहब डॉक्टर भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर नमन किया गया।
पदयात्रा में ये रहे शामिल
पदयात्रा के दौरान कांग्रेसजनों ने नफरत छोड़ो-भारत जोड़ो का नारा लगाकर सबको मोहब्बत का सन्देश दिया।
नगर में निकाली गई पदयात्रा में कांग्रेसियों ने नफरत को हारने के लिए लोगों को मोहब्बत का सन्देश दिया। पदयात्रा में प्रमुख रूप से पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष श्रीमती दिव्यारानी सिंह, श्रीमती शारदा पाठक, विधायक शिवदयाल बागरी, पूर्व विधायक श्रीकांत दुबे, पूर्व विधायक फुन्दर चौधरी, पूर्व विधायक महेन्द्र बागरी, वरिष्ठ नेता रविन्द्र शुक्ला, कोषाध्यक्ष मनोज केशरवानी, पूर्व नगर पालिका उपाध्यक्ष पुष्पेन्द्र सिंह परमार, भरत मिलन पाण्डेय, रावेन्द्र प्रताप सिंह मुन्ना राजा, अरूणपाल सिंह, दादूराम मिश्रा, अक्षय तिवारी, महेन्द्र लोधी, भभूत सिंह, बबलू गौतम, पिछड़ा वर्ग अध्यक्ष राज बहादुर पटेल, श्रीकांत दीक्षित, संगठन मंत्री पवन जैन, अनिल तिवारी, पूर्व जिला पंचायत सदस्य केशव प्रताप सिंह, गिरधारी लाल लोधी, दीपचन्द्र अग्रवाल, मार्तण्ड देव बुन्देला, महिला कांग्रेस अध्यक्ष जीराबाई पटेल, श्रीमती देवकी प्रजापति, सेवादल अध्यक्ष रामबहादुर द्विवेदी, जीवनलाल सिद्धार्थ, जगतपाल सिंह, मुरारी लाल थापक, पुरुषोत्तम जड़िया, हसीर रिंकू खान, श्रीमती मीना यादव, बृजमोहन यादव, मृगेन्द्र सिंह गहरवार, राम किशोर मिश्रा, बाला लोधी, शिवप्रकाश दीक्षित, जीतेन्द्र जाटव, शशिकांत दीक्षित, भूपेन्द्र सिंह, जयराम यादव, जन्मजेय अरजरिया, नृपेन्द्र सिंह, वैभव थापक, रेहान मोहम्मद, आनन्द शुक्ला, मुख्त्यार बेग, पुरषोत्तम पिड़हा, राहत अली, राकेश शर्मा, फैज खान, फैयाज खान, मनोज सेन, सरदार यादव, सच्चिदानन्द शर्मा, हीरा सिंह डिघौरा, इन्द्रमणि गर्ग, मनीष मिश्रा, अभिषेक चौरसिया, दीपक तिवारी, जुबेर खान, बालकिशोर शर्मा सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल रहे। उक्त कार्यक्रम के संयोजक युवा नेता अंकित शर्मा रहे।