Home Blog Page 39

मप्र स्थापना दिवस | कलेक्टर ने ध्वजारोहण कर दी सलामी

0

*     छात्र-छात्राओं ने देश प्रेम की भावना से ओत-प्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रमों की दी प्रस्तुतियां

पन्ना। (www.radarnews.in) मध्य प्रदेश स्थापना दिवस के अवसर पर बुधवार एक नवम्बर को जिला मुख्यालय पन्ना में स्थानीय पुलिस परेड ग्राउण्ड में कार्यक्रम आयोजित किया गया। कलेक्टर हरजिंदर सिंह ने ध्वजारोहण कर राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी। राष्ट्रगान के बाद सीएम राइज स्कूल, लिश्यू आनंद स्कूल और नेशनल पब्लिक स्कूल के छात्र-छात्राओं ने देश प्रेम की भावना से ओत-प्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रमों की आकर्षक प्रस्तुतियां दी। मध्यप्रदेश गान का सामूहिक गायन भी किया गया। जिला कलेक्टर ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों में शामिल छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति पत्र का वितरण भी किया। स्थापना दिवस पर शासकीय भवनों में रोशनी भी की गई। कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक साईं कृष्ण एस थोटा, जिला पंचायत सीईओ संघ प्रिय सहित अन्य अधिकारी, शिक्षकगण और छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।

कठपुतली नाटक के जरिए मतदान का संदेश

स्थापना दिवस कार्यक्रम पर पुलिस परेड ग्राउण्ड में मतदाता जागरूकता पर केन्द्रित कठपुतली नाटक का प्रदर्शन भी किया गया। कठपुतली नाटक के जरिए विधानसभा निर्वाचन में अनिवार्य रूप से मतदान का संदेश दिया गया। नाटक के माध्यम से सबसे बड़े लोकतंत्र को सशक्त बनाने की अपील की गई और मतदान दिवस शुक्रवार, 17 नवम्बर को अनिवार्य रूप से अपने मत का उपयोग करने का आग्रह किया गया।

स्मरण | देश की एकता के सूत्रधार थे सरदार पटेल : दिनेश प्रताप

0
राष्ट्रीय एकता दिवस पर आयोजित संगोष्ठी में लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल के अविस्मरणीय योगदान पर अपने विचार व्यक्त करते हुए दिनेश प्रताप सिंह।

*     स्वामी विवेकानंद पैरामेडिकल एवं फार्मेसी कॉलेज में राष्ट्रीय एकता दिवस पर संगोष्ठी का आयोजन

पन्ना।(www.radarnews.in) भारत रत्न सरदार वल्लभ भाई पटेल का जन्मदिन 31 अक्टूबर को राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में मनाया जाता है। इसी उपलक्ष्य पर श्री राम शिक्षा प्रसार एवं ग्रामीण विकास समाज उत्थान समिति पन्ना द्वारा संचालित स्वामी विवेकानंद पैरामेडिकल कॉलेज एवं स्वामी विवेकानंद कॉलेज ऑफ़ फार्मेसी में राष्ट्रीय एकता दिवस पर संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं द्वारा राष्ट्रीय एकता दिवस पर अपने-अपने विचार व्यक्त किए गए। कार्यक्रम के संचालक अनुपम बुंदेला ने बताया कि भारतीय स्वतंत्रता संग्राम के अमर सेनानी सरदार वल्लभ भाई पटेल को लौह पुरुष कहा जाता है। मंगलवार 31 अक्टूबर 2023 को पूरा देश उनकी 148 जयंती मना रहा है। उनका जन्म 31 अक्टूबर 1875 को गुजरात के नदीयाद में हुआ था वह भारत के पहले उप प्रधानमंत्री और भारत के पहले गृहमंत्री भी थे। सरदार पटेल को रियासतों को भारतीय संघ में शांतिपूर्ण एकीकरण और भारत के राजनीतिक एकीकरण के लिए श्रेय दिया जाता है।
दिनेश प्रताप सिंह द्वारा बताया गया कि “किसी भी देश का आधार उसकी एकता और अखंडता में निहित होता है और सरदार पटेल देश की एकता के सूत्रधार थे। इसी वजह से उनके जन्मदिन को राष्ट्रीय एकता दिवस के तौर पर मनाया जाता है। इसकी शुरुआत 2014 से हुई।” शिक्षक धीरज सेन ने अपने उद्बोधन के दौरान प्रतिज्ञा लेते हुए कहा कि “मैं सत्यनिष्ठा से प्रतिज्ञा करता हूं कि मैं राष्ट्र की एकता, अखंडता और सुरक्षा को बनाए रखने के लिए खुद को समर्पित करता हूं और अपने साथी देशवासियों के बीच इस संदेश को फैलाने के लिए भी कड़ी मेहनत करता रहूँगा।”
स्वामी विवेकानंद पैरामेडिकल एवं फार्मेसी कॉलेज में लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयंती पर आयोजित संगोष्ठी में उपस्थित शिक्षक एवं छात्र-छात्राएं।
संगोष्ठी में कॉलेज स्टॉफ श्रीमती अंजुलता पाण्डेय, श्रीमती प्रभा पटेरिया, ललित प्रजापति, आलोक कुमार, देवेन्द्र कुमार, लालता प्रसाद लोध, रामाधार खटीक, पुष्पेन्द्र सिंह चंदेल, मनोज सेन, सरदार सिंह यादव, रूपेन्द्र कुमार पटेल, मनीष साना, राहुल सेंगर, चन्द्रशेखर कोल, धीरज सेन,संजय प्रजापति, कौशलेंद्र सेन, अनुपमा सिंह बुंदेला, प्रतिमा यादव चंद्रिका जाडिया, गीतांजलि यादव, रुचिता सिंह, शिवप्रताप सिंह राजपूत, कौशल एवं समस्त छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

MP : रिश्वत लेने के मामले में लिपिक व जनपद सदस्य को कठोर कारावास की सजा

0
फाइल फोटो।

*    विशेष न्यायाधीश पन्ना ने सुनाया फैसला, अभियुक्तों पर जुर्माना भी लगाया

पन्ना। (www.radarnews.in) विशेष न्यायाधीश पन्ना इंद्रजीत रघुवंशी ने सेवानिवृत्त सहायक विकास विस्तार अधिकारी दंगली प्रसाद कौल का अंतिम वेतन प्रमाण पत्र तैयार करके देने के एवज में रिश्वत लेने के मामले में फैसला सुनाया है। विद्वान न्यायाधीश ने लोकायुक्त पुलिस द्वारा दर्ज प्रकरण में आरोपी लिपिक सुधीर कुमार श्रीवास्तव, सहायक ग्रेड- 3 जनपद पंचायत अजयगढ़ एवं रामकिशुन सेन जनपद सदस्य, जनपद पंचायत अजयगढ़ जिला पन्ना को दोषसिद्ध मानते हुये दोनों को भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम अंतर्गत क्रमशः पांच वर्ष तथा चार वर्ष के कठोर कारावास की सजा सुनाई है। न्यायालय द्वारा दोनों अभियुक्तों को अर्थदण्ड (जुर्माना) से भी दण्डित किया गया है।
फाइल फोटो।
सहायक लोक अभियोजन अधिकारी ऋषिकांत द्विवेदी ने अभियोजन के मामले की जानकारी देते हुए बताया कि, दिनांक 13 नवम्बर 2017 को फरियादी दंगली प्रसाद कौल ने लोकायुक्त कार्यालय सागर में उपस्थित होकर लिखित शिकायत आवेदन प्रस्तुत किया था। जिसमें बताया था कि, वह सहायक विकास विस्तार अधिकारी, जनपद पंचायत अजयगढ जिला पन्ना से दिनांक 31 मार्च 2016 को सेवानिवृत्त हुआ है। फरियादी का पुनरीक्षित पेंशन परिलाभों के अंतर्गत भुगतान बाबत् कार्यालय जिला पेंशन अधिकारी पन्ना द्वारा जिला कोषालय कटनी को 1,14,246/- रुपये (एक लाख चौदह हजार दो सौ छियालीस रूपये) के भुगतान हेतु भेजा गया है। जिला कोषालय कटनी द्वारा राशि भुगतान हेतु जनपद पंचायत अजयगढ़ से अंतिम वेतन प्रमाण पत्र दिनांक 31 मार्च 2016 की मांग की गई है। फरियादी दंगली प्रसाद कौल ने अंतिम वेतन प्रमाण पत्र के लिये सुधीर कुमार श्रीवास्तव, सहायक ग्रेड- 3 जनपद पंचायत अजयगढ़ से मिला और अपना अंतिम वेतन प्रमाण पत्र देने के संबंध में बात की गई। जिस पर लिपिक सुधीर कुमार श्रीवास्तव द्वारा अंतिम वेतन प्रमाण पत्र तैयार करके देने के एवज में 20000/- रूपये (बीस हजार रूपये) की मांग कर रहे हैं।
लिखित शिकायत आवेदन पत्र प्राप्त होने पर लोकायुक्त पुलिस सागर द्वारा विधिवत तस्दीक की प्रक्रियांतर्गत फरियादी को रिश्वत की वार्तालाप टेप करने हेतु दिनांक 13 नवम्बर 2017 को ही एक वाइस रिकार्डर दिया गया। फरियादी श्री कौल ने दिनांक 14 नवम्बर 2017 को अनावेदक से संपर्क कर रिश्वत मांग संबंधी बातचीत को रिकार्ड किया गया। मांग वार्ता के दौरान आरोपी लिपिक फरियादी से रिश्वत लेने हेतु सहमत हुआ एवं फरियादी को 10-20 हजार रूपये लेकर बुलाया। शिकायत की तस्दीक के बाद विधिवत प्रकरण पंजीबद्ध कर कार्रवाई हेतु ट्रैप दल का गठन किया। उक्त दल ने लिपिक सुधीर कुमार श्रीवास्तव सहायक ग्रेड-3 जनपद पंचायत अजयगढ़ एवं रामकिशुन सेन जनपद सदस्य जनपद पंचायत अजयगढ़ जिला पन्ना को फरियादी से 5000/- रूपये (पांच हजार रूपये) की रिश्वत राशि प्राप्त करते हुए पकड़ा गया और इनके कब्जे से रिश्वत राशि बरामद की गई थी। लोकायुक्त पुलिस ने इस मामले में आरोपीगणों के विरूद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 की धारा 7, 12, 13(1)डी, 13(2) पी.सी. एक्ट धारा 120 बी भादवि के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध किया था। प्रकरण की सम्पूर्ण विवेचना उपरांत अभियुक्तगण के विरूद्ध अभियोग पत्र न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया।
विशेष न्यायालय पन्ना में शासन की ओर से पैरवी करते हुए संदीप कुमार पाण्डेय जिला लोक अभियोजन अधिकारी द्वारा दौरान विचारण अभियोजन के साक्ष्य को क्रमबद्ध तरीके से लिपिबद्ध कराकर न्यायालय के समक्ष आरोपीगण के विरूद्ध आरोप को संदेह से परे प्रमाणित किया। साथ ही आरोपीगण का कृत्य गंभीरतम होने के कारण उन्हें कठोर सजा दिये जाने का अनुरोध किया। अभिलेख पर आई साक्ष्य और अभियोजन के तर्को एवं न्यायिक दृष्टांतो से संतुष्ट होते हुए विशेष न्यायाधीश इंद्रजीत रघुवंशी ने निर्णय पारित कर आरोपीगण सुधीर कुमार श्रीवास्तव को क्रमशः धारा- 7, 13(1)डी सहपठित धारा- 13(2) भ्रष्टचार निवारण अधिनियम के आरोप में क्रमशः 4 वर्ष, 5 वर्ष का सश्रम कारावास एवं 4000/-रूपये, 5000/-रूपये के अर्थदण्ड तथा रामकिशुन सेन को धारा 12 भ्रष्टचार निवारण अधिनियम के आरोप में 4 वर्ष का सश्रम कारावास एवं 4000/- रूपए के अर्थदण्ड से दण्डित किया है।

MP Election 2023 : अंतिम दिन दिखी गहमागहमी, अभ्यर्थियों ने देर शाम तक जमा किए नाम निर्देशन-पत्र

0
पन्ना विधानसभा क्षेत्र से नामांकन दाखिल करते हुए कांग्रेस के वरिष्ठ नेता रामप्रसाद यादव बंदू।

*     पन्ना सीट से भरत मिलन, सचिन, महेन्द्र पाल, श्रीकांत दुबे, रामप्रसाद यादव और फ़िरोज ने भरा पर्चा

*     गुनौर सीट से बसपा प्रत्याशी देवीदीन आशू व सपा प्रत्याशी अमिता बागरी ने दाखिल किया नामांकन

*     पवई सीट के लिए मुकेश नायक, हेमन्त बुन्देला, विजय कुमार एवं भुवन विक्रम ने फार्म जमा कराया

शादिक खान, पन्ना। (www.radarnews.in)  मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए सोमवार को नामांकन पत्र दाखिल करने का अंतिम दिन था। इसलिए गत दिनों की अपेक्षा आज प्रदेश की सभी विधानसभा सीटों के लिए सबसे अधिक अभ्यर्थियों के द्वारा नाम-निर्देशन पत्र जमा कराए गए। इसी क्रम में पन्ना जिले की तीन सीटों पर आज लगभग दो दर्जन से अधिक अभ्यर्थियों ने नामांकन पत्र दाखिल किए हैं। चुनावी रण में उतरने के लिए बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों के नामंकन फार्म जमा कराने के लिए पहुँचने से पन्ना के नवीन संयुक्त कलेक्ट्रेट भवन में आज दिनभर काफी गहमागमी रही। रिटर्निंग अधिकारियों द्वारा अनेक अभ्यर्थियों से नामंकन फार्म देर शाम तक प्राप्त किए गए। दरअसल नामांकन दाखिल करने का समय दोपहर तीन बजे तक निर्धारित था। जो अभ्यर्थी समय समाप्ति के पूर्व रिटर्निंग ऑफिसर कार्यालय में उपस्थित रहे, उनके नामांकन पत्र स्वीकार किए गए। विधानसभा चुनाव अंतर्गत नामांकन दाखिल करने की अवधि 21 से 30 अक्टूबर तक जिले के तीनों विधानसभा क्षेत्रों के लिए 54 अभ्यर्थियों द्वारा नाम निर्देशन पत्र भरकर संबंधित रिटर्निंग अधिकारी कार्यालय में जमा कराए गए। सर्वाधिक 20 अभ्यर्थियों ने पवई विधानसभा के लिए नाम निर्देशन पत्र दाखिल किया है। जबकि पन्ना विधानसभा के लिए 20 और आरक्षित गुनौर विधानसभा के लिए 15 अभ्यर्थियों ने पर्चा भरा है। अभ्यर्थी दो नवंबर तक अपना फ़ार्म वापस ले सकते हैं।

टोकन अनुसार जमा कराए गए नामांकन फार्म

विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र पन्ना के लिए नामांकन फार्म जमा करते हुए युवा कांग्रेस नेता सचिन भरत मिलन पाण्डेय।
भारत निर्वाचन आयोग द्वारा विधानसभा आम निर्वाचन 2023 के घोषित कार्यक्रमानुसार 21 अक्टूबर 2023 को चुनाव की अधिसूचना जारी होने के साथ ही पन्ना जिले के 3 विधानसभा क्षेत्रों के नामांकन पत्र प्राप्त करने का कार्य शुरू हो गया था। नामांकन पत्र जमा करने की अंतिम तिथि सोमवार 30 अक्टूबर नियत की गई थी। नामांकन पत्र जमा करने के लिए इस बार अभ्यर्थियों को छह दिन मिले हैं। निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार नामांकन पत्र 30 अक्टूबर को अपरान्ह 3 बजे तक ही प्राप्त (स्वीकार) किए जाने थे। इसलिए संभावना जताई जा रही थी कि सोमवार को अंतिम दिन नामांकन पत्र स्वीकार करने का काम देर शाम तक चलेगा क्योंकि दोपहर तीन बजे तक जो अभ्यर्थी रिटर्निंग आफिसर के कार्यालय पहुंच जाएंगे, उनके नामांकन पत्र स्वीकार किए जाएंगे।
पवई विधानसभा क्षेत्र के लिए नाम निर्देशन फ़ार्म भरकर रिटर्निंग ऑफिसर को सौंपते हुए कांग्रेस प्रत्याशी मुकेश नायक।
आज हुआ भी यही। विधानसभा निर्वाचन लड़ने वाले अभ्यर्थियों से नामांकन पत्र प्राप्त करने के लिये पन्ना के संयुक्त कलेक्ट्रेट भवन के विभिन्न कक्षों में विधानसभावार तैनात रिटर्निंग ऑफीसर द्वारा अपने कार्यालय में दोपहर 3 बजे समय समाप्ति के पूर्व तक जितने भी अभ्यर्थी मौजूद रहे उन सभी को टोकन वितरित कराए गए। और फिर सम्बंधित रिटर्निंग ऑफीसर द्वारा टोकन नम्बर के अनुसार अभ्यर्थी से उसका नामांकन फार्म प्राप्त किए गए।

अब बागियों की मनाने पर रहेगा जोर

पन्ना विधानसभा क्षेत्र से नामांकन दाखिल करते हुए कांग्रेस के युवा नेता हसीब खान (रिंकू) अजयगढ़।
बता दें कि, पवई विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 58 की रिटर्निंग ऑफीसर भारती देवी मिश्रा, गुनौर विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 59 के रिटर्निंग ऑफीसर राहुल सिलाड़िया तथा पन्ना विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 60 के रिटर्निंग ऑफीसर अशोक अवस्थी के द्वारा अभ्यर्थियों से नाम-निर्देशन पत्र प्राप्त किए गए। भारत निर्वाचन आयोग द्वारा जारी कार्यक्रमानुसार नामांकन पत्रों की संवीक्षा 31 अक्टूबर को की जाएगी। नाम वापसी 2 नवंबर तक की जा सकेगी। विधानसभा चुनाव के लिए मतदान 17 नवंबर को होगा और मतगणना 3 दिसंबर को की जाएगी। नामांकन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब भाजपा और कांग्रेस का पूरा जोर अपने बागी नेताओं को मनाने पर रहेगा। जिले की तीनों सीटों पर दोनों ही प्रमुख दलों के बागी चुनाव मैदान में हैं और कुछ नामांकन पत्र भी जमा कर चुके हैं।

पवई के लिए कुल 20 अभ्यर्थियों ने भरा पर्चा

पवई विधानसभा क्षेत्र से नामांकन दाखिल करते हुए बहुजन समाज पार्टी की उम्मीदवार श्रीमती हेमन्त बुन्देला सिमराकलां।
नामांकन दाखिल करने के अंतिम दिन आज पन्ना जिले के तीन विधानसभा क्षेत्रों के लिए दो दर्जन से अधिक अभ्यर्थियों ने अपने फार्म जमा कराए है। उपलब्ध जानकारी अनुसार पवई विधानसभा क्षेत्र-58 से कुल 20 अभ्यर्थियों ने नाम निर्देशन पत्र जमा किए हैं। जिनमें भाजपा प्रत्याशी प्रहलाद लोधी, कांग्रेस प्रत्याशी मुकेश नायक, प्रहलाद कुमार प्रजापति शाहनगर निर्दलीय, विजय कुमार सोनी मुरकुछु निर्दलीय, आशीष कुमार सिमराखुर्द जन अधिकार पार्टी, आनंद कुमार रैपुरा निर्दलीय, शानदार सिंह करही निर्दलीय, श्रीमती हेमन्त बुन्देला सिमराकलां बहुजन समाज पार्टी, भगवान दास टिकरिया निर्दलीय, रामपाल सिंह सर्रा भारतीय गणराज्य पार्टी, राममूर्ति चौरसिया मोहन्द्रा निर्दलीय, प्रहलाद कुमार जरगवां निर्दलीय, रजनी ग्राम बरबसपुरा पाटन जिला छतरपुर समाजवादी पार्टी, आशीष उमरिया निर्दलीय, भरत लाल सिमराकला वास्तविक भारत पार्टी, प्रहलाद चौरसिया मोहन्द्रा निर्दलीय, हीरालाल गिधौड़ा निर्दलीय, बीरन पटेल करहिया राष्ट्रीय जनसंचार दल, विक्रमादित्य सिंह सांटाबुद्ध निर्दलीय, सिंह तथा भुवन विक्रम सिंह सांटाबुद्ध सिंह ने निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चुनावी समर में उतरने के लिए पर्चा भरा है।

पन्ना में 19 अभ्यर्थियों 26 फ़ार्म जमा कराए

पन्ना विधानसभा क्षेत्र से नामांकन दाखिल करते हुए समाजवादी पार्टी प्रत्याशी लोधी महेन्द्र पाल वर्मा।
प्राप्त जानकारी अनुसार पन्ना विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ने के लिए कुल 19 अभ्यर्थियों के द्वारा 26 नाम-निर्देशन पत्र दाखिल किए गए है। चुनावी मुकाबले में अपनी किस्मत आजमाने के लिए पर्चा दाखिल करने वालों में भाजपा प्रत्याशी बृजेन्द्र प्रताप सिंह, कांग्रेस प्रत्याशी भरत मिलन पाण्डेय, समाजवादी पार्टी प्रत्याशी लोधी महेन्द्र पाल वर्मा, बहुजन समाज पार्टी प्रत्याशी विमला वर्मा, राजेश श्रीवास्तव अमानगंज निर्दलीय, नंद कुमार व्यास इटवां निर्दलीय, सचिन भरत मिलन पाण्डेय कांग्रेस, सोनेलाल लाल प्रजापति ग्राम नादन निर्दलीय, मेवालाल अहिरवार ग्राम पैरहा सिलोना आजाद समाज पार्टी, फिरोज खान पन्ना निर्दलीय, नसीम खां पन्ना निर्दलीय, हसीब खान रिंकू अजयगढ़ कांग्रेस/निर्दलीय, मनोज कुशवाहा ग्राम गढ़ी पड़रिया जन अधिकार पार्टी, श्रीकांत दुबे कांग्रेस/निर्दलीय, जिज्ञासा कन्नौजिया पन्ना निर्दलीय, रामप्रसाद यादव उर्फ़ बंदू ग्राम हिनौता कांग्रेस, अब्दुल हफीज पन्ना जनता कांग्रेस पार्टी, मोहम्मद इकराम ग्राम ललपुर जिला छतरपुर निर्दलीय एवं चौहान सिंह ग्राम लक्ष्मीपुर शामिल हैं।

गुनौर सीट के लिए 15 नामांकन दाखिल

गुनौर विधानसभा सीट से नाम निर्देशन पत्र जमा कराते हुए समाजवादी पार्टी प्रत्याशी अमिता बागरी।
अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित पन्ना जिले की गुनौर विधानसभा सीट के लिए कुल 15 अभ्यर्थियों ने नामांकन फार्म जमा किए हैं। इनमें कांग्रेस प्रत्याशी जीवन लाल सिद्धार्थ, भाजपा प्रत्याशी राजेश कुमार वर्मा, संतलाल प्रजापति अमानगंज निर्दलीय, बसपा प्रत्याशी देवीदीन आशू, जीतेन्द्र जाटव पन्ना, पूरन लाल पन्ना पीपुल्स पार्टी ऑफ इण्डिया (डेमोक्रेटिक), वीरेन्द्र सिंह दहायत पन्ना निर्दलीय, जीतेन्द्र कुमार दहायत सिरी जनाधिकार पार्टी, जड़ा बाई चौधरी महेवा निर्दलीय, भगवान दास चौधरी निर्दलीय, समाजवादी पार्टी प्रत्याशी अमिता बागरी, परसू चौधरी कमताना निर्दलीय, अरविन्द बागरी करहिया विंध्य जनता पार्टी, संदीप प्रजापति गुनौर राष्ट्रीय जन संचार पार्टी एवं देवकी प्रजापति ग्राम दऊअन टोला नेशनल जागरण पार्टी शामिल हैं।

मुख्यमंत्री शिवराज ने तीनों प्रत्याशियों के दाखिल कराए नामांकन, दिग्विजय और कमलनाथ पर साधा निशाना

0
पन्ना नगर में रोड शो कर भाजपा प्रत्याशियों को विजयी बनाने की अपील करते हुए मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान एवं भाजपा प्रदेशाध्यक्ष वीडी शर्मा।

*     पन्ना नगर में रोड-शो कर नुक्कड़ सभा को किया संबोधित

*      कांग्रेस में कपड़ा फाड़ की राजनीति पर दिया बड़ा बयान

शादिक खान, पन्ना। (www.radarnews.in) देश के हृदय प्रदेश मध्य प्रदेश में इन दिनों गुलाबी ठंडक के बीच हर गुजरते दिन के साथ विधानसभा चुनाव की सरगर्मी लगातार बढ़ती जा रही है। चुनाव के लिए नामांकन फार्म दाखिल होने के साथ ही भाजपा और कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने अपने प्रत्याशियों के पक्ष में माहौल बनाना शुरू कर दिया है। इसी के चलते मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान शुक्रवार 27 अक्टूबर को पन्ना पहुंचे। जहां नगर सेना ग्राउंड में जिले की तीनों विधानसभा सीटों के भाजपा प्रत्याशियों, पार्टी नेताओं व कार्यक्रताओं द्वारा गर्मजोशी के साथ उनका स्वागत किया गया।
पन्ना विधानसभा सीट के लिए भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी बृजेन्द्र प्रताप सिंह का नामांकन फ़ार्म दाखिल करवाते हुए मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान एवं भाजपा प्रदेशाध्यक्ष वीडी शर्मा।
मुख्यमंत्री ने पन्ना के नवीन संयुक्त कलेक्ट्रेट भवन पहुंचकर तीनों प्रत्याशियों के पन्ना से बृजेन्द्र प्रताप सिंह, गुनौर डॉ. राजेश वर्मा एवं पवई सीट के लिए प्रहलाद लोधी का नाम-निर्देशन पत्र संबंधित रिटर्निंग ऑफिसर के समक्ष जमा कराया। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने पन्ना नगर में रोड-शो किया और एक नुक्कड़ सभा को संबोधित कर भाजपा प्रत्याशियों को प्रचण्ड बहुमत से विजयी बनाने की अपील की गई। इस दौरान भाजपा प्रदेशाध्यक्ष एवं खजुराहो सांसद विष्णु दत्त शर्मा विशेष रुप से उपस्थित रहे।

दिग्विजय की चक्की ने कमलनाथ को ही पीस दिया

गुनौर विधानसभा सीट के लिए भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी राजेश वर्मा का नामांकन फ़ार्म दाखिल करवाते हुए मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान एवं भाजपा प्रदेशाध्यक्ष वीडी शर्मा।
भाजपा प्रत्याशियों के नामांकन फार्म दाखिल कराने के बाद सीएम शिवराज ने रोड शो करते हुए नगर के मुख्य मार्गों से होकर गांधी चौक पहुंचे। जहां उन्होंने एक नुक्क्ड़ सभा को संबोधित किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि, डबल इंजन की सरकार ने मध्यप्रदेश में हर क्षेत्र में तेजी से विकास किया है। जिससे मध्यप्रदेश बीमारू राज्य की स्थिति से बाहर निकलकर विकसित राज्य की और निरन्तर अग्रसर है। उन्होंने मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कांग्रेस में कपड़ा फाड़ की राजनीति मची हुई है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने दिग्विजय सिंह और उनके पुत्र जयवर्धन सिंह पर निशाना साधते हुए कहा कि दिग्विजय की चक्की ने कमलनाथ को पीस दिया है। कमलनाथ अक्सर कहते हैं कि उनकी चक्की बहुत बारीक पीसती है, लेकिन इस बार दिग्विजय सिंह की चक्की ने कमलनाथ को ही पीस दिया। श्री कमलनाथ टिकट कटने वाले प्रत्याशियों से कह रहे थे कि वे जाकर दिग्विजय सिंह और उनके बेटे जयवर्धन सिंह के कुर्ते फाड़ें, लेकिन कमलनाथ के सभी समर्थकों के टिकट कटवा कर दिग्विजय सिंह अब कमलनाथ के ही कुर्ते फटवा रहे हैं। उनकी चक्की ने कमलनाथ को ही पीस दिया।

मध्य प्रदेश मेरा परिवार है

पवई विधानसभा सीट के लिए भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी प्रहलाद लोधी का नामांकन फ़ार्म दाखिल करवाते हुए मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान एवं भाजपा प्रदेशाध्यक्ष वीडी शर्मा।
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने चौहान ने अपनी चिरपरिचित शैली में बोलते हुए कहा कि पूरा प्रदेश मेरा परिवार है और परिवार के प्रत्येक सदस्य की चिंता करना मेरा कर्तव्य है। उन्होंने कहा की मेरी लाड़ली बहनों के सम्मान में कोई कमी नहीं होने दी जाएगी। आगे भी मैं अपनी बहनों का पूरा ध्यान रखूंगा। सभी बहनों को लाड़ली बहना योजना का लाभ मिलेगा। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि पन्ना के विकास की कोई कमी नहीं छोड़ी जाएगी। उन्होंने मध्यप्रदेश और पन्ना में विकास की गति को बरकरार रखने के लिए मतदाताओं से पुनः भाजपा को जनादेश देने की अपील की। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर पन्ना सीट से भाजपा प्रत्याशी बृजेन्द्र प्रताप सिंह की तारीफ करते हुए कहा कि बृजेन्द्र मेरे मंत्रिमंडल के आदर्श मंत्रियों में से एक है। नुक्कड़ सभा को संबोधित करते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष विष्णु दत्त शर्मा ने कहा कि हमारी सरकार ने पन्ना के विकास में कोई कमी नहीं छोड़ी है। शिक्षा के क्षेत्र में कृषि कॉलेज हो या फिर मेडिकल कॉलेज हो या फिर धार्मिक क्षेत्र में श्री जुगल किशोर लोक, हमने अपनी सरकार में पन्ना को सब कुछ देने का प्रयास किया है। रेलवे स्टेशन का उद्घाटन भी हमारी सरकार में हुआ है।

राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता का आयोजन 22 नवम्बर से

0
पन्ना। (www.radarnews.in) पन्ना जिले में 67वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता का आयोजन आगामी 22 से 25 नवम्बर तक किया जाएगा। 14 वर्ष बालक-बालिका वर्ग में कबड्डी प्रतियोगिता होगी। इसमें सभी संभागों के 240 प्रतिभागी शामिल होंगे। प्रतियोगिता के विधिवत आयोजन के उद्देश्य से एवं आवश्यक व्यवस्थाओं के दृष्टिगत जिला पंचायत के सभागार में सोमवार, 30 अक्टूबर को दोपहर 3 बजे से बैठक आहूत की गई है। जिला पंचायत सीईओ संघ प्रिय ने सर्वसंबंधितों को बैठक में उपस्थित रहने के निर्देश दिए हैं।

चुनाव प्रशिक्षण में अनुपस्थित चार कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस जारी

0
पन्ना। (www.radarnews.in) कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी पन्ना हरजिंदर सिंह ने निर्वाचन प्रशिक्षण से अनुपस्थित रहने पर चार शासकीय सेवकों को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। संबंधितजनों से पत्र प्राप्ति के 24 घण्टे के भीतर जवाब चाहा गया है अन्यथा मध्यप्रदेश सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण तथा अपील) नियम 1966 के नियम 9 के तहत निलंबित करने की कार्यवाही की जाएगी।
शासकीय माध्यमिक शाला गोहलोदपुरवा की माध्यमिक शिक्षक अंजू यादव, शासकीय प्राथमिक शाला बिल्हा के सहायक शिक्षक रामनाथ गौड़, शासकीय प्राथमिक शाला सिमरीवैश्य के सहायक शिक्षक रविशंकर अग्रवाल और नगर परिषद अजयगढ़ के उपयंत्री अभिषेक राजपूत को नोटिस जारी किया गया है।
               उल्लेखनीय है कि उक्त शासकीय सेवकों को मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव 2023 के दृष्टिगत पीठासीन अधिकारी एवं मतदान अधिकारी क्रमांक 1 का प्रशिक्षण प्राप्त करने के लिए निर्देशित किया गया था, लेकिन प्रशिक्षण में संबंधित कर्मचारी बगैर कारण के अनुपस्थित पाए गए, जबकि लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम 1951 में निहित प्रावधान अनुसार राज्य के सभी लोक सेवक वर्तमान में भारत निर्वाचन आयोग के अधीन कार्यरत हैं।

विधानसभा चुनाव 2023 : कमिश्नर-आईजी ने मतगणना स्थल का किया निरीक्षण

0
पन्ना जिले में विधानसभा चुनाव से संबंधित आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए सागर संभागायुक्त डॉ. वीरेन्द्र सिंह रावत एवं पुलिस महानिरीक्षक सागर जोन प्रमोद वर्मा।

भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों का शत-प्रतिशत पालन करने के दिए निर्देश

पन्ना।(www.radarnews.in) मध्यप्रदेश विधानसभा निर्वाचन 2023 को लेकर पन्ना जिले में सभी आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं। इस बीच शुक्रवार को संभागायुक्त डॉ. वीरेन्द्र सिंह रावत एवं पुलिस महानिरीक्षक सागर जोन प्रमोद वर्मा ने शासकीय पॉलीटेक्निक महाविद्यालय पन्ना में बनाए गए स्ट्रांग रूम, मतगणना एवं सामग्री वितरण व जमा स्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्देश दिए कि स्ट्रांग रूम में भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों का शत-प्रतिशत पालन कर कार्य करें। 24 घंटे सीसीटीव्ही कैमरे एवं पुलिस बल के साथ निगरानी की जाए।

मतदान दलों को सामग्री लेने-जमा करने में न हो असुविधा

जिले के सभी तीन विधानसभा क्षेत्र की सामग्री का वितरण पॉलीटेक्निक महाविद्यालय परिसर से होगा और मतदान पश्चात महाविद्यालय में ही सामग्री जमा होगी। इस संबंध में उन्होंने निर्देश दिए कि स्ट्रांग रूम परिसर में विधानसभा क्षेत्रवार सामग्री वितरण एवं जमा करने की व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं। संपादित किए जाने वाले कार्य के बारे में चिन्हित स्थान पर जानकारी का बोर्ड लगाएं, जिससे मतदान दल को आने-जाने व सामग्री प्राप्त तथा जमा करने में असुविधा का सामना न करना पड़े। विधानसभा क्षेत्रवार बस और अन्य वाहनों की पार्किंग सुनिश्चित करने, शौचालय व पेयजल व्यवस्था, स्वल्पाहार व भोजन व्यवस्था इत्यादि के संबंध में भी निर्देशित किया गया। इस मौके पर कलेक्टर हरजिंदर सिंह, पुलिस अधीक्षक साईं कृष्ण एस थोटा, उप जिला निर्वाचन अधिकारी नीलाम्बर मिश्र और अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

पवई सीट से प्रहलाद लोधी ने दाखिल किया नामांकन

0
रिटर्निंग अधिकारी भारती देवी मिश्रा के समक्ष नाम निर्देशन-पत्र जमा करते हुए प्रहलाद लोधी।
पन्ना।(www.radarnews.in) मध्यप्रदेश विधानसभा निर्वाचन 2023 के तहत नाम निर्देशन-पत्र जमा करने के तीसरे दिन बुधवार 25 अक्टूबर को पन्ना जिले में एक नामाकंन पत्र जमा हुआ। जिले के पवई विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र से भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार प्रहलाद लोधी द्वारा रिटर्निंग अधिकारी भारती देवी मिश्रा के समक्ष नाम निर्देशन-पत्र जमा किया गया। जिले के अन्य दो विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों में कोई भी नाम निर्देशन पत्र दाखिल नहीं किया गया।

नवमी पर नामाकंन | पन्ना विस के लिए बृजेन्द्र प्रताप और भरत मिलन ने दाखिल किया नाम निर्देशन पत्र

0
पन्ना विधानसभा क्षेत्र के लिए रिटर्निंग अधिकारी अशोक अवस्थी के समक्ष नाम निर्देशन-पत्र जमा करते हुए भारतीय जनता पार्टी के अभ्यर्थी बृजेन्द्र प्रताप सिंह।

*    जिले के गुनौर एवं पवई विधानसभा क्षेत्र के लिए एक भी नामांकन फार्म जमा नहीं हुआ

शादिक खान, पन्ना।(www.radarnews.in) मध्यप्रदेश के तहत नाम निर्देशन-पत्र जमा करने के दूसरे दिन सोमवार 23 अक्टूबर को पन्ना जिले में दो नामाकंन पत्र जमा हुए। शारदीय नवरात्रि के अंतिम दिन नवमी (महानवमी) के पावन अवसर पर जिले के पन्ना विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र के लिए भारतीय जनता पार्टी के अभ्यर्थी बृजेन्द्र प्रताप सिंह और भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के अभ्यर्थी भरत मिलन पाण्डेय द्वारा रिटर्निंग अधिकारी अशोक अवस्थी के समक्ष नाम निर्देशन-पत्र जमा किए गए।
पन्ना विधानसभा क्षेत्र के लिए रिटर्निंग अधिकारी अशोक अवस्थी के समक्ष नाम निर्देशन-पत्र जमा करते हुए भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के अभ्यर्थी भरत मिलन पाण्डेय।
अभ्यर्थियों ने निर्वाचन आयोग के निर्देशों का पालन करते हुए चार व्यक्तियों की उपस्थिति में अपना नाम निर्देशन-पत्र जमा किया। जिले के अन्य 2 विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र गनौर एवं पवई के लिए अभी तक कोई भी नाम निर्देशन पत्र जमा नहीं किया गया। मंगलवार 24 अक्टूबर को शासकीय अवकाश होने के कारण नाम निर्देशन पत्र जमा नहीं होंगे। अब बुधवार, 25 अक्टूबर को नाम निर्देशन-पत्र जमा होंगे। निर्वाचन आयोग द्वारा जारी अधिसूचना अनुसार नाम निर्देशन पत्र 30 अक्टूबर तक जमा किए जाएंगे।