पन्ना टाइगर रिजर्व में दो शावकों के साथ नजर आई बाघिन, पी-141 ने दूसरी बार दिया शावकों को जन्म

0
1204
पन्ना टाइगर रिजर्व में अपने नवजात शावकों के साथ चहलकदमी करती हुई बाघिन पी-141

* शावकों के जन्म की ख़ुशी पर भारी पड़ रही सुरक्षा की चिंता और भय !

शादिक खान, पन्ना। (www.radarnews.in) बाघों की संदेहास्पद परिस्थतियों में लगातार मौत व शिकार की बेहद हैरान करने वाली घटनाओं और स्टेट टाइगर स्ट्राइक फ़ोर्स भोपाल की जांच के चलते सुर्ख़ियों में बने मध्य प्रदेश के पन्ना टाइगर रिजर्व से कुछ अच्छी ख़बरें भी आ रहीं हैं। हथिनी रूपकली के द्वारा तीन दिन पूर्व मादा शिशु को जन्म देने के बाद पार्क की बाघिन पी-141 को दो नन्हें शावकों के साथ चहलकदमी करते हुए देखा गया है। इस युवा बाघिन ने दूसरी बार शावकों को जन्म दिया है। बाघिन के साथ विचरण करते कैमरे में कैद हुए नवजात शावक करीब ढाई माह के हो चुके हैं। पन्ना टाइगर रिजर्व की हिनौता रेन्ज अंतर्गत उत्तर हिनौता क्षेत्र में गश्ती दल के द्वारा पहली बार इन्हें देखा गया है।
पन्ना टाइगर रिजर्व का हिनौता स्थित प्रवेश द्वार। (फाइल फोटो)
पन्ना टाइगर रिजर्व में बाघों, दूसरे वन्यजीवों की सुरक्षा एवं निगरानी की बेहद लचर स्थिति को उजागर करने वाली घटनाओं के मद्देनजर बाघ के कुनबे में वृद्धि की ख़ुशी पर इनकी सुरक्षा से जुड़ी चिंता और भय भारी पड़ रहा है। इसकी ठोस वजह भी है। पन्ना टाइगर रिजर्व में पिछले 9 माह में 4 बाघों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत होने के कई दिन बाद इनके सड़े-गले कंकाल में तब्दील हो चुके शव बरामद होना, पिछले माह आपसी संघर्ष में घायल होने के बाद केन नदी में गिरे बाघ पी-123 का सिर विहीन शव मिलना एवं उसके अन्य अंगों के गायब होने और पिछले करीब 3 साल में जिले के उत्तर वन मण्डल, दक्षिण वन मण्डल, पन्ना टाइगर रिजर्व अंतर्गत करीब दो दर्जन तेंदुओं की संदेहास्पद मौत व शिकार की घटनाओं के सामने आने तथा इनसे जुड़े एसटीएसएफ के हालिया खुलासों को देखते हुए बाघ और दूसरे वन्यजीवों की सुरक्षा की चिंता होना स्वाभाविक है।

60 से अधिक हुई बाघों की संख्या

पन्ना टाइगर रिजर्व के क्षेत्र संचालक के.एस. भदौरिया।
पन्ना टाइगर रिजर्व के क्षेत्र संचालक के.एस. भदौरिया ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया कि बाघिन पी-141 ने दो शावकों को जन्म दिया है। बिना रेडियो कॉलर वाली इस बाघिन को शावकों के साथ हिनौता रेन्ज के उत्तर हिनौता क्षेत्र में पहली बार नवजात शावकों के साथ विचरण करते हुए देखा गया है। शावकों की आयु करीब ढाई माह है। बाघिन और उसके शावक स्वस्थ बताए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि पन्ना टाइगर रिजर्व में वर्तमान में 47 व्यस्क बाघ-बाघिन हैं। शावकों के साथ पन्ना में बाघों की तादाद 60 से अधिक हो चुकी है। पन्ना टाइगर रिजर्व में बाघों की यह रिकार्ड संख्या है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here