* अमानगंज में कृषि उपज मण्डी के समीप हुई सड़क दुर्घटना
* सब्जी के साथ सवारियों का किया जा रहा था परिवहन
* साप्ताहिक बाजार में आने वाले वाहनों से पुलिस करती है वसूली
अमानगंज (पन्ना) | रडार न्यूज मध्यप्रदेश के पन्ना जिले में एक तेज रफ्तार मैजिक वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खाई में जा गिरा। मंगलवार 19 मार्च की रात करीब 8:30 बजे अमानगंज-छतरपुर मार्ग पर अमानगंज की कृषि उपज मण्डी के समीप हुई इस सड़क दुर्घटना में आधा दर्जन लोग घायल हुए है। दुर्घटना उस समय हुई जब अमानगंज के साप्ताहिक बाजार में दुकानें लगाने वाले सब्जी विक्रेता अपना बचा हुआ माल लेकर मैजिक वाहन से वापिस घर लौट रहे थे। घायलों को लहूलुहान हालत में इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र अमानगंज ले जाया गया। जहाँ प्राथमिक उपचार के बाद चार गंभीर घायलों को जिला चिकित्सालय पन्ना के लिए रेफरल किया गया है। घायलों में एक महिला की हालत नाजुक बताई जा रही है।
चालक की लापरवाही से हुई दुर्घटना

दुर्घटना का शिकार हुए मैजिक सवार सभी लोग अमानगंज के समीपी ग्राम गड़ोखर एवं कचौरा निवासी थे। घायलों ने बताया कि वे अमानगंज के साप्ताहिक बाजार में सब्जी बेंचने के लिए आए हुए थे। मंगलवार को दिनभर सब्जी बेंचने के बाद शाम को बची हुई सब्जी लेकर मैजिक वाहन से वापिस अपने गाँव के लिए रवाना हए। अमानगंज से निकलते ही चालक द्वारा अत्यंत ही तेज गति से एवं लापरवाहीपूर्वक मैजिक चलाने के कारण वह अनियंत्रित होकर कृषि उपज मण्डी के समीप सड़क किनारे खाई में जा गिरा। इस दुर्घटना के चलते मौके पर चींख-पुकार मच गई। वाहन में फँसे खून से लथपथ घायल यात्रियों को आसपास मौजूद लोगों ने बाहर निकला और तुरंत कॉल कर अमानगंज थाना पुलिस व एम्बुलेंस को मदद के लिए बुलाया। घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए आनन-फानन स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र ले जाया गया। इस दुर्घटना में चार महिलाओं और दो पुरुषों को चोटें आईं है।
ये हुए घायल
