सड़क दुर्घटना में घायल पुलिस आरक्षक का उपचार के दौरान जबलपुर में दुखद निधन

0
1203
आरक्षक अजय जाटव। (फाइल फोटो)
पन्ना। (www.radarnews.in) मध्य प्रदेश के पन्ना जिले के सिमरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत बीती रात सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल युवा पुलिस आरक्षक अजय सिंह जाटव की आज सुबह इलाज के दौराज जबलपुर में मृत्यु हो गई। 24 वर्षीय आरक्षक अजय के असामयिक दुखद निधन की खबर आते ही जिले के पुलिस महकमे में शोक की लहर दौड़ गई। जिले के पुलिस अधीक्षक मयंक अवस्थी ने युवा आरक्षक अजय सिंह जाटव की मृत्यु पर गहरा दुःख व्यक्त करते हुए इसे विभाग के लिए अपूर्णीय क्षति बताया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पन्ना जिले के सिमरिया थाना अंतर्गत पुलिस चौकी मोहन्द्रा में पदस्थ आरक्षक अजय जाटव बीते दिवस किसी कार्य के सिलसिले में थाना सिमरिया गए हुए थे। दरम्यानी रात को जब वह वापस मोहन्द्रा चौकी लौट रहे थे तो रास्ते में सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हो गए। इसकी सूचना मिलते ही मोहन्द्रा चौकी प्रभारी सरिता तिवारी द्वारा हमराही स्टाफ की मदद से घायल आरक्षक का अचेत हालत में तत्परता से प्राथमिक उपचार कराया गया। बाद में समुचित इलाज हेतु आरक्षक अजय जाटव को गंभीर हालत में जबलपुर ले जाया गया। जहां इलाज के दौरान आज सुबह युवा आरक्षक की सांसें हमेशा के लिए थम गईं। सुबह-सुबह आई इस दुखद खबर से जिले के पुलिस महकमे और सिमरिया-मोहन्द्रा अंचल में शोक की लहर दौड़ गई। दिवंगत पुलिस आरक्षक अजय जाटव मध्य प्रदेश के मन्दसौर जिले के ग्राम डेथेली थाना गड़ौर के मूल निवासी थे। पन्ना जिले में काफी समय से अपनी सेवाएं दे रहे थे। अजय की अच्छी परफॉर्मेंस को देखते हुए उन्हें मोहन्द्रा चौकी में पदस्थ किया गया था।
आरक्षक अजय जाटव। (फाइल फोटो)
पन्ना पुलिस अधीक्षक मयंक अवस्थी ने आरक्षक अजय जाटव की मृत्यु पर शोक व्यक्त करते हुए इसे पुलिस विभाग के लिए अपूर्णीय क्षति बताया है। उन्होंने मृत आत्मा की शान्ति और शोक संतृप्त परिजनों को इस वज्रपात को सहन करने की शक्ति प्रदान करने के लिए ईश्वर से प्रार्थना की है। पुलिस लाइन पन्ना में एक शोक सभा आयोजित हुई जिसमें युवा आरक्षक अजय के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी गई। इसके अलावा जिले के अन्य थानों में भी पुलिस आरक्षक अजय जाटव के असमय दुखद निधन पर शोक सभा का आयोजित हुई। उल्लेखनीय है कि दिवंगत पुलिस आरक्षक के शव को जबलपुर से ही उनके गृह ग्राम के लिए रवाना किया गया था। जहां पर सम्मान के साथ अजय की पार्थिव देह का अंतिम संस्कार किया गया। मालूम हो कि कुछ माह पूर्व जिले के धरमपुर थाना प्रभारी एमडी शाहिद का भी सड़क हादसे में दुखद निधन हो गया था।