खजुराहो सांसद विष्णु दत्त शर्मा ने राजनीति में लगाई ऊंची छलांग, मध्य प्रदेश भाजपा अध्यक्ष की मिली कमान, कठिन चुनौतियों के बीच देने होंगे चुनावी इम्तिहान

0
1309
खजुराहो सांसद, विष्णु दत्त शर्मा।

* ऊर्जावान युवा नेतृत्व मिलने से पार्टी कार्यकर्ताओं में ख़ुशी की लहर

* 32 वर्षों से राजनीति में सक्रिय शर्मा को माना जाता है संघ का करीबी

* प्रदेश अध्यक्ष बनाए जाने पर वीडी ने पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के प्रति जताया आभार

शादिक खान, भोपाल/पन्ना। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय नेतृत्व ने मध्य प्रदेश में बड़ा संगठनात्मक फेरबदल करते हुए खजुराहो सांसद विष्णु दत्त शर्मा को नया प्रदेश अध्यक्ष बनाया है। वे सांसद राकेश सिंह की जगह लेंगे। भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह ने शनिवार 15 फरवरी को पत्र जारी कर युवा नेता विष्णु दत्त शर्मा के नाम की घोषणा की। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पद को लेकर कई दिग्गजों के नाम चर्चा में रहे, लेकिन बताया जा रहा है कि शर्मा संघ की पहली पसंद थे। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद से अपना राजनीतिक सफर शुरू कर नेहरू युवा केन्द्र के उपाध्यक्ष और फिर भाजपा के प्रदेश महामंत्री की जिम्मेदारी संभालने वाले शर्मा ने राजनीति में ऊँची छलांग लगाई है। कुछ माह पूर्व खजुराहो संसदीय क्षेत्र से रिकार्ड मतों के अंतर से जीत दर्ज कर सांसद निर्वाचित हुए और अब मध्य प्रदेश भाजपा के नए अध्यक्ष हैं। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद से लम्बे समय तक जुड़े रहकर विभिन्न पदों पर सेवायें देने वाले वीडी शर्मा की पहचान निर्विवाद, संघर्षशील, जमीनी नेता व कुशल संगठक के रूप में होती है। मध्य प्रदेश के मुरैना जिले से आने वाले शर्मा पिछले 32 सालों से राजनीति में सक्रिय हैं। चंबल क्षेत्र में भाजपा का बड़ा ब्राह्मण चेहरा माने जाते हैं।

शिवराज बोले- पार्टी नई ऊंचाई प्राप्त करेगी

मजबूत संगठनात्मक कौशल और दीर्घकालिक अनुभव रखने वाले सांसद विष्णु दत्त शर्मा को मध्य प्रदेश का भाजपा अध्यक्ष नियुक्त किये जाने की खबर आने के बाद से ही उनके निर्वाचन क्षेत्र खजुराहो के पार्टी कार्यकर्ताओं में ख़ुशी की लहर देखी जा रही है। प्रदेश के ग्वालियर-चम्बल, बुंदेलखंड एवं विंध्य क्षेत्र में जमीनी सम्पर्क व प्रभाव रखने वाले शर्मा को भाजपा की कमान सौंपने के निर्णय को लेकर उम्मीद की जा रही है, वे पार्टी कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा-उत्साह का संचार कर संगठन को मजबूती प्रदान करने में सफल होंगे। प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष शिवराज सिंह चौहान ने ट्वीट कर वीडी शर्मा को बधाई दी। उन्होंने कहा- “मुझे पूर्ण विशवास है कि शर्मा के नेतृत्व में पार्टी नई ऊंचाई प्राप्त करेगी। कार्यकर्ता नए जोश और नई उमंग के साथ पार्टी और प्रदेश को आगे बढ़ाने में योगदान देंगे। शर्मा को जब भी कोई काम दिया गया, उसे हर बार नई ऊंचाई प्रदान की, नए मानक तय किए। कलाम इनोवेशन एण्ड गवर्नेंस अवार्ड, यूथ लीडर अवार्ड जैसे पुरुष्कारों ने आपके प्रयासों को सम्मान देने का काम किया। पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज ने निवृतमान अध्यक्ष राकेश सिंह के कार्यकाल की भी सराहना की है।

शर्मा के सामने उपचुनाव की चुनौती

विष्णु दत्त शर्मा के लिए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के तौर पर यूँ तो कई चुनौतियाँ हैं, लेकिन प्रदेश की जौरा और आगर विधानसभा सीटों पर होने वाले उपचुनाव में पार्टी को जिताना उनके सामने पहली सबसे बड़ी चुनौती होगी। इसके पश्चात नगरीय निकायों तथा पंचायती राज संस्थाओं में भाजपा का कब्ज़ा बरकरार रखना दूसरा बड़ा इम्तिहान होगा। मध्य प्रदेश में साल भर से सत्ता से बाहर चल रही भारतीय जनता पार्टी के दिग्गज नेताओं के बीच समन्वय बनाकर सशक्त विपक्ष की भूमिका निभाते हुए संगठन को सक्रिय रखना वीडी शर्मा के लिए आसान नहीं होगा। शर्मा को भाजपा की कमान ऐसे समय पर मिली है जब पार्टी के कुछ विधायकों के कांग्रेस के संपर्क में होने की चर्चाएं सियासी गलियारों में आम है। मैहर के विधायक नारायण त्रिपाठी तो सीएए और एनआरसी को लेकर पहले ही कड़ा विरोध दर्ज कराते हुए बगावती तेवर दिखा चुके हैं।
मध्य प्रदेश भाजपा का अध्यक्ष मनोनीत होने के बाद पन्ना पहुंचे सांसद वीडी शर्मा का जगह-जगह आत्मीय स्वागत हुआ।
इसके अलावा भाजपा के कई दिग्गज नेता बहुचर्चित हनी ट्रैप काण्ड व भ्रष्टाचार के मामलों की जांच के घेरे में हैं। इन तमाम चुनौतियों एवं विपरीत परिस्थितियों के बीच युवा नेता वीडी शर्मा की प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पद पर ताजपोशी हो रही है। छात्र एवं युवा राजनीति में बेहद कामयाब और लम्बी पारी खेल चुके ऊर्जावान जुझारू नेता वीडी शर्मा क्या इस बार भी खुद को साबित कर पाएंगे ? इसलिए, आने वाले समय में यह देखना काफी दिलचस्प होगा कि वीडी प्रदेश संगठन प्रमुख की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी को किस तरह निभाते हैं।