स्वतंत्रता दिवस : कलेक्टर के ध्वजारोहण कर ली सलामी, महापुरुषों के चित्रों पुष्पांजलि अर्पित की

0
393

* कोरोना संकट के चलते शासन निर्देशानुसार मनाया स्वतंत्रता दिवस

पन्ना। (www.radarnews.in) जिला मुख्यालय पर कलेक्टर कर्मवीर शर्मा द्वारा संयुक्त भवन कलेक्ट्रेट में ध्वजारोहण कर स्वतंत्रता दिवस समारोह को मनाया गया। इस अवसर पर उन्होंने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं संविधान निर्माता डाॅ. भीमराव अम्बेडकर के चित्र पर पुष्प अर्पित किए गए। तत्पश्चात् कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों द्वारा पुष्प अर्पित किए गए।
ध्वजारोहण होने के साथ पुलिस बल द्वारा राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी गयी। इसके उपरांत राष्ट्र गान सामूहिक रूप से गाया गया। इस वर्ष कोरोना वायरस महामारी को दृष्टिगत रखते हुए शासन द्वारा जारी दिशानिर्देशों के परिपालन में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अन्य कार्यक्रम आयोजित नहीं किए गए।

राज्य स्तरीय समारोह का लाइव प्रसारण देखा

ध्वजारोहण कार्यक्रम सम्पन्न होने के उपरांत कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में कलेक्टर कर्मवीर शर्मा, पुलिस अधीक्षक मयंक अवस्थी के साथ अन्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने राष्ट्र स्तर पर आयोजित स्वतंत्रता दिवस समारोह का लाइव प्रसारण देखने के साथ प्रदेश स्तर पर आयोजित स्वतंत्रता दिवस समारोह एवं प्रदेश के माननीय् मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान का जनता के नाम संदेश का लाइव प्रसारण देखा एवं सुना गया।

सहयोग से सुरक्षा अभियान का शुभारंभ

ध्वजारोहण कार्यक्रम एवं राज्य स्तरीय स्वतंत्रता समारोह का प्रसारण देखने के उपरांत मौके पर उपस्थित सभी अधिकारियों, कर्मचारियों ने सहयोग से ही सुरक्षा अभियान के तहत शपथ ग्रहण की गयी। इस अवसर पर कलेक्टर कर्मवीर शर्मा द्वारा कार्यक्रम उपस्थितों को शपथ दिलाई गयी। मौके पर कलेक्टर श्री शर्मा एवं पुलिस अधीक्षक मयंक अवस्थी द्वारा शपथ पत्र भरे गए। इसके साथ ही अन्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा शपथ पत्र भरने का सिलसिला जारी हो गया।
शपथ में देश के 74वें स्वतंत्रता दिवस पावन पर्व पर लोगों द्वारा शपथ ली गयी कि कोरोना वायरस के संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए स्वयं तथा अपने क्षेत्र के लोगों को मुह पर मास्क, दुपट्टा, रूमाल या कपडा बांधकर घर से बाहर निकलने, घर के बाहर आपस में 2 गज की दूरी रखने एवं बार-बार साबुन और पानी से हांथों को धोने के लिए प्रेरित करूंगा। कोरोना को लेकर किसी से कोई बुरा व्यवहार या भेदभाव न करते हुए सभी के साथ प्रेम और सहयोग का व्यवहार करूंगा। कोरोना से युद्ध में जो हमारी ढाल हैं जैसे डाॅक्टर, नर्स, अस्पताल कर्मी, पुलिस, सफाई कर्मी, मैदानी कार्यकर्ता आदि का मैं हमेशा उनका सहयोग, समर्थन और सम्मान करूंगा।

कलेक्टर ने जिलेवासियों को शुभकामनाएं दीं

कलेक्टर पन्ना, कर्मवीर शर्मा।
देश के 74वें स्वतंत्रता दिवस के पावन पर्व पर कलेक्टर कर्मवीर शर्मा ने जिलेवासियों को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि यह पावन पर्व हमारे महान स्वतंत्रता सैनानियों के समर्पण, त्याग और वलिदान का प्रतीक है। इस पर्व से हम सभी लोग भाईचारे की भावना के साथ एकजुट होकर कार्य करने की प्रेरणा देते रहेंगे। हम सभी देश, प्रदेश एवं जिले के विकास में अपने कर्तव्यों का निर्वहन निष्ठापूर्वक करते रहेंगे।
उन्होंने कहा कि वर्तमान में कोविड-19 महामारी के संकट से निपटने के लिए हम सभी को एक साथ मिलकर प्रयास करने होंगे। कोरोना वायरस संक्रमण की रोकथाम के लिए मास्क लगाना, 2 गज की दूरी बनाए रखना, हांथों को बार बार साबुन से धोकर साफ रखना एवं अनावश्यक घरों से बाहर न निकलकर इस महामारी को हराने में प्रशाासन का सहयोग करेंगे ऐसा करने पर पन्ना जीतेगा और कोरोना हारेगा।