कोविड-19 से बचने के लिए टीका सबसे बड़ा सुरक्षा कवच – शिवराज

0
426
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने दतिया में टीकाकरण महाअभियान का शुभारंभ कर वैक्सीनेट हुए लोगों को प्रमाण-पत्र वितरित किये।

*    मुख्यमंत्री ने दतिया जिले में किया टीकाकरण महाअभियान का शुभारंभ

भोपाल। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि वैश्विक महामारी कोविड-19 को हराने के लिए और खुद को सुरक्षित करने के लिए कोरोना वैक्सीन लगवाना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि वैक्सीन लगवाने के बाद या तो कोरोना बिलकुल नहीं होगा और यदि हो गया भी तो इसका अधिक असर नहीं होगा और मरीज शीघ्र स्वस्थ हो जाएगा।
मुख्यमंत्री श्री चौहान आज दतिया जिले के ग्राम परासरी में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर टीकाकरण महाअभियान का शुभारंभ कर संबोधित कर रहे थे। उन्होंने मंच पर पाँच लोगों को प्रतीक स्वरूप कोरेना वैक्सीन का टीका लगवाकर महाअभियान का शुभारंभ किया। यह महाअभियान पूरे प्रदेश में एक साथ चलाया जा रहा है। प्रदेश में आज 21 जून को 10 लाख लोगों के वैक्सीनेशन का लक्ष्य रखा गया है। दतिया जिले में आज 8 हजार लोगों को टीके लगाने का लक्ष्य रखा गया है।
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि कोरोना वैक्सीन जीवन के लिए संजीवनी का कार्य करती है। इसका कोई साइड इफेक्ट नहीं है। किसी-किसी को थोड़ा बुखार आता है। इसलिए सभी लोग खुद भी वैक्सीन लगवाये एवं अन्य लोगों को भी लगवाने के लिए प्रेरित करें। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि यह अभियान लगातार चलता रहेगा। कोविड-19 से खुद को भी सुरक्षित करना है एवं अपने बच्चों को भी सुरक्षित करें। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि वैक्सीन लगवाने के बाद भी गाइड लाइन का पालन करना है। इसके लिए मास्क का उपयोग करें, आवश्यक दूरी बनाए रखें, भीड़-भाड़ में नहीं जाएँ, आवश्यक होने पर ही घर से निकले तथा समय-समय पर साबुन से हाथ धोये या सेनेटाइजर का उपयोग करते रहें।
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि यह समय स्वागत का नहीं है। कोरोना रूपी संकट से लड़ने का समय है। कोरोना ने पूरी दुनिया को हिला कर रख दिया है। इसलिए नियमों का पालन करते रहना अति-आवश्यक है। उन्होंने कहा कि हमारी प्राथमिकता कोरोना पर विजय प्राप्त करना है। कोरोना वायरस बहुरूपिया है, जो अपना रूप बदलता रहता है। उन्होंने कहा कि हमने कोरोना काल में अपनों को खोया है। इसलिए हमारा सभी का यह प्रयास होना चाहिए कि ऐसा समय दोबारा नहीं आने पाए। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि कोरोना को फैलने नहीं देना है।
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने दतिया में टीकाकरण महाअभियान के अंतर्गत प्रेरणा रथ को रवाना किया।
गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्र ने कहा कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बेटी बचाओ अभियान, तीर्थ-दर्शन एवं मुख्यमंत्री कन्यादान योजना की घोषणा दतिया में ही की थी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व ने प्रदेश को संबल दिया है। दतिया के लिए जो भी मांग की गई हैं वे मुख्यमंत्री श्री चौहान द्वारा पूरी की गई हैं।
समारोह में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा प्रेरकों का सम्मान किया गया। साथ ही उन्होंने वृक्षारोपण कर वैक्सीनेशन के प्रचार रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।