* तेज रफ्तार और स्पीड ब्रेकर न होना बना हादसे की वजह
देवीदीन कबीरदास, नरदहा।(www.radarnews.in) पन्ना जिले के दूरस्थ सीमावर्ती ग्राम नरदहा में कालिंजर-चित्रकूट मार्ग पर शुक्रवार दोपहर एक भीषण सड़क दुर्घटना हो गई, जिसमें बोलेरो नियो और एक मिनी ट्रक आमने-सामने टकरा गए। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बोलेरो का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, वहीं मिनी ट्रक को भी भारी नुकसान पहुंचा। हादसे में दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार घटना विंदा प्रसाद उर्फ छोटू के साइकिल रिपेयरिंग सेंटर के सामने शुक्रवार 17 अप्रैल को करीब 3:30 बजे हुई। बताया गया कि बोलेरो नियो कालिंजर की ओर से आ रही थी, जबकि मिनी ट्रक चित्रकूट की तरफ से तेज रफ्तार में आ रहा था। इसी दौरान दोनों वाहनों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई, जिससे तेज धमाका हुआ और आसपास अफरा-तफरी मच गई।
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने तत्काल डायल 102 पर सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस चौकी के स्टाफ ने घायलों को एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अजयगढ़ भेजा। दुर्घटना में एक व्यक्ति के सिर में गंभीर चोट आई है और वह बेहोश हो गया, जबकि दूसरे व्यक्ति का पैर टूटने की जानकारी सामने आई है। ग्रामीणों ने बताया कि नरदहा के मुख्य मार्ग किनारे बस्ती आबाद होने के बावजूद स्पीड ब्रेकर नहीं हैं, जिससे आए दिन दुर्घटनाएं होती रहती हैं। उन्होंने प्रशासन से यहां जल्द से जल्द स्पीड ब्रेकर बनाने और सड़क सुरक्षा उपाय बढ़ाने की मांग की है। इधर चौकी नरदहा से प्राप्त जानकारी के आधार पर थाना धरमपुर पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।