हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस ने पवई व अजयगढ़ में मीडिएशन सेंटर का ई-लोकार्पण किया

0
27
मध्य प्रदेश हाईकोर्ट जबलपुर भवन। (प्रतीकात्मक चित्र)

*          पवई में न्यायिक अधिकारियों के नवीन आवास भी हुए लोकार्पित

पन्ना।(www.radarnews.in) जिले की पवई और अजयगढ़ तहसील में बने नए मीडिएशन सेंटर तथा पवई में न्यायिक अधिकारियों के आवासीय भवनों का ई-लोकार्पण शुक्रवार शाम मुख्य अतिथि चीफ जस्टिस मध्य प्रदेश हाईकोर्ट जबलपुर एवं राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के मुख्य संरक्षक संजीव सचदेवा के करकमलों से संपन्न हुआ। कार्यक्रम में न्यायपालिका के वरिष्ठ अधिकारियों की गरिमामयी उपस्थिति रही। इस अवसर पर चीफ जस्टिस श्री सचदेवा ने अपने उद्बोधन में कहा कि मीडिएशन सेंटर से विवादों का जल्दी और आपसी सहमति से समाधान संभव होगा। इससे न्यायालयों में लंबित मामलों का बोझ कम होने में मदद मिलेगी। न्यायिक अधिकारियों को बेहतर आवास मिलने से कार्यक्षमता बढ़ेगी एवं सेवाओं की गुणवत्ताओं में वृद्धि होगी।
तहसील विधिक सेवा समिति पवई और अजयगढ़ में तैयार मीडिएशन सेंटर तथा पवई में न्यायिक अधिकारियों के लिए बने आवासीय भवनों का ई-लोकार्पण 17 अप्रैल को शाम 5 बजे ऑनलाइन माध्यम से किया गया। इस अवसर पर मध्य प्रदेश हाईकोर्ट जबलपुर के चीफ जस्टिस संजीव सचदेवा मुख्य अतिथि के रूप में जुड़े। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रशासनिक जज मध्य प्रदेश हाईकोर्ट जबलपुर एवं राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के कार्यपालक अध्यक्ष विवेक रूसिया ने की, जबकि पोर्टफोलियो जज पन्ना देवनारायण मिश्रा विशेष रूप से उपस्थित रहे। तहसील पवई के मध्यस्थता केन्द्र के ई-लोकार्पण कार्यक्रम के दौरान अध्यक्ष तहसील विधिक सेवा समिति पवई सोम पाण्डेय, न्यायिक मजिस्ट्रेट पुनीता चौहान, सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण राजकुमार गौड़, अध्यक्ष अधिवक्ता संघ तहसील पवई राजेश कुमार नगायच सहित बड़ी संख्या में अधिवक्तागण, न्यायिक एवं विधिक सेवा प्राधिकरण के कर्मचारी एवं आईटी टीम भी उपस्थित थी।
तहसील अजयगढ़ के मध्यस्थता केन्द्र के ई-लोकार्पण कार्यक्रम के दौरान तृतीय जिला न्यायाधीश अरविन्द शर्मा, अध्यक्ष तहसील विधिक सेवा समिति उपमा भार्गव, जिला विधिक सहायता अधिकारी अतुल सेन सहित बड़ी संख्या में अधिवक्तागण, लोक निर्माण विभाग पीआईयू के अनुविभागीय अधिकारी यशवंत सिंह, न्यायिक एवं विधिक सेवा प्राधिकरण के कर्मचारी भी उपस्थित रहे। तहसील पवई में न्यायिक अधिकारियों के लिये निर्मित आवासीय भवनों के ई-लोकार्पण कार्यक्रम के दौरान प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश शरतचन्द्र सक्सेना, विशेष न्यायाधीश प्रदीप कुशवाहा, न्यायिक मजिस्ट्रेट अमित शर्मा सहित पीडब्ल्यूडी, राजस्व, पुलिस विभाग के अधिकारीगण के साथ-साथ आईटी टीम एवं न्यायिक कर्मचारीगण भौतिक रूप से उपस्थित रहे।
चीफ जस्टिस, मध्य प्रदेश हाईकोर्ट जबलपुर श्री सचदेवा ने ई-लोकार्पण कार्यक्रम के दौरान अपने उद्बोधन में नवनिर्मित मध्यस्थता केन्द्रों, जिला न्यायालय एवं तहसील न्यायालयों के भवनों एवं न्यायिक अधिकारियों के आवासीय भवनों के निर्माण में सहयोग प्रदान करने वाले समस्त संबंधितों को शुभकामनाएं प्रदान कीं। साथ ही कहा कि भवन का निर्माण करना जितना महत्वपूर्ण है, उससे अधिक कहीं चुनौतीपूर्ण कार्य उसका सतत् संरक्षण एवं समुचित रखरखाव सुनिश्चित करना है। ज्ञात हो कि जहां मध्यस्थता केन्द्र विवादों के त्वरित, सुलभ एवं सौहार्दपूर्ण निस्तारण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे तथा न्यायालयों में लंबित प्रकरणों के भार को कम करने में सहायक सिद्ध होंगे, वहीं न्यायिक अधिकारियों हेतु बेहतर आवासीय सुविधाएं उपलब्ध होने से कार्यकुशलता एवं सेवाओं की गुणवत्ताओं में वृद्धि होगी।