Home Blog Page 41

MP : पन्ना नेशनल पार्क के अकोला गेट का शुभारंभ

0
पन्ना टाइगर रिजर्व के अकोला गेट का शुभारंभ करते हुए खनिज साधन एवं श्रम मंत्री बृजेन्द्र प्रताप सिंह।
पन्ना। (www.radarnews.in) खनिज साधन एवं श्रम मंत्री बृजेन्द्र प्रताप सिंह ने शुक्रवार 6 अक्टूबर को सुबह पन्ना नेशनल पार्क के अकोला गेट का शुभारंभ किया। अब मड़ला एवं हिनौता गेट का अलावा पर्यटक पन्ना टाइगर रिजर्व में अकोला गेट से भी प्रवेश कर सकेंगे। इससे यहां पर्यटन के साथ रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे। खनिज मंत्री ने इस मौके पर हिनौता गेट से नेशनल पार्क भ्रमण के लिए पहुंचे पर्यटकों से भेंट की और शुभकामनाएं दी। उन्होंने पर्यटकों का स्वागत किया और जिप्सी को हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया। शुभारंभ कार्यक्रम में पन्ना टाइगर रिजर्व के फील्ड डायरेक्टर बृजेन्द्र झा एवं उप संचालक रिपुदमन सिंह भदौरिया भी उपस्थित थे।
पर्यटकों की जिप्सी को हरी झण्डी दिखाकर रवाना करते हुए खनिज साधन एवं श्रम मंत्री बृजेन्द्र प्रताप सिंह।

केन-बेतवा लिंक प्रोजेक्ट : अन्नदाता के आक्रोश से “सिंगूर” की तरह सुलगने लगा बांध का डूब क्षेत्र

0
केन-बेतवा लिंक प्रोजेक्ट से विस्थापित होने वाले गांवों के अन्नदाता किसानों व ग्रामीणों ने उचित मुआवजा और बेहतर पुनर्वास की मांग को लेकर जल सत्याग्रह किया।

*      विवादित नदी जोड़ो परियोजना को लेकर सब्जबाग दिखा रही सरकार ने प्रभावितों की मांगों पर मौन साधा

*      भूमि अधिग्रहण में मनमानी के खिलाफ 25 गांव के लोगों ने प्रस्तावित बांध क्षेत्र में किया जल सत्याग्रह

*     भाजपा सरकार के खिलाफ महापंचायत में वोट बंदी, चूल्हा बंदी और ग्राम बंदी जैसे कठोर कदम उठाने का ऐलान

शादिक खान, पन्ना/बिजावर। (www.radarnews.in) क्या आपको सिंगूर याद है! आप उसके बारे में क्या जानते हैं ? यह किसी परीक्षा में पूंछे गए प्रश्न नहीं हैं। इसलिए दिमाग पर जोर डालने के बाद भी अगर कुछ याद ना आ रहा हो तो कोई बात नहीं, हम आपको बता देते हैं। पश्चिम बंगाल में स्थित सिंगूर वर्ष 2006 में भूमि अधिग्रहण के खिलाफ ऐतिहासिक आंदोलन को लेकर राष्ट्रीय स्तर पर सुर्ख़ियों में आया था। सिंगूर में टाटा की नैनो कार फैक्ट्री को लेकर जमीन अधिग्रहण के विरोध में तत्कालीन विपक्ष की तेज-तर्रार नेत्री ममता बनर्जी ने बड़ा और सफल जन आंदोलन चलाया था। भूमि अधिग्रहण के खिलाफ सिंगूर के ऐतिहासिक आंदोलन को चलाकर ममता बनर्जी राष्ट्रीय फलक पर चमकीं और पांच साल बाद हुए विधानसभा के चुनाव में उन्होंने पश्चिम बंगाल में 34 साल पुराने वामपंथी शासन को उखाड़ दिया था। सिंगूर के आंदोलन को आज़ाद भारत के इतिहास में जबरन भूमि अधिग्रहण के खिलाफ सबसे बड़े जन आंदोलन के तौर पर देखा जाता है।
अब बात मुद्दे की, इन दिनों मध्यप्रदेश के बुंदेलखण्ड अंचल में बहुचर्चित केन-बेतवा लिंक परियोजना प्रभावित छतरपुर एवं पन्ना जिले के गांवों में जबरिया भूमि अधिग्रहण के खिलाफ सिंगूर सरीखे आक्रोश की आग अन्नदाता किसानों के सीने में सुलग रही है। बहुउद्देशीय केन-बेतवा लिंक परियोजना के निर्माण के लिए जारी भूमि अधिग्रहण की कार्रवाई के खिलाफ परियोजना प्रभावित गांवों के लोग पिछले कुछ समय से लगातार आंदोलन कर रहे हैं। इसी क्रम में परियोजना के डूब क्षेत्र में आने वाले 25 ग्रामों के वाशिंदों द्वारा गुरुवार 5 अक्टूबर को जल सत्याग्रह किया गया। जिसमें बड़ी संख्या में आदिवासी महिलाएं शामिल रहीं। जल सत्याग्रह पन्ना टाइगर रिजर्व के कोर क्षेत्र में नदी जोड़ो परियोजना के तहत प्रस्तावित दौधन बांध स्थल पर किया गया। करीब सप्ताह भर के अंतराल में प्रभावित ग्रामीणों का यह दूसरा जल सत्याग्रह है। मेगा प्रोजेक्ट के लिए जमीनों का जबरिया भूमि अधिग्रहण करने पर आमादा प्रशासन की कार्रवाई का किसानों के द्वारा निरंतर कड़ा विरोध करने के बाद से ही पूरे इलाके में जबर्दस्त तनावपूर्ण स्थिति निर्मित है। अपने खेतों को बचाने के लिए संघर्ष कर रहे ग्रामीणों में क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों व प्रशासन की भूमिका को लेकर बेहद गुस्सा और निराशा देखी जा रही है।

पर्यावरण से जुड़ीं चिंताओं के बीच सिर्फ लाभ गिना रहे

केन-बेतवा नदी जोड़ो परियोजना प्रभावित किसानों-ग्रामीणों की महापंचायत को संबोधित करते हुए समाजसेवी अमित भटनागर।
जल सत्याग्रह की अगुवाई करने वाले समाजिक कार्यकर्ता अमित भटनागर ने भूमि अधिग्रहण की कार्रवाई में प्रशासन पर निर्धारित प्रक्रिया का पालन न कर खुली मनमानी करते हुए प्रभवितों के संवैधानिक अधिकारों का हनन करने सरीके बेहद गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है, केन-बेतवा लिंक पर प्रदेश सरकार एवं प्रशासन के एकालाप वाले रवैये के चलते परियोजना के डूब क्षेत्र प्रभावित ग्रामों के वाशिंदे अपनी न्यायोचित मांगों की उपेक्षा से आक्रोशित हैं। नदी जोड़ो परियोजना को लेकर पर्यावरण संबंधी गंभीर चिंताओं के बीच परियोजना के मात्र लाभ गिनाकर सब्जबाग दिखाने वाली सरकार बहादुर ने प्रभावितों के मुद्दे पर पूरी तरह मौन साध रखा है। जबकि इससे पर्यावरण पर पड़ने वाले व्यापक दुष्प्रभाव एवं हजारों लोगों के विस्थापन जैसे ज्वलंत मुद्दों पर जिम्मेदार कुछ भी बोलने या सुनने को तैयार नहीं है।

हर जुल्म का सामना करेंगे पर जमीन नहीं देंगे

केन-बेतवा लिंक प्रोजेक्ट से प्रभावित होने वाले गांवों के रहवासियों ने प्रस्तावित दौधन बांध स्थल पर महापंचायत कर आगे के आंदोलन की रणनीति पर चर्चा की।
अमित ने कहा कि इस परियोजना में पहले 22 गांव प्रभावित थे अभी इसमें 3 गांव और जुड़ गए हैं, अब प्रभावित ग्रामों की संख्या 25 हो गई है। परियोजना के कारण बेघर होने वाले 25 गांव के लगभग 25 हजार लोगों का भविष्य सरकार की मनमानी के चलते अंधकारमय होने जा रहा है। ग्रामीणों को परियोजना संबंधी किसी भी तरह की वांछित जानकारी नहीं दी जा रही है। जल्द से जल्द भू-अर्जन करने के चक्कर में मौजूदा प्रदेश सरकार ने सत्ता का दुरूपयोग करते हुए पूरी प्रक्रिया का मजाक बना दिया है। खुद को किसान हितैषी बताकर गाल बजाने वाली सरकार के द्वारा परियोजना प्रभावितों के वैधानिक अधिकारों की हत्या की जा रही है। आज जब हजारों लोगों के साथ भू-अर्जन में खुलेआम अन्याय हो रहा है तो कल को इस बात की क्या गारंटी है, कई सालों बाद जब केन-बेतवा लिंक परियोजना बनकर तैयार होगी तो इससे लोगों को वे सभी लाभ मिलेंगे जिन्हें आज गिनाया जा रहा है? जिस परियोजना की आधारशिला रखने के लिए आज हजारों लोगों को बर्बाद किया जा रहा हो उससे कल खुशहाली कैसे आएगी? परियोजना निर्माण के लिए 25 गांवों के लोगों को उचित मुआवजा राशि एवं बेहतर पुनर्वास के बगैर विस्थापित करने की तैयारी चल रही है। लेकिन हमने भी ठान लिया है शासन-प्रशासन के हर जोर-जुल्म का सामना करेंगे मगर अपनी जमीन नहीं छोड़ेंगे।

मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपेंगे प्रभावित किसान 

आप नेता अमित भटनागर ने बताया कि 6 अक्टूबर बुधवार को मुख्यमंत्री बिजावर के जटाशंकर आ रहे है, हम मुख्यमंत्री जी से मिलकर एक ज्ञापन सौंपना चाहते हैं। किसानों के प्रतिनिधिमंडल के साथ मिलकर मुख्यमंत्री को परियोजना प्रभावितों की पीड़ा से अवगत कराना चाहते हैं। श्री भटनागर ने उम्मीद जताई है कि प्रशासन व सरकार किसानों की आवाज उठाने पर पूर्व की तरह उनको गिरफ्तार करने के बजाए समस्या के समाधान की दिशा में सार्थक कदम उठाएगा। केन-बेतवा लिंक परियोजना प्रभावित पल्कोंहा गांव के ग्याशी रैकवार का कहना है कि यदि मुख्यमंत्री जी ने पीड़ित किसानों की जायज मांगों पर गंभीरता पूर्वक विचार नहीं किया तो हम अपने आंदोलन को और तेज करके को विवश होंगे। अपनी घोषणा के अनुसार वोट बंदी, चूल्हा बंदी एवं ग्राम बंदी जैसे कठोर कार्यक्रमों को लागू करेंगे।

ये रहे शामिल

जल सत्याग्रह व महापंचायत में सामाजिक कार्यकर्ता अमित भटनागर, भुवन विक्रम सिंह, भगवान सिंह सरपंच सुकवाहा, चतुर सिंह उपसरपंच सुकवाहा, समीक्षा पुष्पेन्द्र सिंह जनपद सदस्य सुकवाहा, सावित्री जगन्नाथ यादव सरपंच पल्कोंहा, मुना नत्थू रैकवार उपसरपंच पल्कोंहा, प्रभु यादव उपसरपंच ढोडन, हरदयाल लोधी सरपंच कदवारा, चंदू अहिरवार उपसरपंच कदवारा, रतिराम अहिरवार सरपंच खरयानी, भगवानदास आदिवासी जनपद सदस्य ककरा(नरौली), करन सिंह, बृजेन्द्र मिश्रा, महेश विश्वकर्मा, दशरथ रैकवार, ज्ञासी रैकवार, चूरा अहिरवार, वृंदावन पाल, तुलसी आदिवासी, अयोध्या शुक्ला, बब्बू सिंह यादव, पवन यादव, इमरत लाल अहिरवार, कोमल कुशवाहा, शीला, राखी विश्वकर्मा,कमली, सुनती, बबली, प्रभा, कला, काशी, हरबाई, शीतल, बैनीबाई, भूरि, रमकी, सुनना, प्यारी, गौरीबाई, लक्षमी, यशोदा, पुनिया, खुममी, तारा, बिमला, गुलाबबाई सहित बड़ी संख्या में डूब क्षेत्र प्रभावित ग्रामों के पुरुष और महिलाएं शामिल हुए। महापंचायत और जल सत्याग्रह में शामिल ग्रामीणअपने हाथों में नारे लिखीं तख्तियां लिए थे।

बेटे ने की बुजुर्ग पिता की हत्या : मोबाइल टावर लगवाने पर मिले रुपयों में हिस्सा न मिलने से था नाराज

0
बुजुर्ग पिता के हत्यारोपी बेटे को गिरफ्तार करने वाली थाना शाहनगर की पुलिस टीम।

*     पन्ना जिले शाहनगर थाना क्षेत्र के परसवारा ग्राम की घटना

*     कलयुगी बेटे ने लाठी-डण्डों से किया था निर्ममता पूर्वक हमला

*      गंभीर रूप से घायल वृद्ध की इलाज के दौरान कटनी में हुई मौत

*      आरोपी पुत्र को पन्ना पुलिस ने 24 घंटे के अंदर किया गिरफ्तार

पन्ना/शाहनगर। (www.radarnews.in) मध्यप्रदेश के पन्ना जिले में शाहनगर थाना अंतर्गत परसवारा ग्राम में एक अधेड़ उम्र के व्यक्ति ने अपने बुजुर्ग पिता पर लाठी-डण्डों से हमला कर निर्ममता पूर्वक हत्या कर दी। थाना पुलिस ने घटना की गंभीरता को देखते तत्परता से कार्रवाई कर हत्यारोपी को 24 घण्टे के अंदर गिरफ्तार कर लिया है। कलयुगी पुत्र के द्वारा वृद्ध पिता की जघन्य हत्या करने की सनसनीखेज वारदात का पता चलने के बाद से लोग हैरान हैं। हत्या का कारण पिता के द्वारा रुपयों में बेटे को हिस्सा न देना बताया जा रहा है। इस घटना पर पुलिस ने आरोपी उत्तम पाल 52 वर्ष के विरुद्ध हत्या का प्रकरण पंजीबद्ध कर मामले को विवेचना लिया है।

रुपए मांगने पर हुआ था विवाद

प्राप्त जानकारी अनुसार, बुधवार 4 अक्टूबर 2023 को मुखबिर द्वारा थाना शाहनगर में सूचना दी गई कि ग्राम परसवारा में एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल अवस्था में पड़ा है। थाना प्रभारी शाहनगर उप निरीक्षक घनश्याम मिश्रा द्वारा तत्काल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुँचकर देखा गया तो रामपत गड़ारी 74 वर्ष गंभीर रूप से लहूलुहान हालत में पड़ा था। उसके शरीर पर चोटों के गंभीर निशान थे। पुलिस टीम ने तत्काल घायल वृद्ध को इलाज हेतु कटनी रवाना किया। मौके पर नीतू पाल पति बल्लू पाल द्वारा पुलिस से रिपोर्ट की गई कि, करीब 2 वर्ष पूर्व रामपत गड़ारी ने अपने खेत में मोबाइल फोन का टावर लगवाया गया था। जिसके एवज में कंपनी से उसको कुछ राशि मिली थी। इन रुपयों में वृद्ध से पुत्र उत्तम पाल अपना हिस्सा माँगता रहता था। जिसे लेकर पिता से उसका विवाद होता था। पैसो में हिस्सा न मिलने के कारण नाराज चल रहे उत्तम पाल ने बुधवार को अपने पिता ऊपर लाठी-डंडा से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। जिससे पीड़ित को अत्यंत ही गंभीर चोटें आई थी। फरियादिया नीतू पाल की रिपोर्ट पर पुलिस ने देहाती नालसी लेख कर थाना शाहनगर में आरोपी उत्तम पाल के विरूद्ध अपराध क्रमांक 237/23 धारा 294, 307, 506 आईपीसी का अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
भागने की फ़िराक में था आरोपी
घटना की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी शाहनगर घनश्याम मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा मौके पर जाकर तस्तीक की गई। साथ ही मामले में पीड़ित के मृत्यु पूर्व कथन जिला अस्पताल कटनी में कराए गए। इस बीच रामपत गड़ारी की इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने तत्परता से दर्ज प्रकरण में धारा 302 को इजाफा किया। वहीं मुखबिर द्वारा थाना प्रभारी शाहनगर सूचना दी गई कि पिता की हत्या के आरोपी उत्तम पाल त्रिपुर सुंदरी मंदिर के पास कस्बा से बाहर भाग जाने की फिराक में बैठा है। पुलिस ने तुरंत मौके पर पहुंचकर दबिश देते हुए हत्यारोपी को हिरासत में ले लिया। पवई एसडीओपी सौरभ रत्नाकर ने बताया कि, पुलिस की पूँछताछ के दौरान आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार किया है। पुलिस टीम ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे कब्जे से घटना में प्रयुक्त डण्डा एवं आरोपी के रक्त रंजित कपड़े जब्त कर लिए हैं।

मध्यप्रदेश में 5 करोड़ 60 लाख 60 हजार 925 हुई सामान्य मतदाताओं की संख्या

0
मुख्य ‍निर्वाचन पदाधिकारी अनुपम राजन ने राजनीतिक दलों के साथ बैठक की।

*      द्वितीय विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम में 16 लाख 83 हजार 790 मतदाता बढ़े

*      मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने मतदाता सूची के अंतिम प्रकाशन के अवसर पर राजनीतिक दलों के साथ की बैठक

*      नाम निर्देशन पत्र दाखिल करने की अंतिम तारीख के 10 दिन पहले तक जुड़वा सकेंगे मतदाता सूची में अपना नाम

भोपाल। (www.radarnews.in) मध्यप्रदेश में सामान्य मतदाताओं की संख्या अब 5 करोड़ 60 लाख 60 हजार 925 हो गई है। इसमें पुरुष मतदाताओं की संख्या 2 करोड़ 88 लाख 25 हजार 607 है। महिला मतदाताओं की संख्या 2 करोड़ 72 लाख 33 हजार 945 है। थर्ड जेंडर वोटर्स की संख्या 1 हजार 373 है। प्रदेश में 80 वर्ष या इससे अधिक आयु के वरिष्ठ मतदाताओं की संख्या 6 लाख 53 हजार 640 है, जबकि दिव्यांग मतदाता 5 लाख 5 हजार 146 हैं।
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी अनुपम राजन ने आज यह जानकारी देते हुए बताया कि बुधवार (4 अक्टूबर) को द्वितीय विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2023 के अंतर्गत मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन हो गया है। श्री राजन ने निर्वाचन सदन भोपाल में मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों/ प्रतिनिधियों के साथ बैठक की और उन्हें अंतिम मतदाता सूची की 230 विधानसभा क्षेत्रों की सीडी उपलब्ध कराई।
श्री राजन ने कहा कि प्रदेश में कुल मतदान केंद्रों की संख्या 64 हजार 523 है। आज प्रकाशित फोटो निर्वाचक नामावली की अंतिम सूची संबंधित मतदान केंद्र तथा निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी के कार्यालय और मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के कार्यालय की वेबसाइट www.ceomadhyapradesh.nic.in पर भी देखी जा सकती है।

75 हजार 304 है सेवा मतदाताओं की संख्या

प्रदेश में सेवा मतदाताओं की संख्या 75 हजार 304 है। इसमें पुरुष मतदाताओं की संख्या 73 हजार 20 है, जबकि महिला मतदाताओं की संख्या 2 हजार 284 है।

अगस्त से अक्टूबर के बीच 24 लाख नाम जोड़े 

दो अगस्त से चार अक्टूबर के बीच प्रदेश में कुल 24 लाख 33 हजार 965 मतदाताओं के नाम जोड़े गए। 7 लाख 50 हजार 175 मतदाताओं के नाम सूची से निरसित किए गए। इस प्रकार प्रदेश में कुल 16 लाख 83 हजार 790 मतदाताओं की संख्या में वृद्धि हुई है। 15 लाख 1 हजार 146 मतदाताओं के नाम, पता, उम्र, फोटो आदि विवरणों में संशोधन की कार्रवाई की गई है।

आयुवार सामान्य मतदाताओं की संख्या

प्रदेश में 18 से 19 आयुवर्ग के 22 लाख 36 हजार 564, 20 से 29 वर्ष के 1 करोड़ 41 लाख 76 हजार 780, 30 से 39 वर्ष के 1 करोड़ 45 लाख 3 हजार 508, 40 से 49 वर्ष के 1 करोड़ 6 लाख 87 हजार 673, 50 से 59 वर्ष के 74 लाख 85 हजार 436, 60 से 69 वर्ष 43 लाख 45 हजार 64, 70 से 79 वर्ष के 19 लाख 72 हजार 260 और 80 वर्ष या इससे अधिक उम्र के 6 लाख 53 हजार 640 मतदाता हैं।

10 दिन पहले तक जुड़ सकेंगे नाम

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी अनुपम राजन ने बताया कि फोटो निर्वाचक नामावली के अंतिम प्रकाशन के उपरांत भी पात्र नागरिक अपना नाम मतदाता सूची में जुड़वा सकता है। चुनाव कार्यक्रम की घोषणा होने के बाद प्रत्याशियों द्वारा नाम निर्देशन पत्र दाखिल करने की अंतिम तारीख के 10 दिन पहले तक नागरिकों से मतदाता सूची से नाम जोड़ने के आवेदन लिए जा सकेंगे। निर्धारित प्रक्रिया का पालन कर पात्र नागरिक अपना नाम वोटर लिस्ट में मतदाता के रूप में जुड़वा सकेंगे। बैठक में अपर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी राजेश कुमार कौल, संयुक्त मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी राकेश सिंह और श्रीमती रुचिका चौहान, भारतीय जनता पार्टी से भगवान दास सबनानी, श्री एस.एस. उप्पल, इंडियन नेशनल कांग्रेस से जेपी धनोपिया, बहुजन समाज पार्टी से सीएल गौतम, आम आदमी पार्टी से सुमित सिंह चौहान, कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया (मार्क्ससिस्ट) से पीव्ही रामचंद्रन उपस्थित थे।

सड़क किनारे स्थाई रूप से पार्क रहने वाले वाहनों को क्रेन से उठवाकर जप्त किया

0
सड़क किनारे स्थाई रूप से पार्क रहने वाले वाहनों को क्रेन की मदद से उठवाकर ले जाते हुए यातायात थाना पन्ना पुलिस।

*    यातायात थाना प्रभारी की कार्रवाई से बस और ट्रक ऑपरेटरों में मचा हड़कंप

पन्ना।(www.radarnews.in) शहर के चौराहों-तिराहों पर सड़क के किनारे स्थायी रूप से पार्क (खड़े) रहने वाले भारी वाहनों के खिलाफ यातायात थाना पन्ना पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। थाना प्रभारी यातायात सूबेदार ज्योति दुबे द्वारा बीटीआई तिराहा पर पर स्थायी रूप से पार्क होने वाली 2 यात्री बस एवं 1 ट्रक को जब्त करके क्रेन से उठवाकर थाना परिसर में खड़ा करवाया गया है। यातायात थाना पुलिस की इस कार्रवाई के बाद से बस और ट्रक मालिकों-ऑपरेटरों में मचा हड़कंप मचा है।
उल्लेखनीय है कि, शहर के चौराहों-तिराहों पर सड़क के किनारे स्थायी रूप भारी वाहनों के पार्क (खड़े) रहने के कारण वहां से होकर गुजरने वाले वाहनों के चालकों एवं राहगीरों की दृश्यता कम होने से दुर्घटनाओं का अंदेशा बना रहता है। साथ ही यातायात व्यवस्था भी प्रभावित होती है। यातायात थाना पन्ना पुलिस के द्वारा कई बार समझाईश देने के बाद भी चौराहों-तिराहों पर सड़क किनारे लगातार वाहन पार्क किये जा रहे थे। बस-ट्रक ऑपरेटरों की इस हठधर्मिता के मद्देनजर मंगलवार 3 अक्टूबर की शाम यातायात थाना पुलिस के द्वारा पन्ना के बीटीआई तिराहा पर स्थायी रूप पार्क (खड़े) होने वाले वाहनों को जब्त करने की कार्रवाई की गई। यातायात पुलिस ने 2 यात्री बस एवं 1 ट्रक को जब्त करके क्रेन से उठवाकर थाना परिसर में खड़ा करवाया है।
यातायात थाना प्रभारी सूबेदार ज्योति दुबे ने जानकारी देते हुए बताया कि उक्त कार्रवाई वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में की गई है। जब्त किए गए वाहनों के प्रकरण तैयार कर अग्रिम कार्रवाई हेतु न्यायालय में पेश किया जाएगा। उन्होंने बताया कि इसके आलावा शहर के कोतवाली चौराहा पर वाहन चैकिंग के दौरान आटो रिक्शा, नाबालिग वाहन चालकों, बिना हेलमेट वाहन चलाने वालों, टू-व्हीलर पर तीन सवारी मामले में कुल 21 वाहन चालक यातायात नियमों का उल्लघंन करते पाए गए। जिन पर चालानी कार्यवाही कर 11,500/- रूपये समन शुल्क वसूल किया गया। इस कार्रवाई में यातायात थाना पुलिस स्टॉफ शामिल रहा।

अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन | पन्ना जिले में 7 लाख 66 हजार से अधिक मतदाता

0
सांकेतिक चित्र।

*       जिले की पवई विधानसभा में सर्वाधिक 2 लाख 82 हजार 253 मतदाता

*      मतदाता सूची के प्रारूप प्रकाशन तिथि में दर्ज थे 7 लाख 55 हजार 179 मतदाता

पन्ना। (www.radarnews.in) भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार मतदाता सूची के द्वितीय संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम अंतर्गत आज 4 अक्टूबर 2023 की स्थिति में अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन किया गया है। इस संबंध में जिला जनसम्पर्क कार्यालय पन्ना द्वारा जारी समाचार में बताया गया है कि, जिले में कुल 7 लाख 66 हजार 56 मतदाता हैं। इनमें 4 लाख 4 हजार 932 पुरूष मतदाता, 3 लाख 61 हजार 119 महिला मतदाता और 5 तृतीय लिंग मतदाता शामिल हैं। तीनों विधानसभा में कुल 11 हजार 905 दिव्यांग मतदाता हैं। 18 से 19 आयु वर्ग के मतदाताओं की संख्या 27 हजार 47 है, जबकि 80 वर्ष एवं अधिक आयु के 8 हजार 503 मतदाता तथा 100 वर्ष एवं अधिक आयु के 47 मतदाता हैं।
पवई विधानसभा में सर्वाधिक 2 लाख 82 हजार 253 मतदाता हैं, जबकि पन्ना विधानसभा में 2 लाख 51 हजार 114 तथा गुनौर विधानसभा में 2 लाख 32 हजार 689 मतदाता दर्ज हैं। विगत 2 अगस्त को मतदाता सूची के प्रारूप प्रकाशन तिथि में जिले में कुल मतदाताओं की संख्या 7 लाख 55 हजार 179 दर्ज थी।

बड़ी कार्रवाई : जंगल में जमा रखा था जुए का फड़, पुलिस ने देर रात मारा छापा, छह जुआरी गिरफ्तार

0
जंगल में छापामार कार्रवाई करके जुआरियों से बाइक, टार्च नकदी रुपए एवं अन्य सामग्री जब्त करने वाली देवेन्द्रनगर थाना की पुलिस टीम।

*    आरोपियों के कब्जे से एक लाख रुपए नकद और छह बाइक जब्त

शादिक खान, पन्ना। (www.radarnews.in) मध्यप्रदेश के पन्ना जिले में देवेन्द्रनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत चाँदा ग्राम के नजदीक जंगल में चल रहे जुआ फड़ पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे एक लाख दो हजार चार सौ रुपये नकद व 6 मोटरसाइकिलें जब्त की गई हैं। पुलिस के द्वारा सोमवार देर रात की गई इस कार्रवाई के बाद से जुआरियों में जबरदस्त हड़कंप मचा हुआ है। पुलिस की पकड़ से बचने के लिए इन जुआरियों ने घने जंगल का रास्ता चुना लेकिन पुलिस वहां भी पहुंच गई। जंगल में जुए के फड़ पर पुलिस की रेड और वहां से जुआरियों की धरपकड़ की कार्रवाई समूचे जिले में लोगों के बीच चर्चा का विषय बनी है।

मुखबिर की सूचना पर मिली सफलता

पुलिस अधीक्षक पन्ना साईं कृष्णा एस. थोटा ने हाल ही में जिले के समस्त थाना एवं चौकी प्रभारियों को जुआ-सट्टा सहित अन्य अवैध गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के विरूद्ध कार्यवाही करने के लिए निर्देशित किया था। पुलिस कप्तान के निर्देश पर कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए थाना प्रभारी देवेन्द्रनगर ने अपने मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। फलस्वरूप मुखबिर द्वारा सोमवार 2 अक्टूबर को थाना प्रभारी देवेन्द्रनगर उप निरीक्षक आर.आर. प्रजापति को चाँदा ग्राम के ऊपर बरुआ हार के जंगल में बहुचर्चित जुआ फड़ चलने की सूचना दी गई। जहां घने जंगल के बीचोंबीच देर रात हार-जीत के दांव लगाए जा रहे थे। थाना प्रभारी देवेन्द्रनगर द्वारा मुखबिर की सूचना से वरिष्ठ अधिकारिओं को अवगत कराया गया। वरिष्ठ अधिकारियों से आवश्यक निर्देश प्राप्त कर देर रात पुलिस टीम ने घने जंगल में चल रहे जुआ फड़ पर छापा मारकर छह जुआरियों को रंगे हाथ दबोंच लिया। जबकि धरपकड़ की इस कार्रवाई के दौरान रात के अंधेरे का फायदा उठा कर कुछ जुआरी मौके से भाग निकले।

इनकी हुई गिरफ्तारी

पन्ना पुलिस ने प्रेस नोट जारी करके जुआ फड़ एवं जुआरियों के कब्जे से एक लाख दो हजार चार सौ रुपये नकद बरामद होने की जानकारी दी है। इसके आलावा छह बाइक, ताश के पत्ते व टार्च भी जब्त की है। इस तरह पुलिस ने जुआरियों से कुल मशरूका कीमत करीब 5 लाख 12 हजार 4 सौ रूपये का जब्त होने का दावा किया है। पकड़े गए आरोपियों में विनोद द्विवेदी पिता रामदत्त द्विवेदी निवासी वार्ड क्रमांक -7, राजन गुप्ता पिता रुकमणि प्रसाद गुप्ता सोसायटी रोड, बल्लू कंजड पिता राम मिलन कंजड वार्ड क्रमांक- 4, महेश सोनकर पिता छोटे लाल सोनकर निवासी वार्ड क्रमांक- 2, रंजो उर्फ रंजीत सिसोदिया पिता शरीफ सिसोदिया वार्ड क्रमांक- 4 सभी निवासी देवेन्द्रनगर एवं सुरेन्द्र यादव पिता रतन सिंह यादव निवासी ग्राम मडैयन थाना देवेन्द्रनगर जिला पन्ना शामिल हैं। पुलिस द्वारा इन आरोपियों के विरुद्ध थाना देवेन्द्रनगर में अपराध क्रमांक 329/2023 धारा 13 जुआ एक्ट के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है। जुआरियों को पकड़ने वाली पुलिस टीम की पुलिस अधीक्षक पन्ना ने सराहना करते पुरुस्कृत करने की घोषणा की गई है ।

पुलिस से बचने के लिए जंगल में लगाते हैं दांव

उल्लेखनीय है कि, वन क्षेत्र बाहुल्य पन्ना जिले में हाल के कुछ वर्षों में अलग-अलग थाना क्षेत्र अंतर्गत जंगल में संचालित होने वाले जुआ फड़ पर पुलिस के द्वारा कार्रवाई करने की अनेक ख़बरें आई हैं। बावजूद इसके जुआ फड़ के लिए सुरक्षित ठिकाने के रूप में जुआरी घने जंगल को ही चुन रहे हैं। क्योंकि पुलिस समय-समय पर जुआरियों पर अंकुश लगाती रहती है। शहर, कस्बों के आलाव गांवों में इन पर काफी हद तक बंदिश लगी हुई है। लेकिन अब जुआरियों ने जंगल को ठिकाना बनाना शुरू कर दिया है। ऐसा इसलिए है क्योंकि, इनको लगता है कि आबादी क्षेत्र के किसी बंद स्थान में छिपकर जुआ खेलने पर पकड़े जाने का जोखिम अधिक रहता है। इसकी अपेक्षा खुले जंगल में रात के अँधेरे में पुलिस की मौजूदगी का पता आसानी से चल जाता है और छापामार कार्रवाई के दौरान पुलिस को चकमा देकर मौके से भागने के लिए ज्यादा मशक्कत भी नहीं करनी पड़ती है। बता दें कि, इसी साल मार्च के महीने में होलिका दहन की रात जिले के पवई थाना क्षेत्र अंतर्गत हड़ा के जंगल में जमे जुआ के फड़ पर छापामार कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 3 जिलों के 23 जुआरियों को रंगे हाथ पकड़ा था। पुलिस ने इन जुआरियों से 4 लाख 22 हजार नकदी रुपए जब्त होने का दावा किया था। जंगल में फोर व्हीलर से जुआ खेलने पहुंचे जुआरियों के 8 लग्जरी वाहन और 22 नग मोबाइल फोन भी पुलिस ने जब्त किए थे। वहीं पिछले साल 2022 के मार्च महीने के अंत में जिले के शाहनगर थाना अंतर्गत पुरैना के जंगल से पुलिस ने 16 जुआरियों को गिरफ्तार किया था। इनके कब्जे से पुलिस ने नकद 2 लाख 07 हजार रुपए जब्त किए थे।

 

आजीविका हाट में शॉपिंग करने सपत्नीक पहुंचे कलेक्टर

0
आजीविका हाट से स्वसहायता समूह की महिलाओं द्वारा हस्तनिर्मित उत्पादों को क्रय करने पन्ना कलेक्टर हरजिंदर सिंह धर्मपत्नी के साथ पहुंचे।

*     स्व सहायता समूह की महिलाओं से की चर्चा, हस्तनिर्मित उत्पाद खरीदे

पन्ना।(www.radarnews.in) कलेक्टर हरजिंदर सिंह ने आज स्थानीय टाउन हॉल में लगे तीन दिवसीय आजीविका हाट में सपरिवार पहुंचकर सहभागिता की। कलेक्टर ने धर्मपत्नी के साथ परिसर में लगे उत्पादों के स्टॉल का निरीक्षण किया और स्व सहायता समूह की महिलाओं द्वारा हस्तनिर्मित विभिन्न उत्पादों की सराहना की। महिलाओं से संवाद कर उनके कला कौशल की सराहना की।
आजीविका मेला में हस्तनिर्मित उत्पाद क्रय कर व्यंजनों का लुत्फ भी उठाया और सभी नागरिकों से आजीविका हाट में सपरिवार एवं बच्चों के साथ शामिल होने का आग्रह किया। इस मौके पर जिला पंचायत के अतिरिक्त सीईओ अशोक चतुर्वेदी, ग्रामीण आजीविका मिशन के जिला प्रबंधक प्रमोद शुक्ला, ओमप्रकाश सोनी, कमल श्रीवास्तव तथा राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन का जिला एवं विकासखण्ड स्तरीय स्टॉफ उपस्थित रहा।

स्वच्छता के संकल्प को चरितार्थ करने हर साल 100 घंटे श्रमदान करेंगे छात्र-छात्राएं !

0
'स्वच्छता ही सेवा' पखवाड़ा अंतर्गत स्वामी विवेकानंद औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित हुआ।

*    स्वामी विवेकानंद औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान में ‘स्वच्छता ही सेवा’ पखवाड़ा अंतर्गत कार्यक्रम आयोजित

शादिक खान, पन्ना। (www.radarnews.in) जिले की अग्रणी स्वयंसेवी संस्था श्रीराम शिक्षा प्रसार एवं ग्रामीण विकास समाज उत्थान समिति द्वारा संचालित स्वामी विवेकानंद औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, पैरामेडिकल कॉलेज, कॉलेज ऑफ़ फार्मेसी एवं आवासीय दिव्यांग संस्थान के समेकित तत्वाधान में नगर पालिका परिषद पन्ना के द्वारा स्वच्छता पखवाड़ा अंतर्गत शुक्रवार 29 सितंबर 2023 को जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में नपा के इंजीनियर अजीत सिंह धुर्वे ने छात्र-छात्राओं को स्वच्छता का महत्व बताते हुए स्वच्छ भारत मिशन के संबंध में आवश्यक जानकारी दी गई।
स्वयंसेवी संस्था श्रीराम शिक्षा प्रसार एवं ग्रामीण विकास समाज उत्थान समिति संचालक दिनेश प्रताप सिंह स्वच्छता पखवाड़ा के अंतर्गत सभी छात्र-छात्राओं एवं स्टॉफ को बताया कि, 2 अक्टूबर, 2023 को स्वच्छ भारत दिवस की तैयारी के रूप में, आवास एवं शहरी कार्य मंत्रालय (एमओएचयूए) और पेयजल एवं स्वच्छता विभाग, जल शक्ति मंत्रालय स्वच्छ भारत मिशन के 9 साल पूरे होने का जश्न मनाने के लिए अन्य मंत्रालयों के सहयोग से 15 सितंबर से 2 अक्टूबर, 2023 तक ‘स्वच्छता ही सेवा’ पखवाड़ा का आयोजन कर रहे है। इस राष्ट्रीय महत्व के कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए हमारा स्वामी विवेकानंद महाविद्यालय आवश्यक सहयोग के साथ निरंतर सक्रिय भागीदारी करता रहेगा।

स्वच्छता की अलख जगाने दिलाई शपथ

कार्यक्रम में स्वामी विवेकानंद औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान प्राचार्य धीरज सेन द्वारा संस्थान के सभी छात्र-छात्राओं को स्वच्छता को जीवन में अपनाने और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने की शपथ दिलाई गई। इस दौरान ने विद्यार्थियों ने शपथ लेने की मुद्रा में अपना एक हाथ आगे करके दोहराया, “मैं शपथ लेता हूँ कि मैं स्वयं स्वच्छता के प्रति सजग रहूँगा और उसके लिए समय दूंगा। हर वर्ष 100 घंटे यानी हर सप्ताह में दो घंटे श्रमदान करके स्वच्छता के इस संकल्प को चरितार्थ करूँगा। मैं न गंदगी करूंगा न किसी को करने दूंगा। सबसे पहले स्वयं से, मेरे परिवार से, मोहल्ले से, मेरे गांव से और मेरे कार्यस्थल से शुरुआत करूँगा। मैं गांव-गांव और गली-गली स्वच्छ भारत मिशन का प्रचार करूँगा। स्वच्छता की तरफ से बढ़ाया गया मेरा एक कदम पूरे भारत को स्वच्छ बनाने में मदद करेगा। मैं जो शपथ ले रहा हूँ वह अन्य 100 व्यक्तियों से करवाऊंगा। वे भी मेरे लिए स्वच्छता के लिए 100 घंटे दें, इसके लिए प्रयास करूँगा। मुझे मालूम है कि स्वच्छता की तरफ बढ़ाया गया मेरा एक कदम पूरे भारत देश को स्वच्छ बनाने में मदद करेगा।” जागरूकता कार्यक्रम में नगर पालिका परिषद पन्ना के अधिकारी-कर्मचारी भी उपस्थित रहे। अंत में पुष्पेंद्र सिंह चंदेल ने सभी उपस्थितों का आभार व्यक्त कर कार्यक्रम के समापन की घोषणा की।

बसपा ने गुनौर विधानसभा सीट से देवीदीन आशू को घोषित किया उम्मीदवार

0
सांकेतिक चित्र।

    BSP ने मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए जारी की उम्मीदवारों की दूसरी सूची

भोपाल/पन्ना। (www.radarnews.in) बहुजन समाज पार्टी (बसपा) ने मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव-2023 के लिए पार्टी सुप्रीमो मायावती के आदेशानुसार उम्मीदवारों की दूसरी सूची जारी कर दी है। गुरूवार 28 सितंबर को जारी की BSP की दूसरी सूची में पन्ना जिले की अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित गुनौर विधानसभा क्षेत्र क्रमांक-59 से देवीदीन आशू सहित कुल 9 उम्मीदवारों के नामों की घोषणा की गई है। छतरपुर जिले के आरक्षित चंदला विधानसभा क्षेत्र क्रमांक-49 से डीडी अहिरवार उर्फ़ दीनदयाल को आगामी चुनाव के लिए प्रत्याशी बनाया गया है। प्रदेशाध्यक्ष बहुजन समाज पार्टी मध्यप्रदेश इंजी. रमाकांत पिप्पल के हस्ताक्षर से जारी की गई दूसरी सूची में 3 सामान्य सीटों और अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित 6 सीटों पर उम्मीदवार के नाम घोषित किए है।

देवीदीन आशू पर 10 साल बाद दोबारा लगाया दांव

लोकगीत गायक एवं युवा नेता देवीदीन आशू को बहुजन समाज पार्टी ने वर्ष 2013 के विधानसभा चुनाव में पन्ना जिले की आरक्षित गुनौर विधानसभा सीट से पहली बार चुनावी समर उतारा था। कांटें की टक्कर वाले इस चुनाव में भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार इंजीनियर महेन्द्र बागरी सर्वाधिक 41980 मत प्राप्त कर विजयी हुए थे। जबकि निकटतम प्रतिद्वंदी कांग्रेस उम्मीदवार शिवदयाल बागरी को 40643 मत प्राप्त हुए थे। और बसपा प्रत्याशी देवीदीन आशू 26776 मतों के साथ तीसरे स्थान पर आए थे। 2013 के चुनावी मुकाबले को भाजपा एवं कांग्रेस के लिए बेहद संघर्षपूर्ण और रोचक बनाने में बसपा उम्मीदवार की अहम भूमिका रही है। वहीं 2018 में गुनौर सीट पर बसपा प्रत्याशी जीवन लाल सिद्धार्थ ने चुनावी मुकाबले को त्रिकोणीय बना दिया था।
देवीदीन आशू, बसपा उम्मीदवार, गुनौर विधानसभा क्षेत्र क्रमांक-59
सर्वविदित है कि, गुनौर विधानसभा क्षेत्र में बहुजन समाज पार्टी का समर्पित वोट बैंक है, जिसके बलबूते पिछले कई चुनावों में बसपा उम्मीदवार लगातार अच्छा प्रदर्शन तो कर रहे हैं लेकिन एक अदद जीत दर्ज नहीं कर इतिहास नहीं बना पा रहे हैं। बहरहाल, युवा नेता देवीदीन आशू पर 10 साल बाद बसपा ने दूसरी बार भरोसा जताया है। आने वाले दिनों में अब यह देखना काफी महत्वपूर्ण होगा कि, आशू अपनी पार्टी की उम्मीदों पर कितने खरे उतरते हैं। बता दें कि, गुनौर सीट पर भाजपा डॉ. राजेश वर्मा को पहले ही अपना प्रत्याशी घोषित कर चुकी है। बसपा उम्मीदवार के ऐलान के बाद गुनौर में अब सभी की नजरें कांग्रेस उम्मीदवार के नाम की घोषणा पर टिकीं है।

मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव-2023 के लिए बहुजन समाज पार्टी द्वारा जारी उम्मीदवारों के नामों की दूसरी सूची-