भाजपा की जिला कार्यकारिणी घोषित : रविराज यादव व अंकुर त्रिवेदी को उपाध्यक्ष, राजेश वर्मा और विवेक मिश्रा महामंत्री बनाए गए

0
1598
भारतीय जनता पार्टी जिला पन्ना के नव नियुक्त पदाधिकारीगण।

जिलाध्यक्ष राम बिहारी चौरसिया ने डेढ़ वर्ष बाद की पदाधिकारियों की घोषणा

मंत्री बृजेन्द्र प्रताप और सांसद विष्णु दत्त शर्मा के करीबियों को मिला महत्व

22 पदाधिकारियों में आठ उपाध्यक्ष, तीन महामंत्री और छह महिलाएं शामिल

शादिक खान, पन्ना। (www.radarnews.in) भारतीय जनता पार्टी के पन्ना जिलाध्यक्ष राम बिहारी चौरसिया ने बहुप्रतीक्षित जिला पदाधिकारियों के नामों की आज घोषणा कर दी। करीब डेढ़ वर्ष बाद घोषित जिला पदाधिकारियों की सूची में 22 नाम शामिल हैं। जिसमें आठ नेताओं को उपाध्यक्ष और तीन को महामंत्री के अहम पद से नवाजा गया है। घोषित जिला कार्यकारिणी में आधा दर्जन महिलाओं को भी स्थान मिला है। भाजपा जिलाध्यक्ष रामबिहारी ने अपनी टीम में युवाओं को भरपूर मौका देने के साथ अनुभवी नेताओं को शामिल किया है। साथ ही राजनैतिक लिहाज से महत्वपूर्ण जातिगत समीकरणों को भी साधने की कोशिश की है। नव नियुक्त पदाधिकारियों के नामों की सूची आने के बाद से ही यह चर्चा आम है कि, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष एवं क्षेत्रीय सांसद विष्णु दत्त शर्मा और खनिज साधन विभाग के मंत्री बृजेन्द्र प्रताप सिंह के करीबियों को खासी तरज़ीह दी गई है। हालांकि, जमीन से जुड़े कई कर्मठ नेताओं को जिला पदाधिकारियों की सूची में स्थान न मिलने से पार्टी में आंतरिक तौर पर असंतोष की सुगबुगाहट होने की चर्चाएं जोर पकड़ रही है।
बीजेपी के प्रदेश सह मीडिया प्रभारी आशीष तिवारी ने जानकारी देते हुए बताया कि पन्ना जिलाध्यक्ष राम बिहारी चौरसिया द्वारा जिला पदाधिकारियों के नाम की सूची भारतीय जनता पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष विष्णु दत्त शर्मा की सहमति से जारी की गई है। उन्होंने बताया, जिला मीडिया प्रभारी व जिला कार्यसमिति के सदस्यों के नाम की घोषणा होना अभी शेष है।

भाजपा की नवगठित जिला कार्यकारिणी एक नजर में –

जिला उपाध्यक्ष – रविराज यादव, बृजेंद्र मिश्रा, सुशील त्रिपाठी, अंकुर त्रिवेदी, संजय सुल्लेरे, रामायण लोधी, श्रीमती सुषमा सिंह, श्रीमती सुधा पटेल। जिला महामंत्री – पूर्व विधायक राजेश वर्मा, विवेक मिश्रा (बॉबी), दीपेंद्र सिंह। जिला मंत्री – राकेश जैन, श्रीमती कविता रैकवार, कैलाश गुप्ता, श्रीमती अमिता बागरी, कमल लालवानी, श्रीमती पूनम यादव, श्रीमती सुनैना सिंह, गिरधारी लाल चौधरी।   कोषाध्यक्ष – मदन मोहन पाण्डेय
सह कोषाध्यक्ष – दशरथ गुप्ताजिला कार्यालय मंत्री – अभिलाष साहू