हत्या के मामले में सजा सुनाए जाने के बाद न्यायालय में गश खाकर गिरा अभियुक्त, हॉस्पिटल में डॉक्टर ने बताया खाया है जहर

0
2015
जहर के सेवन के चलते अभियुक्त अनिल की हालत बिगड़ने पर उसे एम्बुलेंस से मेडिकल कॉलिज रीवा के लिए रवाना किया गया।

*  हालत गंभीर होने पर पन्ना से मेडिकल कॉलिज के लिए किया रेफर

*  बहुचर्चित कल्लू द्विवेदी हत्याकाण्ड में अभियुक्त है अनिल कुमार 

पन्ना। (www.radarnews.in) मध्यप्रदेश के पन्ना जिले में हत्या के एक प्रकरण में अभियुक्त को न्यायालय के द्वारा दोषी मानते हुए आजीवन कारावास की सजा सुनाने के बाद वह उल्टी करते हुए गश खाकर कठघरे में ही गिर गया। जैसे ही यह खबर बाहर आई तो जिला एवं सत्र न्यायालय पन्ना के परिसर में हड़कंप मच गया। बिना किसी देरी के अभियुक्त अनिल कुमार शिवहरे निवासी नरैनी जिला बांदा उत्तर प्रदेश को सुरक्षाकर्मी इलाज हेतु जिला चिकित्सालय ले गए। जहां ड्यूटी पर उपस्थित डॉक्टर प्रदीप कुमार द्विवेदी ने गहन परीक्षण करने के उपरांत बताया कि अनिल ने जहर खाया है। अनिल की गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सक ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे मेडिकल कॉलिज रीवा के लिए रेफर कर दिया।
पत्रकारों से बात करते हुए नायब तहसीलदार ममता शर्मा।
अनिल के पिता रामगोपाल शिवहरे ने पत्रकारों को जानकारी देते हुए बताया कि कल्लू द्विवेदी की हत्या के मामले में उनका पुत्र एवं 5 अन्य व्यक्ति अभियुक्त है। इस प्रकरण में वह जमानत पर रहा है। सोमवार 22 फरवरी को प्रथम अपर जिला एवं सत्र न्यायालय पन्ना के द्वारा हत्याकाण्ड का निर्णय पारित करते हुए अभियुक्तगणों को आजीवन कारावास की सजा सुनाई गई। जिसके बाद अभियुक्त अनिल कुमार शिवहरे 40 वर्ष कठघरे में ही उल्टी करते हुए अचानक गश खाकर गिर पड़ा। पुलिस कर्मियों के द्वारा उसे उपचार हेतु आनन-फानन जिला चिकित्सालय ले जाया गया। ड्यूटी डॉक्टर प्रदीप कुमार द्विवेदी ने अनिल का चेकअप करने के बाद जानकारी देते हुए बताया कि उसने जहर का सेवन किया है। डॉक्टर श्री द्विवेदी के द्वारा इसकी तहरीर कोतवाली थाना पुलिस को भेजी गई। कुछ ही देर में नायब तहसीलदार (कार्यपालिक मजिस्ट्रेट) ममता शर्मा जिला चिकित्सालय पहुंचीं गईं। मेल मेडिकल वार्ड में गंभीर हालत में भर्ती अभियुक्त के उनके द्वारा मृत्यु पूर्व कथन दर्ज किये गए।
जहर के सेवन के चलते अभियुक्त अनिल की हालत बिगड़ने पर उसे एम्बुलेंस से मेडिकल कॉलिज रीवा के लिए रवाना किया गया।
नायब तहसीलदार ने पत्रकारों को बताया कि न्यायालय के द्वारा मांगे जाने पर उक्त कथन बंद लिफाफे  पेश किए जाएंगे। अनिल को गंभीर हालत में रात्रि करीब 8 बजे एम्बुलेंस से सुरक्षा व्यवस्था के बीच रीवा के लिए रवाना किया गया। इस दौरान मौके पर पन्ना एसडीएम बीबी पाण्डेय उपस्थित रहे। फिलहाल यह साफ़ नहीं हो सका कि हत्या के मामले के अभियुक्त ने जहर का सेवन कब और कहां किया। मालूम होकि धरमपुर थाना अंतर्गत कुछ साल पहले कल्लू द्विवेदी का शव बाघिन नदी में मिला था। पुलिस ने कल्लू की हत्या के प्रकरण में उसकी पत्नी कल्ली बाई, शेरा, सियाराम, अनिल कुमार शिवहरे व दो अन्य लोगों को आरोपी बनाया था। पुलिस के मुताबिक कल्ली बाई ने अन्य लोगों की मदद से अपने पति की हत्या कर दी थी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here