‘आपदा की स्थिति में जीवन रक्षा के उपाय और सावधानियों की जानकारी होना जरुरी’

0
47

*     आपदा प्रबंधन प्रशिक्षण के समापन कार्यक्रम को कलेक्टर ने किया संबोधित

*     तीन दिवसीय प्रशिक्षण में शामिल प्रतिभागियों को वितरित किए प्रमाण पत्र

पन्ना। जिला आपदा प्रबंधन संस्थान द्वारा आयोजित तीन दिवसीय आपदा प्रबंधन प्रशिक्षण (Disaster Management Training) का बुधवार को समापन हुआ। इस अवसर पर जिला पंचायत सभाकक्ष में आयोजित प्रशिक्षण का कलेक्टर ऊषा परमार ने जायजा लिया और किसी भी प्राकृतिक आपदा से बचाव के लिए प्रशिक्षण और पूर्व तैयारी की उपयोगिता पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि न केवल भूकंप आपदा, बल्कि सर्पदंश और आकाशीय बिजली गिरने जैसी आपदाओं से भी बचाव के लिए सही मार्गदर्शन आवश्यक है। इस तरह के प्रशिक्षण से आवश्यक जानकारी एवं बारीकियां सीखकर आपदा से बचाव संभव है। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण में शामिल अधिकारियों द्वारा मैदानी स्तर तक जानकारियां साझा की जाएं। ग्राम पंचायतों तक भी प्रचार सामग्री के माध्यम से ग्रामीणों को जागरूक करें। वर्तमान में भवन निर्माण सहित सभी पक्के निर्माण कार्यों में आपदा से बचाव के उपाय आवश्यक हैं।
कलेक्टर ने कहा कि सभी प्रशिक्षणार्थी अपनी महत्वपूर्ण भूमिका का गंभीरता के साथ निर्वहन करें। किसी भी आपात स्थिति (Emergency) में जीवन रक्षा के लिए विभिन्न उपायों व सावधानियों की जानकारी होना चाहिए। जिला कलेक्टर ने उम्मीद व्यक्त की कि आपदा प्रबंधन का यह जिला स्तरीय प्रशिक्षण निश्चित तौर पर किसी भी प्राकृतिक आपदा की स्थिति में जान बचाने के लिए अहम साबित होगा। इस दौरान प्रशिक्षणार्थियों (Trainees) से प्रशिक्षण के दौरान सीखी बारीकियों के संबंध में चर्चा कर प्रतिभागियों के प्रश्नों का समाधान भी किया गया।

विशेषज्ञों ने किया प्रशिक्षणार्थियों का मार्गदर्शन

जिला पंचायत सीईओ उमराव सिंह मरावी ने कहा कि एसओपी का पालन कर छोटी-छोटी समस्याओं से बचाव संभव है। तीन दिवसीय प्रशिक्षण की सराहना कर सीईओ द्वारा आगामी कार्ययोजना के बारे में जानकारी ली गई। संयुक्त कलेक्टर कुशल सिंह गौतम ने प्रशिक्षण की रूपरेखा और जागरूकता गतिविधियों के बारे में जानकारी प्रदान की। गृह विभाग के आपदा प्रबंधन संस्थान भोपाल के तकनीकी विशेषज्ञों तथा होमगार्ड पन्ना के अधिकारियों द्वारा भी प्रशिक्षणार्थियों का मार्गदर्शन किया गया। समापन अवसर पर प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र वितरित किए गए।`