हृदयविदारक हादसा: घर में भड़की आग से वृद्धा जिंदा जली, ठण्ड से बचाव के लिए जलाई आग बनी मौत का कारण

0
212

*     पन्ना जिले के गुनौर थाना अंतर्गत पड़ेरी ग्राम की घटना

*     पति ने आग की लपटों से निकलकर बचाई जान, अस्पताल में भर्ती

*     अग्निकांड को लेकर ग्रामीणों में संदेह, सभी पहलुओं की जांच में जुटी पुलिस

पन्ना/गुनौर।(www.radarnews.in) जिले के गुनौर थाना के समीपी गांव पड़ेरी में बीती रात एक हृदयविदारक हादसा हो गया। खेत में बने कच्चे घर में अचानक आग लगने से 75 वर्षीय वृद्ध महिला श्याम बाई की जिंदा जलकर मौत हो गई, जबकि उनके पति गोरेलाल प्रजापति आग की लपटों से घिरे घर से बाहर निकलकर किसी तरह जान बचाने में सफल रहे। हालांकि आग की चपेट में आने से वे गंभीर रूप से झुलस गए, जिन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गुनौर में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार घटना के समय वृद्ध दंपती घर के अंदर सो रहे थे। थाना प्रभारी गुनौर माधवी अग्निहोत्री ने बताया कि ठंड से बचाव के लिए कमरे के भीतर आग जलाई गई थी। देर रात दोनों की आंख लग गई और संभवतः उसी दौरान आग भड़क उठी। कुछ ही पलों में आग ने पूरे कमरे को अपनी चपेट में ले लिया। आग की तेज लपटों में घिरी वृद्ध महिला बाहर नहीं निकल सकीं और उनकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
आग लगते ही आसपास अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग तेजी से फैल चुकी थी। सूचना मिलने के बावजूद फायर ब्रिगेड समय पर मौके पर नहीं पहुंच सकी, जिससे आग पर काबू पाने में देर हुई और बड़ा दुखद हादसा हो गया। घटना की सूचना पर गुनौर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। आग लगने के वास्तविक कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल सका है। वहीं गांव में कुछ लोग इस दर्दनाक हादसे को संदेहास्पद भी मान रहे हैं, जिसे लेकर पुलिस सभी पहलुओं की बारीकी से जांच कर रही है। इस घटना के बाद पूरे गांव सहित अंचल में शोक की लहर है। ग्रामीणों ने प्रशासन से फायर ब्रिगेड की त्वरित उपलब्धता सुनिश्चित करने और पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता देने की मांग की है।