गल्ला मण्डी की दुकानों के दुरूपयोग की सूचना मिलने मंगलवार 28 अक्टूबर को पन्ना एसडीएम शेर सिंह मीणा (आईएएस) द्वारा दलबल के साथ मण्डी परिसर की दुकानों का निरीक्षण किया गया। इस दौरान अनाज व्यापारी चंदन सिंह पुत्र स्व. स्वामी प्रसाद राय को आवंटित दुकान क्रमांक- 5 एवं 9 में फर्नीचर, नीरज कुमार जैन की दुकान क्रमांक- 18, धीरज कुमार जैन की दुकान क्रमाँक- 20 में सीमेन्ट एवं व्यापारी रामकृपाल जड़िया को आवंटित दुकान क्रमांक- 22 छुही रखी पाई गई। नियम-कानूनों के उल्लंघन से जुड़े मामलों में सख़्त कार्रवाई करने के लिए चर्चित युवा आईएएस अधिकारी शेर सिंह मीणा ने तत्काल प्रभाव से मण्डी की उक्त पांच दुकानों को सील करा दिया।
कार्रवाई के दौरान भाजपा नेता राजेश गौतम मौके पर पहुंचे और उन्होंने दुकानों को सील करने जैसी सख्त कार्रवाई न कर व्यापारियों की पहली गलती के लिए संबंधितों को चेतावनी देकर छोड़ने का अनुरोध किया लेकिन एसडीएम इसके लिए राजी नहीं हुए। श्री मीणा ने कहा कि इस मामले मण्डी अधिनियम के प्रावधानों के अनुसार अग्रिम कार्रवाई की जायेगी। दुकानों को सील करने की कार्रवाई में नजूल तहसीलदार पन्ना प्रेम नारायण सिंह, मण्डी सचिव पन्ना राजकुमार दिवेदी, सहायक उप निरीक्षक मण्डी नेहा सिंह राजपूत, अनाज व्यापारीगण, पन्ना मण्डी एवं विभाग के राजस्व कर्मचारी शामिल रहे।