पन्ना का साप्ताहिक बाजार अब सिविल लाइन क्षेत्र में लगेगा ?

0
1903
पन्ना में धरम सागर तालाब किनारे स्थित यादवेन्द्र क्लब का निरीक्षण करते हुए कलेक्टर कर्मवीर शर्मा।
पन्ना। (www.radarnews.in) नगर के साप्ताहिक रविवारीय बाजार की व्यवस्था सुधारने में नाकाम प्रशासन और नगर पालिका परिषद् ने अब इसे सिविल लाइन क्षेत्र में शिफ्ट करने की योजना पर काम शुरू कर दिया है। कलेक्टर ने इस संबंध में मुख्य नगर पालिका अधिकारी पन्ना ओ. पी. दुबे को आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए हैं। नगर को साफ़-स्वच्छ- सुन्दर बनाए रखने और आमजन एवं व्यापारियों की सुविधा की दृष्टि से साप्ताहिक बाजार को शिफ्ट करने की बात कही जा रही है। पन्ना नगर के बीचों-बीच लगने वाले साप्ताहिक बाजार को अन्यंत्र शिफ्ट किए जाने की स्थिति में बाजार कितना व्यवस्थित हो पाएगा यह तो पता नहीं लेकिन ऐसा होने पर अधिकांश लोगों की परेशानी जरूर बढ़ सकती है। इस बदलाव को लोग क्या स्वीकार करेंगे यह भी अहम सवाल है।
रविवार 29 दिसम्बर को कलेक्टर कर्मवीर शर्मा ने नगर के विभिन्न स्थानों का भ्रमण एवं निरीक्षण किया गया। इस दौरान राजस्व एवं नगरपालिका के अधिकारी उनके साथ रहे। कलेक्टर श्री शर्मा ने यादवेन्द्र क्लब के आंतरिक एवं परिसर का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्देश दिए कि यादवेन्द्र क्लब की साफ-सफाई एवं सौन्दर्यीकरण का कार्य 15 जनवरी 2020 तक अनिवार्य रूप से पूरा किया जाए।
कलेक्टर श्री शर्मा ने पन्ना बस स्टैण्ड का निरीक्षण कर नगरपालिका अधिकारी को निर्देश दिए कि बस स्टैण्ड को साफ-सुथरा रखने के साथ वहाँ लगने वाली दुकानों को व्यवस्थित किया जाए। उन्होंने नगर में लगने वाले साप्ताहिक बाजार को क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय को पूर्व में आवंटित सिविल लाइन क्षेत्र में लगवाने की व्यवस्था की जाए। निरीक्षण के दौरान मिलने वाले लोगों को समझाईश दी गयी कि अपने नगर को साफ-सुन्दर एवं आकर्षक बनाएं। निरीक्षण के दौरान मुख्य नगरपालिका अधिकारी ओ.पी. दुबे, पन्ना तहसीलदार कु. दीपा चतुर्वेदी, नजूल तहसीलदार डाॅ. अवंतिका तिवारी के साथ संबंधित अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।