हाथी बापू के बर्थडे पर कटेगा केक | शुरू हुई उत्सव की तैयारियां

0
1625
पन्ना टाइगर रिजर्व के हाथियों की रंगों से आकर्षक सज्जा कर उन्हें सजाते-संवारते युवा पेंटर रकीब खान एवं उनके सहयोगी।

पन्ना टाइगर रिजर्व में धूमधाम से मनाया जायेगा हाथी का जन्मदिन

दुनिया की सबसे बुजुर्ग हथिनी वत्सला के परिवार का सदस्य है बाल हाथी

2 अक्टूबर को हुआ था हाथी का जन्म, इसलिए नाम दिया बापू

पन्ना। रडार न्यूज   मध्यप्रदेश के पन्ना टाइगर रिजर्व इन दिनों हांथियों के कुनबे के सबसे छोटे सदस्य बापू के जन्मदिन को धूमधाम और उत्साह के साथ मनाने की तैयारियों में जुटा है। बापू के लिए बाकायदा केक का इंतेजाम किया जा रहा है, जिसे काटकर बापू हांथी अपना पहला जन्म दिन मनाएगा। उप संचालक पन्ना टाइगर रिजर्व ने बताया है कि पन्ना टाइगर रिजर्व में 14 हाथियों का एक परिवार है जिसमें सबसे बुजुर्ग सदस्य के रूप में वत्सला हथिनी विद्यमान है। जिसकी अनुमानित उम्र लगभग 100 वर्ष है। सम्भवतः यह दुनिया की सबसे बुजुर्ग हथिनी है। उसके जन्म से संबंधित प्रमाणिक दस्तावेजों की खोजबीन कराई जा रही है। इस वर्ष पन्ना जिले के स्वीप आइकान हेतु वत्सला का नाम जिला निर्वाचन अधिकारी पन्ना द्वारा प्रस्तावित किया जा चुका है। हाथियों के इस परिवार में सबसे छोटा सदस्य बापू (हाथी) है जिसका जन्म 2 अक्टूबर 2017 को हुआ था। टाइगर रिजर्व प्रबंधन ने 2 अक्टूबर 2018 को बापू हाथी के प्रथम जन्म दिवस को हाथी दिवस के रूप में मनाने का निर्णय लिया है, जो आगामी वर्षों में भी अनवरत जारी रहेगा। उन्होंने बताया कि प्रतिवर्ष 16 अप्रैल को पन्ना टाइगर रिजर्व में बाघ जन्मोत्सव मनाया जाता है। इसी तरह 2 अक्टूबर 2018 को वन्यप्राणी संरक्षण सप्ताह का प्रारंभ पन्ना टाइगर रिजर्व में हाथी जन्मोत्सव मना कर किया जावेगा। पन्ना के आमजन, विद्यार्थियों, गणमान्य नागरिकों, मीडिया एवं पर्यावरण प्रेमियों को वन्यप्राणियों एवं प्रकृति से जुड़ाव के अवसर के रूप में जनसमर्थन से वन्यप्राणी संरक्षण की मूलभावना को आगे बढ़ाते हुए जनजागृति का प्रयास किया जावेगा।यह कार्यक्रम जंगल कॉटेज परिसर हिनौता में प्रातः 11 बजे से किया जायेगा।