मुख्यमंत्री शिवराज, केन्द्रीय मंत्री तोमर व सांसद सिंधिया ने सफाईकर्मी के घर किया भोजन

0
523
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने केन्द्रीय मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर तथा राज्यसभा सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया के साथ सफाईकर्मी रामसेवक के घर भोजन किया।

*    घर की मरम्मत के लिए सफाईकर्मी रामसेवक को दी आर्थिक सहायता

भोपाल। (www.radarnews.in) मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान रविवार को ग्वालियर प्रवास के दौरान कई कार्यक्रमों में शामिल हुए। मुख्यमंत्री चौहान ने दोपहर का भोजन सफाईकर्मी रामसेवक के घर किया। उनके साथ केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर, राज्यसभा सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया, भाजपा जिलाध्यक्ष कमल माखीजानी सहित अन्य जन-प्रतिनिधियों ने भी भोजन किया।
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सफाईकर्मी रामसेवक को आवास मरम्मत के लिए आर्थिक सहायता का चेक सौंपा।

मुख्यमत्री ने की भोजन की तारीफ़

गुड़ी गुढ़ा का नाका नादरिया माता मंदिर के पास रहने वाले रामसेवक नगर निगम में सफाईकर्मी हैं। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने रामसेवक के परिवार की जानकारी ली और उनका हाल-चाल जाना। उन्होंने रामसेवक को मकान की मरम्मत के लिए रेडक्रॉस से 20 हजार रुपये का चैक भी प्रदान किया। इस दौरान रामसेवक के परिवार के अन्य सदस्य भी मौजूद थे। रामसेवक की बेटी और पत्नी ने तिलक लगाकर सभी अतिथियों का स्वागत किया। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने खाने की तारीफ करते हुए कहा कि भोजन में परिवार के सदस्यों का स्नेह भी मिला।