-
न्यू डेवलपमेंट बैंक से वित्त पोषित एमडीआर मार्ग का 3 साल पहले हुआ था अपग्रेडेशन-रिकंस्ट्रक्शन
-
गारंटी पीरियड में लंबे समय से मरम्मत का अभाव, ठेका कंपनी को नोटिस पर नोटिस, फिर भी सड़क बदहाल
पन्ना/मोहन्द्रा।(www.radarnews.in) पन्ना जिले की पवई विधानसभा के मोहन्द्रा-बनौली क्षेत्र को पड़ोसी जिला दमोह से जोड़ने वाला करीब 40 किलोमीटर लंबा मोहन्द्रा-बनौली-कोटा मार्ग इन दिनों जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढों के कारण बदहाल हो गया है। हैरानी की बात यह है कि यह कोई सामान्य ग्रामीण सड़क नहीं, बल्कि पन्ना जिले का एमडीआर यानी मेजर डिस्ट्रिक्ट रोड है। न्यू डेवलपमेंट बैंक से वित्त पोषित इस सड़क का अपग्रेडेशन एवं रिकंस्ट्रक्शन लोक निर्माण विभाग संभाग पन्ना की देखरेख में करीब तीन वर्ष पूर्व कराया गया था। सड़क की पांच साल की गारंटी है, लेकिन गारंटी पीरियड में ही लंबे समय से आवश्यक मरम्मत के अभाव में यह सड़क अब धीरे-धीरे गड्ढों की सड़क में तब्दील होती जा रही है।
सड़क की तस्वीरें इसकी बदहाली की कहानी खुद बयां कर रही हैं। जगह-जगह बड़े और गहरे गड्ढे हो गए हैं। बारिश का पानी इनमें भर जाने से गड्ढों की गहराई दिखाई नहीं देती और वाहन चालकों को अंदाजे से सड़क पार करनी पड़ती है। कई स्थानों पर सड़क की सतह उखड़ चुकी है और कीचड़ के कारण वाहनों के फिसलने का खतरा भी बना हुआ है।
गड्ढों में समा जाते हैं वाहनों के पहिए
मोहन्द्रा-कोटा मार्ग पर कुछ गड्ढे इतने गहरे हैं कि उनमें वाहन के पहिए तक समा जाते हैं। दोपहिया और छोटे चार पहिया वाहन चालकों के लिए ऐसे स्थान सबसे अधिक जोखिम वाले हैं। ई-रिक्शा चालकों की परेशानी का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि स्थानीय लोगों के अनुसार कई बार वे गड्ढों वाले हिस्से से पहले सवारियों को उतारकर वाहन को धीरे-धीरे निकालते हैं। बारिश के दौरान समस्या और बढ़ जाती है। गड्ढों में जमा पानी के ऊपर से जब भारी वाहन गुजरते हैं तो पानी की तेज बौछार आसपास की दीवारों और किनारे तक पहुंचती है। वहीं लोडर और भारी वाहनों के आवागमन के दौरान सड़क धंसने या वाहन के असंतुलित होने की आशंका बनी रहती है।
सिमरिया-हटा मार्ग खराब, इस सड़क पर बढ़ा दबाव

सिमरिया-हटा मार्ग की खराब स्थिति के कारण वर्तमान में दमोह की ओर जाने वाले वाहनों की आवाजाही के लिए मोहन्द्रा-कोटा मार्ग का उपयोग बढ़ा है। ऐसे में इस महत्वपूर्ण मार्ग की बदहाल स्थिति वाहन चालकों की परेशानी को और बढ़ा रही है। स्थानीय लोगों के अनुसार पवई विधायक के घर के आसपास तक सड़क पर गहरे गड्ढे हो चुके हैं। जब जिले के महत्वपूर्ण एमडीआर मार्ग की स्थिति इतनी खराब हो जाए तो ग्रामीण क्षेत्रों की सड़कों का हाल कैसा होगा, इसका सहज ही अंदाजा लगाया जा सकता है। सड़क की वर्तमान हालत यह भी सवाल खड़ा करती है कि करीब तीन वर्ष पूर्व कराए गए अपग्रेडेशन और रिकंस्ट्रक्शन के बाद गारंटी अवधि में सड़क के रखरखाव की जिम्मेदारी कितनी प्रभावी ढंग से निभाई जा रही है।
पांच साल की गारंटी, फिर भी मरम्मत के लिए इंतजार
सबसे महत्वपूर्ण सवाल सड़क की पांच साल की गारंटी को लेकर है। सड़क अभी गारंटी पीरियड में है, लेकिन लंबे समय से आवश्यक मरम्मत और संधारण नहीं होने के कारण इसकी हालत लगातार बिगड़ती गई। यानी जिस अवधि में सड़क को बेहतर स्थिति में बनाए रखने के लिए गारंटी की व्यवस्था की गई है, उसी अवधि में सड़क जगह-जगह बड़े गड्ढों में बदल रही है। लोक निर्माण विभाग द्वारा ठेका कंपनी हिलवेज कंस्ट्रक्शन कंपनी को पिछले चार माह के दौरान दो बार सख्त कार्रवाई की चेतावनी वाले पत्र भेजे जाने की बात सामने आई है। इसके बावजूद ठेका कंपनी प्रबंधन के कानों में जूं तक नहीं रेंगी। इससे यह सवाल भी उठ रहा है कि आखिर गारंटी की शर्तों के तहत ठेका कंपनी से सड़क का आवश्यक रखरखाव और सुधार कार्य क्यों नहीं कराया जा सका।
भोपाल मुख्यालय से जारी हुई थी निविदा
जानकारी अनुसार इस सड़क की निविदा भोपाल स्थित लोक निर्माण विभाग के मुख्यालय द्वारा जारी की गई थी। ठेका अनुबंध कार्यवाही और सुरक्षा निधि भी राजधानी भोपाल में जमा है। यही वजह है कि पन्ना लोक निर्माण विभाग के तकनीकी अधिकारियों के स्तर पर ठेका कंपनी के विरुद्ध सीधे बड़ी कार्रवाई की स्थिति सीमित है। स्थानीय स्तर से ठेका कंपनी को भेजे गए पत्रों की प्रतिलिपि आवश्यक कार्रवाई के लिए वरिष्ठ अधिकारियों को भेजी जा रही है। ऐसे में अब सवाल सिर्फ सड़क की मरम्मत का नहीं, बल्कि गारंटी अनुबंध की शर्तों को प्रभावी रूप से लागू कराने का भी है। लंबे समय से सड़क की बदहाली और राहगीरों की परेशानी के बीच ठेका कंपनी से तत्काल सुधार कार्य कराने की जिम्मेदारी आखिर कौन सुनिश्चित करेगा, यह देखना महत्वपूर्ण होगा।
विभाग ने अपने स्तर पर शुरू कराया मरम्मत कार्य
लोक निर्माण विभाग उप संभाग पवई के अनुविभागीय अधिकारी राजमणि बागरी ने बताया कि सड़क के अत्यधिक क्षतिग्रस्त होने की जानकारी विभाग को है। लोनिवि द्वारा अपने स्तर पर आज से गड्ढों की मरम्मत और जल निकासी का कार्य प्रारंभ कराया गया है। सड़क वर्तमान में गारंटी पीरियड में है, इसलिए संबंधित ठेका कंपनी को पत्र भेजकर तत्काल आवश्यक सुधार कार्य कराने के निर्देश दिए गए हैं। सुधार कार्य नहीं कराने पर ठेका कंपनी के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।
वहीं लोक निर्माण विभाग संभाग पन्ना के कार्यपालन यंत्री इन्द्रदेव पटेल ने बताया कि मोहन्द्रा-कोटा सड़क की समुचित मरम्मत कराने के लिए ठेका कंपनी हिलवेज कंस्ट्रक्शन कंपनी को पत्र भेजा गया है। ठेका कंपनी को सख्त चेतावनी दी गई है। यदि तत्परता से सड़क का सुधार कार्य नहीं कराया गया तो उसकी जमा सुरक्षा निधि राजसात करने तथा ठेका फर्म को ब्लैक लिस्ट करने के लिए शीर्ष अधिकारियों को प्रस्ताव भेजा जाएगा। फिलहाल आवागमन में हो रही असुविधा को देखते हुए विभाग द्वारा अपने स्तर पर सड़क की आवश्यक मरम्मत कराई जा रही है।
अब वरिष्ठ अधिकारियों की कार्रवाई पर नजर







