शिवराज के मंत्रिमण्डल विस्तार में 20 कैबिनेट और 8 राज्यमंत्रियों ने ली शपथ, पन्ना विधायक बृजेन्द्र प्रताप मंत्री बने

0
1134
राज्यपाल श्रीमती आनंदीबेन पटेल ने 28 मंत्रियों को सांदीपनि सभागार, राजभवन में शपथ दिलाई।

* मंत्रिमण्डल के सदस्यों की संख्या बढ़कर अब 34 हुई

* कांग्रेस छोड़कर बीजेपी में शामिल हुए 22 पूर्व विधायकों में 14 मंत्री बने

* उप चुनावों को ध्यान में रखते हुए ग्वालियर-चम्बल क्षेत्र के कई नेताओं को मंत्री बनाया

शादिक खान, भोपाल/पन्ना। (www.radarnews.in) मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के मंत्रिमण्डल का आज बहुप्रतीक्षित विस्तार हो गया। राजभवन में राज्यपाल श्रीमती आनंदी बेन पटेल ने 20 कैबिनेट एवं 8 राज्यमंत्रियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। मंत्रिमंडल विस्तार शपथ ग्रहण कार्यक्रम का आयोजन राजभवन के सांदीपनि सभागार में किया गया था। समारोह में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान उपस्थित थे। इस अवसर पर भाजपा के वरिष्ठ विधायक और पूर्व मंत्री गोपाल भार्गव ने सबसे पहले शपथ ली। जबकि, भार्गव के मंत्रिमण्डल में शामिल होने पर संशय की स्थिति निर्मित होने से जुड़ीं खबरें पिछले दिनों आती रहीं है। गुरुवार को 28 मंत्रियों के शपथ लेने के बाद शिवराज सरकार के मंत्रिमण्डल के सदस्यों की संख्या बढ़कर अब 34 हो गई है।
राज्यपाल श्रीमती आनंदीबेन पटेल ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के मंत्री-मण्डल में बृजेन्द्र प्रताप‍ सिंह को मंत्री पद की शपथ दिलाई।
कैबिनेट विस्तार में बीजेपी के 12 और कांग्रेस को छोड़कर आने वाले 8 नेताओं को मंत्री पद की शपथ दिलाई गई। जिसमें ज्योतिरादित्य सिंधिया समर्थकों की संख्या 5 बताई जा रही है। वहीं 8 नेताओं को राज्यमंत्री बनाया गया है। इनमें भी सिंधिया के कई समर्थक शामिल हैं। जानकारी अनुसार सिंधिया के साथ कांग्रेस छोड़कर भाजपा में आने वाले 22 पूर्व विधायकों में से 12 को मंत्री बनाया गया है। मंत्रिमण्डल का विस्तार आने वाले दिनों में प्रदेश की 24 विधानसभा सीटों पर होने वाले उपचुनाव को ध्यान में रखते हुए किया गया है। आज के विस्तार में ग्वालियर-चम्बल क्षेत्र से कई नेताओं को मंत्री बनाया जाना इस बात का प्रमाण है। दरअसल जिन सीटों पर उपचुनाव होने हैं उनमे से अधिकाँश इसी क्षेत्र में स्थित हैं।
मंत्रिमण्डल के विस्तार के बाद अब सबकी नजरें मंत्रियों को होने वाले विभागों के बंटवारे पर टिकीं हैं। मंत्रिमण्डल के विस्तार को लेकर जिस तरह से पहले भोपाल फिर दिल्ली में कई दिनों तक भाजपा के शीर्ष नेताओं के बीच विचार-विमर्श हुआ और बाद में हाईकमान के द्वारा अंतिम मुहर लगाई गई, उसे देखते हुए कुछ जानकारों का मानना है कि मंत्रियों के नाम फ़ाइनल करने के साथ ही लगे हाथ विभागों के बंटवारे पर भी सहमति बन गई होगी। अब सिर्फ विभागों के बंटवारे की घोषणा होना शेष है।
राज्यपाल श्रीमती आनंदीबेन पटेल ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के मंत्री-मण्डल में ओमप्रकाश सकलेचा को मंत्री पद की शपथ दिलाई।
शपथ ग्रहण समारोह में केन्द्रीय मंत्री कृषि और पंचायत नरेन्द्र सिंह तोमर, केन्द्रीय मंत्री सामाजिक न्याय थावरचंद गहलोत, केन्द्रीय राज्यमंत्री संस्कृति और पर्यटन प्रहलाद पटेल, सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया, सांसद सुश्री प्रज्ञा ठाकुर सहित राज्य मंत्री मण्डल के सभी मंत्रीगण उपस्थित थे। शपथ विधि का संचालन मुख्य सचिव इकबाल सिंह बैंस ने किया।

ये बने कैबिनेट मंत्री

बृजेन्द्र प्रताप‍ सिंह।
आज शपथ लेने वाले कैबिनेट मंत्रियों में- गोपाल भार्गव, विजय शाह, जगदीश देवड़ा, बिसाहूलाल सिंह, यशोधरा राजे सिंधिया, भूपेन्द्र सिंह, एदल सिंह कंषाना, बृजेन्द्र प्रताप सिंह, विश्वास सारंग, इमरती देवी, डॉ. प्रभुराम चौधरी, महेन्द्र सिंह सिसौदिया, प्रद्युमन सिंह तोमर, प्रेम सिंह पटेल, ओमप्रकाश सकलेचा, उषा ठाकुर, अरविंद भदौरिया, डॉ. मोहन यादव, हरदीप सिंह डंग एवं राजवर्धन सिंह दत्तीगाँव शामिल हैं।
इसके अलावा राज्यमंत्री के रूप में शपथ लेने वालों में-  भरत सिंह कुशवाहा, इन्दर सिंह परमार, रामखेलावन पटेल, रामकिशोर कांवरे, बृजेन्द्र सिंह यादव, गिर्राज दंडौतिया, सुरेश धाकड़, ओपीएस भदौरिया शामिल हैं।

बृजेन्द्र प्रताप को मंत्री बनाये जाने पर बांटी मिठाई

पन्ना विधायक बृजेन्द्र प्रताप सिंह ने आज जैसे ही मंत्री पद की शपथ ली पन्ना के गाँधी चौक पर उनके समर्थकों ने जश्न मनाते हुए जमकर आतिशबाजी की। इस दौरान चौराहे पर लोगों को मिठाई बांटकर और एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर समर्थकों ने अपनी ख़ुशी का इजहार किया। तीसरी बार विधायक बने बृजेन्द्र प्रताप सिंह पूर्व में शिवराज सरकार में राज्यमंत्री रहे हैं इस बार कैबिनेट मंत्री बनाकर उन्हें पदोन्नत किया गया है। उच्च शिक्षित युवा एवं अनुभवी विधायक बृजेन्द्र सिंह को मंत्री बनाये जाने से उनके निर्वाचन क्षेत्र समेत समूचे पन्ना जिले और भाजपा संगठन में हर्ष की लहर देखी जा रही है।