* मंत्रिमण्डल के सदस्यों की संख्या बढ़कर अब 34 हुई
* कांग्रेस छोड़कर बीजेपी में शामिल हुए 22 पूर्व विधायकों में 14 मंत्री बने
* उप चुनावों को ध्यान में रखते हुए ग्वालियर-चम्बल क्षेत्र के कई नेताओं को मंत्री बनाया
शादिक खान, भोपाल/पन्ना। (www.radarnews.in) मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के मंत्रिमण्डल का आज बहुप्रतीक्षित विस्तार हो गया। राजभवन में राज्यपाल श्रीमती आनंदी बेन पटेल ने 20 कैबिनेट एवं 8 राज्यमंत्रियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। मंत्रिमंडल विस्तार शपथ ग्रहण कार्यक्रम का आयोजन राजभवन के सांदीपनि सभागार में किया गया था। समारोह में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान उपस्थित थे। इस अवसर पर भाजपा के वरिष्ठ विधायक और पूर्व मंत्री गोपाल भार्गव ने सबसे पहले शपथ ली। जबकि, भार्गव के मंत्रिमण्डल में शामिल होने पर संशय की स्थिति निर्मित होने से जुड़ीं खबरें पिछले दिनों आती रहीं है। गुरुवार को 28 मंत्रियों के शपथ लेने के बाद शिवराज सरकार के मंत्रिमण्डल के सदस्यों की संख्या बढ़कर अब 34 हो गई है।

कैबिनेट विस्तार में बीजेपी के 12 और कांग्रेस को छोड़कर आने वाले 8 नेताओं को मंत्री पद की शपथ दिलाई गई। जिसमें ज्योतिरादित्य सिंधिया समर्थकों की संख्या 5 बताई जा रही है। वहीं 8 नेताओं को राज्यमंत्री बनाया गया है। इनमें भी सिंधिया के कई समर्थक शामिल हैं। जानकारी अनुसार सिंधिया के साथ कांग्रेस छोड़कर भाजपा में आने वाले 22 पूर्व विधायकों में से 12 को मंत्री बनाया गया है। मंत्रिमण्डल का विस्तार आने वाले दिनों में प्रदेश की 24 विधानसभा सीटों पर होने वाले उपचुनाव को ध्यान में रखते हुए किया गया है। आज के विस्तार में ग्वालियर-चम्बल क्षेत्र से कई नेताओं को मंत्री बनाया जाना इस बात का प्रमाण है। दरअसल जिन सीटों पर उपचुनाव होने हैं उनमे से अधिकाँश इसी क्षेत्र में स्थित हैं।
मंत्रिमण्डल के विस्तार के बाद अब सबकी नजरें मंत्रियों को होने वाले विभागों के बंटवारे पर टिकीं हैं। मंत्रिमण्डल के विस्तार को लेकर जिस तरह से पहले भोपाल फिर दिल्ली में कई दिनों तक भाजपा के शीर्ष नेताओं के बीच विचार-विमर्श हुआ और बाद में हाईकमान के द्वारा अंतिम मुहर लगाई गई, उसे देखते हुए कुछ जानकारों का मानना है कि मंत्रियों के नाम फ़ाइनल करने के साथ ही लगे हाथ विभागों के बंटवारे पर भी सहमति बन गई होगी। अब सिर्फ विभागों के बंटवारे की घोषणा होना शेष है।

शपथ ग्रहण समारोह में केन्द्रीय मंत्री कृषि और पंचायत नरेन्द्र सिंह तोमर, केन्द्रीय मंत्री सामाजिक न्याय थावरचंद गहलोत, केन्द्रीय राज्यमंत्री संस्कृति और पर्यटन प्रहलाद पटेल, सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया, सांसद सुश्री प्रज्ञा ठाकुर सहित राज्य मंत्री मण्डल के सभी मंत्रीगण उपस्थित थे। शपथ विधि का संचालन मुख्य सचिव इकबाल सिंह बैंस ने किया।
ये बने कैबिनेट मंत्री
