भाजपा के लिए “त्रिदेव” बनाएंगे बूथ को मज़बूत, 15 मण्डलों की बूथ समितियों को दिया गया प्रशिक्षण

0
507

*   प्रशिक्षण वर्ग में मंत्री बृजेन्द्र बोले- भाजपा को विश्व की सबसे बड़ी पार्टी बनाने में कार्यकर्ताओं का विशेष योगदान

शादिक खान, पन्ना। (www.radarnews.in) भारतीय जनता पार्टी ने बूथ स्तर तक पार्टी को मजबूत बनाने के लिए प्रत्येक मतदान केन्द्र पर बूथ समिति की संरचना की है। इन समतियों के महत्वपूर्ण पदाधिकारियों- बूथ अध्यक्ष, महामंत्री और बीएलए को पार्टी ने त्रिदेव की संज्ञा दी है। मध्य प्रदेश के अन्य जिलों की तर्ज पर पन्ना में भी भाजपा के द्वारा अपने त्रिदेवों को पार्टी की रीति-नीति, कार्य पद्धति से परिचित कराने और इनके ज्ञान एवं कौशल में वृद्धि हेतु जिले के सभी 15 मंडलो में 30 अप्रैल तथा 1 मई को त्रिदेव प्रशिक्षण वर्ग आयोजित किए गए। जिसका नेतृत्व भाजपा जिलाध्यक्ष पन्ना अध्यक्ष राम बिहारी चौरसिया एवं जिला प्रभारी विवेक मिश्रा ने किया। इसके तहत 30 अप्रैल को पन्ना नगर, पन्ना ग्रामीण, ककरहटी और बृजपुर मंडल तथा 1 मई को बचे शेष मंडलों का प्रशिक्षण वर्ग संपन्न हुआ।
रविवार को प्रशिक्षण वर्ग में प्रदेश के खनिज साधन विभाग के मंत्री बृजेंद्र प्रताप सिंह शामिल हुए। इस अवसर उन्होंने कहा कि, भाजपा आज विश्व की सबसे बड़ी पार्टी है, इसको बनाने में कार्यकर्ताओं का विशेष योगदान रहा है। भाजपा संगठन स्तर पर लगातार कार्यकर्ताओं को कार्यक्रम एवं प्रशिक्षण के माध्यम से तैयार करती रहती है। नए कार्यकर्ताओं का पार्टी में प्रशिक्षण के माध्यम से कार्य पद्धति को समझना और पार्टी की विचारधारा के अनुरूप जनमानस की भावनाओं में अपना एक स्थान बनाना, योजनाएं हों या फिर पार्टी के कार्यक्रम उन में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेना एवं अंतिम छोर के व्यक्ति को लाभान्वित करते हुए मुख्यधारा में लाना यही भारतीय जनता पार्टी की कार्य पद्धति एवं रीति-नीति है ।
भाजपा जिला उपाध्यक्ष सुशील त्रिपाठी ने कार्यशाला में कार्यकर्ताओं के व्यवहार पर विस्तार से चर्चा कर मार्गदर्शन किया एवं वर्तमान समय में सोशल मीडिया की उपयोगिता पर प्रकाश डाला। विगत माह में बूथ विस्तारक अभियान के तहत नए कार्यकर्ताओं को पार्टी से जोड़ा गया। जिसमें भारतीय जनता पार्टी के सभी मंडलो में नए कार्यकर्ताओं को जोड़कर प्रत्येक मतदान केंद्र पर बूथ समिति की संरचना की गई। पार्टी के कार्यक्रमों एवं सरकार की योजनाओं को धरातल पर उतारने, नीचे तक पहुंचने का एवं जनता को सीधे जोड़ने का सशक्त माध्यम बूथ समिति है जिसे त्रिदेव का नाम दिया गया है।
प्रशिक्षण वर्ग में जिला मंत्री गिरधारी चौधरी ने बूथ पर किये जाने वाले 22 कार्यों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि पोलिंग बूथों के डिजीटल विस्तारीकरण के बाद बनाये गये बूथ अध्यक्ष, महामंत्री, बीएलए को त्रिदेव की संज्ञा दी गई है। इस अवसर पर रूद्र बागरी ने कहा कि, सोशल मीडिया के माध्यम से पार्टी की रीति-नीति एवं कार्यक्रमों को जन-जन तक पहुंचाने में कार्यकर्ताओं की भूमिका पर विस्तार से चर्चा की। कार्यशाला संचालन मंडल अध्यक्ष बॉबी राजा ने किया ।