टोक्यो ओलंपिक : भारत की पुरुष हॉकी टीम ने 41 साल के बाद ओलंपिक में पदक जीतकर इतिहास रचा

0
741
टोक्यो ओलंपिक में भारत की पुरुष हॉकी टीम ने कांस्य पदक के लिए एक रोमांचक मैच में जर्मनी को 5-4 से हराया।

पुरुष हॉकी टीम ने टोक्यो ओलंपिक में कांस्य पदक जीता

भारत ने कांस्य पदक के लिए एक रोमांचक मैच में जर्मनी को 5-4 से हराया

राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री ने हॉकी टीम को उनके प्रदर्शन के लिए बधाई दी

नई दिल्ली। (www.radarnews.in) ऐतिहासिक जीत के साथ, भारत की पुरुष हॉकी टीम ने आज टोक्यो ओलंपिक 2020 में कांस्य पदक जीता। कांस्य पदक के लिए खेले गए एक रोमांचक मैच में जर्मनी पर 5-4 से जीत के साथ हासिल हुआ यह 41 वर्षों में टीम का पहला ओलंपिक पदक है। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, खेल मंत्री अनुराग ठाकुर और पूरे देश से लोगों ने भारतीय पुरुष हॉकी टीम को इस जीत और उपलब्धि के लिए बधाई दी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पुरुष हॉकी टीम के कप्तान मनप्रीत सिंह, मुख्य कोच ग्राहम रीड और सहायक कोच पीयूष दुबे से बातचीतभी की और उन्हें बधाई दी।
राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने टीम को बधाई देते हुए ट्वीट के जरिए कहा कि, हमारी पुरुष हॉकी टीम को 41 साल बाद हॉकी में ओलंपिक पदक जीतने के लिए बधाई। टीम ने जीतने के लिए असाधारण कौशल, मजबूती और दृढ़ संकल्प का प्रदर्शन किया। यह ऐतिहासिक जीत हॉकी में एक नए युग की शुरुआत करेगी और युवाओं को खेलने तथा उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित करेगी।
प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने टोक्यो ओलंपिक में कांस्य पदक जीतने के लिए भारत की पुरुष हॉकी टीम को बधाई दी। श्री मोदी ने ट्वीट के जरिए संदेश देते हुए कहा, ऐतिहासिक! यह दिन हर भारतीय के लिए हमेशा यादगार रहेगा। कांस्य पदक घर लाने के लिये हमारी पुरुषों की हॉकी टीम को बधाई। इस शानदार जीत से टीम ने पूरे देश का और खासतौर से हमारे युवाओं का ध्यान अपनी तरफ आकर्षित किया है और वे जोश से भर उठे हैं। भारत को अपनी हॉकी टीम पर गर्व है।