स्मृति बोलीं- जनता से आशीर्वाद मांगने जाएं तो उनसे यह पूछें : “अगर नरेंद्र मोदी नहीं होते, तो क्या भव्य राम मंदिर का निर्माण हो पाता”?

0
701

*      खजुराहो संसदीय क्षेत्र के लिए भाजपा प्रत्याशी विष्णु दत्त शर्मा ने दाखिल किया नामांकन

*      नामांकन में केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, प्रदेश लोकसभा चुनाव प्रभारी डॉ. महेन्द्र सिंह ने पन्ना में जनसभा को संबोधित कर किया रोड शो

*      सनातन को और आगे ले जाने के लिए मथुरा की ओर जाना पड़ेगा : डॉ. मोहन यादव

*      स्मृति का दावा : खजुराहो लोकसभा सीट पर कांग्रेस का चुनाव न लड़ना विपक्ष की करारी हार का संकेत

पन्ना। (www.radarnews.in) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में पूरा देश अबकी बार 400 पार का रास्ता देख रहा है। खजुराहो लोकसभा क्षेत्र में तो कांग्रेस पार्टी ने मैदान छोड़ दिया है, समाजवादी पार्टी को उम्मीदवार नहीं मिल रहे हैं। उत्तर प्रदेश से प्रत्याशी लेकर समाजवादी पार्टी आई, फिर दो दिन बाद ही प्रत्याशी बदल दिया। यह बात केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने पन्ना में रोड शो एवं जनसभा को संबोधित करते हुए कही। खजुराहो संसदीय क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी विष्णु दत्त शर्मा (वीडी शर्मा) का नामांकन दाखिल कराने बुधवार को पन्ना आए भाजपा के दिग्गज नेताओं ने पहले यहां जनसभा और रोड शो को संबोधित किया। जिनमें मुख्य रूप से मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व सांसद विष्णु दत्त शर्मा, लोकसभा चुनाव के प्रदेश प्रभारी डॉ. महेन्द्र सिंह एवं प्रदेश शासन के मंत्री प्रहलाद पटेल, लखन पटेल, राज्य मंत्री दिलीप अहिरवार, वरिष्ठ नेता सुरेश पचौरी विधायकद्वय बृजेन्द्र प्रताप सिंह एवं राजेश वर्मा शामिल रहे।
चुनावी आमसभा के पश्चात भाजपा प्रत्याशी विष्णु दत्त शर्मा रोड शो के रूप में नगर के मुख्य मार्गों से होकर जनता का अभिवादन करते हुए नामांकन दाखिल करने के लिए कलेक्ट्रेट कार्यालय पहुंचे। इस अवसर पर केन्द्रीय मंत्री स्मृति ईरानी, प्रदेश शासन के मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल, विधायक बृजेन्द्र प्रताप सिंह एवं संजय पाठक उपस्थित रहे।

जनता का विश्वास भाजपा की ताकत

जनसभा को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने कहा कि यह कर्मठ कार्यकर्ताओं के संकल्प और संगठन कौशल का ही परिणाम है कि विरोधी पार्टी ने हथियार डालकर, टिकट बदलकर भाजपा की जीत का संकेत दे दिया है। उन्होंने कहा कि मैं पार्टी प्रत्याशी और प्रदेश अध्यक्ष विष्णु दत्त शर्मा को उनकी जीत की अग्रिम बधाई दे रही हूं और यह कोई दुस्साहस या अहंकार नहीं है। उन्होंने कहा कि जनता ने हमारी सेवा को देखा, जाना, परखा और फिर से हम पर विश्वास किया। यह मध्यप्रदेश के पार्टी संगठन और कार्यकर्ताओं की सबसे बड़ी ताकत है। आज मैं इसी ताकत को नमन करने आई हूं।
केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने कहा कि लोकसभा चुनाव में कांग्रेस की हार का सबसे पहला संकेत यह है कि उन्होंने हमारी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष के सामने चुनाव लड़ने से इंकार कर दिया। दूसरा संकेत यह है कि विधानसभा चुनाव में जो दल एक-दूसरे को फूटी आंख नहीं सुहाते थे, वो सीटों का तालमेल कर रहे हैं। केंद्रीय मंत्री ईरानी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी जिसके कभी सिर्फ दो सांसद हुआ करते थे, आज उसका कार्यकर्ता अबकी बार 400 पार का नारा लगाने की क्षमता रखता है। सिर ऊंचा करके विनम्रता के भाव के साथ वोट मांगता है। उन्होंने कहा कि मैं जनता से यह कहना चाहती हूं कि सपा को वोट देना मतलब उन ताकतों को वोट देना है, जो देश के टुकड़े करना चाहती हैं। इसका मतलब उन्हें वोट देना है, जो देश की तिजौरी को लूट चुके हैं और आज भी जिनकी नजर तिजौरी पर है।

… तो क्या हर गरीब को मुफ्त राशन मिलता?

स्मृति ईरानी ने भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं का आव्हान करते हुए कहा कि, जब आप जनता से आशीर्वाद मांगने जाएं, तो उनसे यह पूछें कि अगर मोदी जी देश के प्रधानसेवक नहीं होते और देश की बागडोर कांग्रेस के हाथ में होती, तो क्या गरीबों तक मुफ्त राशन पहुंच पाता? अगर मोदी जी नहीं होते, तो क्या हर गरीब का बैंक का खाता खुलता? अगर नरेंद्र मोदी जी नहीं होते, तो क्या भव्य राम मंदिर का निर्माण हो पाता? देश की सुरक्षा, महिलाओं का उत्थान, युवा शक्ति को उज्जवल भविष्य और भारत को विकसित भारत बनाने के लिए भाजपा को वोट दें। कांग्रेस की राजनीति की इतनी दुर्गति हो गई है कि वो चुनाव जीतने के लिए आतंकवादी संगठनों से समर्थन मांग रही है। ये वो लोग जो कहते थे कि धारा 370 हटेगी, तो देश टूट जाएगा। ये वो लोग हैं, जो हमारी सेना के शौर्य के प्रमाण मांगते हैं। ये वो लोग हैं जो सत्ता के लिए देशवासियों को यह धमकी देते हैं कि अगर मोदी जी फिर से प्रधानमंत्री बन गए, तो देश में आग लग जाएगी।

मोदी के नेतृत्व में देश अबकी बार 400 पार

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रोड शो के दौरान कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में पूरा देश अबकी बार 400 पार का रास्ता देख रहा है। खजुराहो लोकसभा क्षेत्र में तो कांग्रेस पार्टी ने मैदान छोड़ दिया है, समाजवादी पार्टी को उम्मीदवार नहीं मिल रहे हैं। उत्तर प्रदेश से प्रत्याशी लेकर समाजवादी पार्टी आई, फिर दो दिन बाद ही प्रत्याशी बदल दिया। खजुराहो लोकसभा सीट में हमारी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष विष्णु दत्त शर्मा चुनाव मैदान में हैं। विधानसभा के चुनाव में आप लोगों ने खजुराहो लोकसभा क्षेत्र की सभी आठों विधानसभा क्षेत्रों में भाजपा को जिताकर विरोधियों के छक्के छुड़ाते हुए प्रदेश में 163 कमल का फूल खिलाया।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी नेतृत्व में देश में सनातन संस्कृति की जय-जयकार हो रही है। उज्जैन में महाकाल महालोक बन गया है, काशी में विश्वनाथ कॉरिडोर बनकर तैयार हो गया है। अयोध्या में भगवान श्रीराम का भव्य मंदिर बनकर तैयार है और प्रभु श्रीराम की प्राण-प्रतिष्ठा भी हो चुकी है। अब सनातन को और आगे ले जाने के लिए मथुरा की ओर जाना पड़ेगा। दुनिया में अगर किसी को जीवन जीने की ललक सीखनी है तो वह बुंदेलखंड आए। प्रधानमंत्री ने बुंदेलखंड के लिए केन-बेतवा लिंक परियोजना की सौगात दी है, जो इस क्षेत्र की जनता के लिए वरदान साबित होगी।

…वे जनता का हित क्या तय करेंगे

जनसभा को संबोधित करते हुए भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व खजुराहो सीट से प्रत्याशी विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि इस लोकसभा चुनाव में तो भारत की जनता ही नरेन्द्र मोदी जी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाने के लिए भाजपा की तरफ से चुनाव लड़ रही है। कांग्रेस पार्टी पहले मैदान छोड चुकी है, समाजवादी पार्टी यहां प्रत्याशी तय नहीं कर पा रही है। पहले उत्तर प्रदेश से लोकर प्रत्याशी दिया फिर बदला। जो प्रत्याशी नहीं तय कर पा रहे वे बुन्देलखण्ड और खजुराहो की जनता का क्या भला करेंगे। आप सभी जनता जनार्दन भाजपा को वोट देकर नरेन्द्र मोदी जी के हाथ को मजबूत बनाएं।

इनकी रही उपस्थिति

इस अवसर पर प्रदेश उपाध्यक्ष मुकेश सिंह चतुर्वेदी, विधायक ललिता यादव, दिनेश शर्मा, विधायक संजय पाठक, महापौर योगेश ताम्रकार, प्रदेश मीडिया प्रभारी आशीष अग्रवाल, छतरपुर जिला अध्यक्ष चंद्रभान सिंह गौतम, पन्ना जिला अध्यक्ष बृजेंद्र मिश्रा, विधायक अरविंद पटेरिया, प्रहलाद लोधी, अभिलाष पांडे, प्रणव पांडे, पूर्व विधायक रेखा यादव, पूर्व विधायक उमेश शुक्ला, जिला पंचायत पन्ना अध्यक्ष मीना राज, संजय नागयाच, प्रदेश सह मीडिया प्रभारी आशीष तिवारी, पन्ना जिला मीडिया प्रभारी भाजपा दुर्गेश शिवहरे सतानंद गौतम, रामबिहारी चौरसिया उपस्थित थे।