* भाजपा और कांग्रेस को कड़ी चुनौती देकर सपा को तीसरा विकल्प बनाने पर रहेगा फोकस
* सपा की युवजन सभा के प्रदेशाध्यक्ष योगेन्द्र कुशवाहा ने पन्ना में किया बड़ा ऐलान
शादिक खान, पन्ना। (www.radarnews.in) पड़ोसी राज्य उत्तर प्रदेश की मुख्य विपक्षी दल समाजवादी पार्टी अब मध्यप्रदेश में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी को कड़ी चुनौती देने की तैयारी में है। एमपी में दशकों से चली आ रही दो ध्रुवीय राजनीति (भाजपा और कांग्रेस) से हताश-निराश हो चुके लोगों के बीच समाजवादी पार्टी खुद को तीसरे विकल्प के रूप में स्थापित करने की रणनीति पर काम कर रही है। पार्टी के द्वारा मध्यप्रदेश की सभी 230 सीटों पर चुनाव लड़ने के फैसले को इसी से जोड़कर देखा जा रहा है। प्रदेश में इसी साल के अंत में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले समाजवादी पार्टी की सक्रियता बढ़ गई है। शनिवार 18 मार्च को पन्ना में समाजवादी पार्टी युवजन सभा का कार्यकर्ता सम्मलेन एवं नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
सम्मलेन पश्चात समाजवादी पार्टी युवजन सभा के प्रदेश अध्यक्ष योगेन्द्र कुशवाहा ने प्रेसवार्ता की। इस दौरान उन्होंने कहा कि पार्टी मध्यप्रदेश की सभी 230 विधानसभा सीटों पर मजबूती के साथ चुनाव लड़ेगी। सपा माफिया राज, भ्रष्टाचार और अराजकता के खिलाफ आवाज़ बुलंद कर प्रदेश में जनहित तथा विकास की बात करेगी। आपने दावा किया, भाजपा और कांग्रेस ने प्रदेश की जनता को निराश किया है। सत्तारूढ़ भाजपा जहां नफरत की राजनीति कर रही है वहीं कांग्रेस पार्टी विपक्ष की भूमिका को निभाने में असफल साबित हुई है। युवजन सभा के प्रदेशाध्यक्ष योगेन्द्र कुशवाहा ने जोर देते हुए कहा कि मध्यप्रदेश में 2023 अगर समाजवादी पार्टी की सरकार बनती है तो बिना किसी भेदभाव के सभी वर्गों के कल्याण की योजनाओं को प्रभावी तरीके से लागू किया जाएगा। उपस्थित सपा कार्यकर्ताओं से आपने आव्हान किया कि, लोगों के बीच जाकर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के सन्देश को जन-जन पहुंचाएं। साथ ही लोगों को बतायें कि भाजपा और कांग्रेस एक ही सिक्के के दो पहलू हैं, जो कि बारी-बारी से इस प्रदेश को लूटने का काम कर रहे हैं। मौजूदा परिदृश्य में समाजवादी पार्टी ही अकेली ऐसी पार्टी जो मध्य प्रदेश को विकास के रास्ते पर ले जाने में सक्षम है।
समाजवादी पार्टी युवजन सभा के सम्मलेन एवं पदाधिकारियों के नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम में मुख्य रूप से महेन्द्र पाल, सुभाष चन्द्र उपाध्याय, कंधी सिंह यादव, हरिराम लखेरा, सतीश दुबे, युवा नेता सोनेलाल प्रजापति, डॉ. मिहीलाल लोधी, संगीता पटेल, सनी सेन, महेन्द्र सिंह यादव, शम्भूदयाल खरे, बालमुकुंद लोधी, मनीष राजपूत, आस्था यादव, उमाकांत राजपूत, संजय दलाल, रामराज अहिरवार, माखनलाल राजपूत, कामता राजपूत सहित अन्य सपा कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।