राष्ट्रीय उद्यान पन्ना में “बफ़र में सफ़र” योजना का शुभारंभ

0
1508

*   वन ग्रामों में बुनियादी सुविधाएं मुहैया कराई जाएं-  मंत्री श्री सिंह

पन्ना।(www.radarnews.in) प्रदेश के खनिज साधन एवं श्रम विभाग मंत्री बृजेन्द्र प्रताप सिंह की अध्यक्षता में पन्ना राष्ट्रीय उद्यान के पर्यटन गेट गंगऊ अभ्यारण सीमा की बीट झिन्ना में बफर में सफर योजना का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर मंत्री श्री सिंह ने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री द्वारा इस योजना की घोषणा की गयी थी। आज इसका शुभारंभ हो गया। इस योजना से इस क्षेत्र के लोगों को रोजगार मिलेगा।
मंत्री श्री सिंह ने कहा कि पन्ना का नाम राष्ट्रीय उद्यान एवं हीरा के कारण पूरी दुनिया में जाना जाता है। जिले में अनेकों पर्यटन स्थल है अभी जो पर्यटक आते हैं वे खजुराहो से राष्ट्रीय उद्यान घूमकर चले जाते हैं। उन्हें पन्ना नगर तक लाने का प्रयास किया जाए। जिससे जिले के लोगों को रोजगार मिले। राष्ट्रीय उद्यान के कारण हीरा एवं पत्थर खदानें बंद हो चुकी हैं जिससे रोजगार समाप्त हो गया है। राष्ट्रीय उद्यान को पन्ना जिले के लिए वरदान साबित करने के लिए जिले में पर्यटन को बढावा दिया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि वन ग्रामों में रहने वाले लोगों के कारण ही जंगल बचे हुए हैं इन्हें इसका लाभ मिलना चाहिए।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय उद्यान का मतलब यह नही होना चाहिए कि क्षेत्र का विकास अवरूद्ध हो जाए। राष्ट्रीय उद्यान क्षेत्र से निकलने वाली सड़कों को बनाने की स्वीकृति देने के साथ अन्य विकास कार्य भी किए जाना चाहिए। वर्तमान में पन्ना राष्ट्रीय उद्यान का नाम दुनियाभर में स्थापित हुआ है क्योंकि यहां वन्य जीवों की संख्या में निरंतर बढ़ोत्तरी हो रही है। इसके साथ ही विकास कार्य होंगे तो लोगों को सुविधाए मिलेंगी। लोगों में राष्ट्रीय उद्यान के प्रति लगाव बढेगा जिससे उद्यान का संरक्षण भी होगा।
इस अवसर पर कलेक्टर संजय कुमार मिश्र ने सम्बोधित करते हुए कहा कि पर्यटन के क्षेत्र में रोजगार के आपार संभावनाएं हैं। बफर में सफर आत्म निर्भर मध्यप्रदेश के लिए मील का पत्थर साबित होगी। राष्ट्रीय उद्यान में आने वाले पर्यटक पन्ना जिला मुख्यालय तक लाने के प्रयास निरंतर जारी है। पन्ना जिला मुख्यालय में एक दिन पर्यटक रूकता है तो रोजगार के अवसर उपलब्ध होना शुरू हो जाएंगे।
जिला पंचायत के अध्यक्ष रविराज सिंह यादव ने अपने उद्बोधन में कहा कि राष्ट्रीय उद्यान पन्ना का सारा लाभ छतरपुर को मिलता है। पन्ना को इसका लाभ तभी मिल सकेगा। जब नेशनल पार्क में आने वाले पर्यटक पन्ना में आना प्रारंभ हो जाएंगे।
क्षेत्र संचालक पन्ना टाइगर रिजर्व उत्तम कुमार शर्मा ने बताया कि पार्क में पर्यटन से होने वाली आय का 25 प्रतिशत राशि बफर जोन में रहने वाले लोगों पर खर्च की जाती है। जिससे पर्यटन को बढावा मिले और यहां के लोग जंगल को सुरक्षित रखें। उन्होंने यह भी बताया कि राष्ट्रीय उद्यान में प्रवेश टिकट विक्रय का केन्द्र पन्ना नगर के डायमण्ड चैराहे पर प्रारंभ किया जा रहा है। उन्होंने पार्क के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी दी।
इस अवसर पर रघु चुंढावत के सौजन्य से इको विकास समिति झिन्ना को जिप्सी वाहन उपलब्ध कराया गया। इसके अलावा इको विकास समिति झिन्ना सुकई पाल, गणेश सिंह यादव, परमलाल यादव को 50-50 हजार रूपये के पौधे वितरित किए गए। वहीं वनाधिकार पत्रों का वितरण किया गया। इनमें खेत सिंह, पूजा देवी, प्रेम सिंह, वीरेन्द्र सिंह एवं अनुरूद्ध सिंह को किए गए। इसके अलावा सुकई पाल, विश्वनाथ पटेल, लक्ष्मण पटेल, लक्ष्मी केवट एवं भागचन्द्र पटेल को पौधे वितरित किए गए।