* वन परिक्षेत्र देवेन्द्रनगर अंतर्गत रैगढ़ में मकान की तलाशी के दौरान 0.195 घन मीटर सागौन लकड़ी बरामद
* मकान मालिक और फर्नीचर निर्माता के विरुद्ध वन अपराध प्रकरण दर्ज
शादिक खान, पन्ना।(www.radarnews.in) उत्तर वन मण्डल पन्ना के देवेन्द्रनगर वन परिक्षेत्र अंतर्गत ग्राम रैगढ़ में वन विभाग ने अवैध सागौन लकड़ी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक मकान से 21 नग सागौन की चिरान/सिल्लियां जब्त की हैं। जब्त लकड़ी की कुल मात्रा 0.195 घन मीटर बताई गई है। वन विभाग की टीम ने मौके पर सागौन की लकड़ी से फर्नीचर निर्माण का कार्य भी पाया।
वन विभाग के अनुसार 26 अगस्त 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम रैगढ़ निवासी लाल बहादुर बागरी के रिहायशी मकान में अवैध रूप से सागौन की लकड़ी से फर्नीचर निर्माण कराया जा रहा है। सूचना की तस्दीक के बाद वन विभाग की टीम ने संबंधित मकान पर दबिश दी। कार्रवाई के दौरान मौके पर रघुवीर विश्वकर्मा निवासी इंटवा महंगू द्वारा फर्नीचर निर्माण का कार्य किया जाना पाया गया। मकान की तलाशी में 21 नग सागौन की चिरान/सिल्लियां मिलीं। वन विभाग ने लकड़ी को नियमानुसार जब्त कर पंचनामा तैयार किया।
वन विभाग के मुताबिक मामले में मकान मालिक लाल बहादुर बागरी और फर्नीचर निर्माता रघुवीर विश्वकर्मा के विरुद्ध मध्यप्रदेश वनोपज (व्यापार विनियमन) नियम, 1969 की धारा 5, 11, 15 एवं 16 के तहत वन अपराध प्रकरण दर्ज कर विवेचना में लिया गया है।







