पन्ना : दिग्विजय सिंह ने पत्नी अमृता के साथ किया टाइगर रिजर्व का भ्रमण, सांभर के झुण्ड और बर्ड वाचिंग में दिखाई दिलचस्पी

0
1196
पन्ना टाइगर रिजर्व के हिनौता गेट के बाहर पार्क के अधिकारियों से चर्चा करते हुए पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह एवं उनकी पत्नी अमृता सिंह।

वन्यजीवों को अपने कैमरे में किया कैद, लगभग तीन घण्टे तक की पार्क की सैर

गिद्धों की रेडियो टैगिंग करने के संबंध में पार्क के अधिकारियों ने दी जानकारी

शादिक खान, पन्ना। (www.radarnews.in) मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं राज्य सभा सांसद दिग्विजय सिंह ने अपनी पत्नी श्रीमती अमृता सिंह के साथ आज सुबह पन्ना टाइगर रिजर्व का भ्रमण किया। बाघों और अनेकों प्रजाति के पक्षियों के प्राकृतिक रहवास के रूप में विश्व प्रसिद्द पन्ना टाइगर रिजर्व की सैर कर पूर्व मुख्यमंत्री काफी आनंदित नजर आए। पार्क भ्रमण के दौरान दिग्विजय सिंह को जंगल के राजा टाइगर का दीदार तो नहीं हुआ लेकिन सांभर, चीतल के झुण्ड, आसमान में उड़ते ईगल, वल्चर, अन्य पक्षियों, पार्क के अप्रतिम सौंदर्य और मनोरम प्राकृतिक स्थलों को देखकर वे मंत्रमुग्ध हो उठे।
राज्य सभा सांसद दिग्विजय सिंह एवं उनकी पत्नी अमृता सिंह पन्ना के हिनौता ग्राम में स्थानीय कोंग्रेस नेता, उनके परिजनों एवं ग्रामीणों के साथ।
एक वैवाहिक कार्यक्रम में सम्मलित होने के लिए निजी यात्रा पर सपत्नीक पन्ना पहुंचे राज्य सभा सांसद दिग्विजय सिंह ने मंगलवार 01 दिसम्बर की सुबह पन्ना टाइगर रिजर्व का भ्रमण किया। उन्होंने सुबह करीब 7 बजे मड़ला स्थित गेट से पार्क में प्रवेश किया। पैंट-शर्ट पहने और सिर में कैप लगाए श्री सिंह काफी कूल अंदाज में दिखे। उन्होंने अपनी पत्नी अमृता सिंह के साथ करीब तीन घण्टे तक पार्क का भ्रमण किया। इस दौरान पूर्व सीएम को सांभर और चीतल के झुण्डों को काफी नजदीक से देखने का अवसर मिला। वन्य प्राणियों के संबंध में काफी जानकारी रखने वाले दिग्विजय सिंह ने सांभरों और बर्ड वाचिंग (पक्षी दर्शन) में खासी दिलचस्पी दिखाई। पन्ना में पाए जाने वाले सांभरों की कद-काठी ने उन्हें काफी प्रभावित किया।
पन्ना टाइगर रिजर्व का हिनौता स्थित प्रवेश द्वार। (फाइल फोटो)
मालूम होकि, जैव विविधता से परिपूर्ण पन्ना के जंगल को हाल ही में यूनेस्को के द्वारा बायोस्फीयर रिजर्व घोषित किया गया है। पन्ना टाइगर रिजर्व की अपनी सैर के दौरान दिग्विजय सिंह और उनकी धर्मपत्नी अमृता सिंह यहां की खूबसूरत हरी-भरी वादियों, जल प्रपात, शांति-सुकून देने वाला वातावरण, मनोरम प्राकृतिक स्थल, कुलांचें भरते वन्यजीवों, पक्षियों के कर्ण प्रिय कलरव और अप्रतिम सौंदर्य को समेटे यहां के दिलकश नजारों को देख रोमांचित हो उठे। इस दौरान उन्होंने वन्य जीवों, प्राकृतिक सौन्दर्य से परिपूर्ण मनोरम स्थलों तथा यहां के भ्रमण से जुड़ीं सुखद स्मृतियों को सहेजकर रखने के लिए अपने कैमरे में कैद किया। पार्क के अंदर बड़गड़ी में स्थित रेस्ट हाउस में ही श्री सिंह ने स्वल्पाहार गृहण किया। मौके पर उपस्थित पन्ना टाइगर रिजर्व के क्षेत्र संचालक उत्तम कुमार शर्मा व उप संचालक ईश्वर रामहरी जरांडे ने उन्हें पार्क की उपलब्धियों एवं वर्तमान में चल रहीं गतिविधियों के संबंध में संक्षिप्त जानकारी दी।
क्षेत्र संचालक के द्वारा पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह को बताया गया कि वर्तमान पन्ना पार्क में गिद्धों पर अध्ययन करने के लिए उनकी रेडियो टैगिंग की जा रही है। देश में गिद्धों की रेडियो टैगिंग पहली बार होने के संबंध में जानकर श्री सिंह ने सुखद आश्चर्य प्रकट करते हुए इस अनूठे प्रयोग व अध्ययन की सफलता हेतु पार्क के अधिकारियों को शुभकामनाएं दीं। लगभग तीन घण्टे तक पार्क भ्रमण करने के पश्चात कोंग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह अपनी पत्नी अमृता सिंह के साथ जब हिनौता गेट से बाहर निकले तो वे प्रफुल्लित और आनंदित नजर आए। कुछ क्षण हिनौता गेट पर रुकने बाद श्री सिंह स्थानीय कोंग्रेस नेता रामप्रसाद यादव के घर पहुंचे और फिर थोड़ी देर बाद पन्ना के लिए रवाना हो गए।