
* पशुपालक की हत्या से आक्रोशित ग्रामीणों ने आज पुनः किया चक्का जाम
* हत्या की वारदात में शामिल आरोपियों की झोपड़ियां वन और राजस्व विभाग ने गिराईं
पन्ना। (www.radarnews.in) मध्य प्रदेश के पन्ना जिला मुख्यालय से सटे शहीदन के जंगल से लापता वृद्ध बकरी पालक बाटू प्रजापति 60 वर्ष निवासी ग्राम पुरुषोत्तमपुर 48 घण्टे बाद आज सुबह जंगल में ही मृत अवस्था में मिला। इसी के गांव में रहने वाले कतिपय शातिर पशु तस्करों पर वृद्ध की बड़ी बेरहमी के साथ धारदार हथियार से हमला कर हत्या करने का आरोप है। जंगल में बकरी चराने गए वृद्ध के साथ अनहोनी होने की आशंका शुरू से ही जताई जा रही थी। पुलिस ने हत्या की इस जघन्य वारदात में शामिल कुछ आरोपियों को तत्परता से हिरासत में ले लिया है।

पशु तस्करों के इस क्रूरतापूर्ण कृत्य से उपजे जबर्दस्त आक्रोश और तनाव के चलते ग्रामीणों ने आज पुनः पुरुषोत्तमपुर पेट्रोल पम्प के सामने पन्ना-पहाड़ीखेरा मार्ग पर चक्का जाम कर दिया। दोपहर करीब दो बजे से शुरू हुआ चक्का जाम देर शाम तक चला। इस बीच प्रदर्शनकारियों की मांग पर वन एवं राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने और आक्रोशित ग्रामीणों ने हत्या की वारदात में शामिल आरोपियों के झोपड़ी-कच्चे मकानों को ध्वस्त कर दिया। हत्या की वारदात को लेकर ग्राम पुरुषोत्तमपुर समेत आसपास के इलाके में गम और गुस्से का माहौल निर्मित है। जिसे देखते हुए ग्राम पुरुषोत्तमपुर में पुलिस बल को तैनात किया गया है। पीड़ित परिवार से जुड़े लोगों ने बताया, वृद्ध के पार्थिव शरीर का अंतिम संस्कार मंगलवार की सुबह किया जाएगा।

जिला मुख्यालय पन्ना से सटे ग्राम पुरुषोत्तम निवासी बाटू प्रजापति 60 वर्ष शनिवार 23 अक्टूबर की सुबह लगभग 9 बजे रोज की तरह अपनी 27 नग बकरियां लेकर उन्हें चराने के लिए घर के पीछे स्थित शहीदन के जंगल के लिए निकला था। राघवेन्द्र उर्फ़ बब्लू प्रजापति ने बताया कि आमतौर पर उसके पिता दोपहर 12 बजे के आसपास वापस घर लौट आते थे। लेकिन कल बाटू जब दोपहर 1 बजे के बाद भी वापस नहीं लौटे तो उनके बेटों के द्वारा वृद्ध पिता की तलाश शुरू की गई। दिनभर खोजबीन करने के बाद भी वृद्ध और बकरियों का जब कोई सुराग नहीं लगा तो उनकी सुरक्षा को लेकर चिंतित और परेशान परिजनों ने शाम लगभग 7 बजे कोतवाली थाना पन्ना पुलिस को सूचना दी। परिजनों के द्वारा बाटू की गुमशुदगी को लेकर क्षेत्र में सक्रिय पशु चोरों/तस्करों पर संदेह जताया गया। मामले को गंभीरता से लेकर रात्रि में ही पुलिस एवं पीड़ित परिजनों के द्वारा संयुक्त रूप से तलाश की गई। लेकिन कुछ भी पता नहीं चल सका।
वृद्ध को लेकर कई तरह की आशंकाओं से घिरे चिंतित परिजनों व ग्रामीणों ने रविवार 24 अक्टूबर की सुबह करीब 10 बजे अचानक पुरुषोत्तमपुर पेट्रोल पम्प के सामने पन्ना-पहाड़ीखेरा मार्ग पर चक्का जाम कर दिया था। पुलिस के खिलाफ उग्र नारेबाजी कर रहे ग्रामीणों के द्वारा लापता वृद्ध के संबंध में गांव के ही कुछ ख़ानाबदोश परिवारों पर संदेह जताते हुए उन्हें हिरासत में लकेर सख्ती से पूंछतांछ करने की मांग की गई। पुलिस अधिकारियों एवं पन्ना तहसीलदार सुधीर कुशवाहा की समझाइश के बाद दोपहर 1 बजे चक्काजाम समाप्त हुआ। तब कहीं जाकर जंगल में सघन सर्चिंग शुरू हो सका।
इस बीच पुलिस ने कतिपय संदेहियों को हिरासत में लेकर उनसे सख्ती के साथ पूंछतांछ जारी रखी। रविवार को पुलिस की कई टीमें, वृद्ध के परिजन, ग्रामीण और स्वयं पन्ना पुलिस अधीक्षक धर्मराज मीना जंगल के चप्पे-चप्पे की ख़ाक छानते रहे लेकिन देर शाम तक लापता वृद्ध का कोई सुराग नहीं लग सका। हालांकि सघन तलाशी अभियान के दौरान लापता पशुपालक की 19 बकरियां 24 घंटे बाद स्वतः ही वापस लौट आईं। और शेष 8 बकरियों में एक बकरी जंगल में संदिग्ध परिस्थितियों में मृत पाई गई।
पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार हिरासत में लिए गए संदेहियों के द्वारा पूंछतांछ के दौरान किए गए अहम खुलासे के आधार पर सोमवार 25 अक्टूबर की सुबह पुलिस टीमों ने पुनः जंगल में सर्चिंग अभियान चलाया। इस दौरान सुबह करीब 10 बजे जंगल में झाड़ियों के समीप लापता वृद्ध मृत अवस्था में मिला। वृद्ध के सिर पर धारदार हथियार के कई निशान पाए गए। बकरी पालक बाटू प्रजापति की धारदार हथियार से जघन्य हत्या करने वाले आरोपी ग्राम पुरुषोत्तमपुर के ही पूर्व संदेही परिवारों के सदस्य बताए जा रहे हैं। पुलिस ने इस मामले में कुछ आरोपियों को हिरासत में लिया है। जिसकी पुष्टि स्वयं पन्ना पुलिस अधीक्षक धर्मराज मीना ने की है।
