एमपी को मिला 8 हजार 201 करोड़ रूपये का खनिज राजस्व

0
185
बृजेन्द्र प्रताप सिंह, मंत्री, साधन एवं श्रम विभाग मध्यप्रदेश शासन।

*     लक्ष्य से अधिक राजस्व प्राप्त होने की खनिज मंत्री ने दी जानकारी

पन्ना। (www.radarnews.in) खनिज सम्पदा बहुल मध्यप्रदेश को वित्तीय वर्ष 2022-23 में 8 हजार 201 करोड़ 50 लाख रूपये का खनिज राजस्व प्राप्त हुआ है। खनिज मंत्री बृजेन्द्र प्रताप सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि वित्तीय वर्ष 2022-23 में खनिज विभाग को निर्धारित राजस्व लक्ष्य का 101 प्रतिशत राजस्व प्राप्त हुआ है। उन्होंने कहा कि विभाग के लिए राजस्व लक्ष्य 8 हजार 110 करोड़ रूपये निर्धारित था, जिसके विरूद्ध विभाग को 8 हजार 201 करोड़ 50 लाख रूपये की राजस्व प्राप्ति हुई है। मंत्री श्री सिंह ने कहा कि विभाग को मुख्य खनिजों से 4 हजार 200 करोड़ रूपये, गौण खनिजों से 3 हजार 170 करोड़ और ग्रामीण अवसंरचना मद से 831 करोड़ 50 लाख रूपये राजस्व की प्राप्ति हुई है।
मंत्री श्री सिंह ने कहा कि मध्य प्रदेश खनिज बहुल प्रदेश है, जिसमें विभिन्न प्रकार के खनिज पाये जाते हैं। मुख्य खनिजों में मुख्यतः कोयला, चूना पत्थर, मैंगनीज, कॉपर, आयरन, हीरा और गौण खनिज डोलोमाइट, लेटराइट, पायरोफिलाइट, ग्रेनाइट, मार्बल, गिट्टी, रेत, फर्शी पत्थर इत्यादि पाये जाते हैं। मंत्री श्री सिंह ने कहा कि गत वित्तीय वर्ष 2021-22 में प्रदेश को खनिज संपदा से 7 हजार 122 करोड़ रूपये राजस्व प्राप्ति हुई थी। इस वर्ष राजस्व प्राप्ति विगत वर्ष की तुलना में 15 प्रतिशत अधिक है।