खनिज मंत्री ने ग्राम इटवांकलां में विद्युत उपकेन्द्र का किया भूमिपूजन

0
651
खनिज मंत्री बृजेन्द्र प्रताप सिंह ने पन्ना विधानसभा के ग्राम इटवांकलां में विद्युत उपकेन्द्र का भूमिपूजन किया।

 

*    डोभा बना नवीन राजस्व ग्राम, सरपंच को सौंपा राजस्व ग्राम का प्रमाण पत्र

पन्ना।(www.radarnews.in) खनिज साधन एवं श्रम मंत्री बृजेन्द्र प्रताप सिंह ने कहा है कि आमजन की समस्याओं का समय-सीमा में समाधान किया जाएगा। क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं का विकास होगा। मंत्री श्री सिंह जनपद पंचायत पन्ना के ग्राम इटवांकलां में 2 करोड़ 51 लाख रू. लागत के नवीन 33/11 के.व्ही. उपकेन्द्र का भूमिपूजन करने पहुंचे थे। उन्होंने कहा कि नवीन उपकेन्द्र के बन जाने के बाद बिजली की लो वोल्टेज की समस्या से निजात मिलेगी। इससे लगभग 20 ग्रामों के 10 हजार कृषक और घरेलू उपभोक्ता लाभांवित होंगे। उन्होंने उपभोक्ताओं के लाभ के लिए निर्माण कार्य की टेण्डर प्रक्रिया शीघ्र पूर्ण कर आगामी 6 माह में उपकेन्द्र के लोकार्पण की तैयारी पूरी करने की कार्यवाही के लिए कहा।
खनिज साधन मंत्री बृजेन्द्र प्रताप सिंह कहा कि अजयगढ़ में 220 केव्ही का विद्युत सब स्टेशन स्वीकृत हो गया है। इसकी स्थापना के बाद पन्ना सहित छतरपुर में भी विद्युत आपूर्ति की व्यवस्था सुनिश्चित होगी। खनिज मंत्री ने विद्युत उपकेेन्द्र के जमीन आवंटन के लिए जिला कलेक्टर के प्रयास की सराहना की। उन्होंने कहा कि पहाड़ीखेरा में भी विद्युत उपकेन्द्र का भूमिपूजन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि क्षेत्रवासियों की मांग पर गत दिनों 50 लाख रूपये की लागत से बनने वाले लुधगवां-बराछ मार्ग के लिए रपटा निर्माण का भूमिपूजन किया गया था, जिसका गत 2 दिन पहले काम भी शुरू हो गया है।

डोभावासियों को मिलेगा योजनाओं का लाभ

डोभा के नवीन राजस्व ग्राम बनने पर सरपंच को प्रमाण पत्र सौंपते हुए खनिज मंत्री बृजेन्द्र प्रताप सिंह एवं पन्ना कलेक्टर संजय कुमार मिश्र।
खनिज साधन मंत्री बृजेन्द्र प्रताप सिंह एवं कलेक्टर ने डोभा के नवीन राजस्व ग्राम बनने पर ग्रामवासियों को शुभकामनाएं दीं और सरपंच को नवीन राजस्व ग्राम का प्रमाण पत्र सौंपा। मंत्री श्री सिंह ने कहा कि राजस्व ग्राम घोषित होने के बाद पीएम आवास सहित सभी सरकारी योजनाओं का लाभ ग्रामीणजनों को मिलेगा। भविष्य में ग्राम पंचायत का दर्जा भी मिल सकेगा। उन्होंने कहा कि आगामी दिनों में मडै़यन भी राजस्व ग्राम बनेगा। यहां के लोगों को 5 करोड़ 73 लाख रूपये लागत की सड़क सुविधा का लाभ भी मिलेगा। उन्होंने कहा कि वन विभाग के अधिकारियों से चर्चा कर सड़क निर्माण की बाधाओं को दूर किया जाएगा। खनिज मंत्री ने कहा कि इटवांकला को शासकीय हाई स्कूल की सौगात भी मिलेगी। ग्रामीणजनों से सतत संपर्क और संवाद कर सुख-दुख में सहभागी बन कर जनप्रतिनिधि के कर्तव्य का निर्वहन करेंगे।

जनता की अपेक्षाओं पर खरे उतरे

जिला पंचायत अध्यक्ष रविराज यादव ने कहा कि खनिज मंत्री की विकास के नाम पर पहचान बनी है। वे जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरे हैं और समर्पित जनप्रतिनिधि साबित हुए हैं। उन्होंने ग्रामवासियों को राजस्व ग्राम बनने की शुभकामनाएं दीं। जिला पंचायत उपाध्यक्ष माधवेन्द्र सिंह ने कहा कि क्षेत्र के विद्युत उपभोक्ताओं की बहुप्रतीक्षित मांग का निराकरण हुआ है। यह किसानों के लिए दिवाली जेैसा उत्सव है।
जनपद पंचायत पन्ना के ग्राम इटवांकलां में विद्युत उपकेन्द्र के भूमिपूजन कार्यक्रम में उपस्थित ग्रामीण।
कलेक्टर श्री संजय कुमार मिश्र ने कहा कि समयावधि में विकास कार्यों को पूर्ण करना सर्वोच्च प्राथमिकता है। उपकेन्द्र के निर्माण के लिए 24 घंटे में जमीन आवंटन की प्रक्रिया पूर्ण की गई है। सभी विकास कार्यों को कार्ययोजना के साथ समय सीमा में पूरा कराने का भरोसा दिया। पूर्व विधायक राजेश वर्मा और बुन्देलखण्ड विकास प्राधिकरण के पूर्व उपाध्यक्ष जय प्रकाश चतुर्वेदी ने भी ग्रामवासियों को संबोधित किया।
विद्युत विभाग के अधीक्षण यंत्री शरद श्रीवास्तव ने उप केन्द्र से संबंधित जानकारियों के बारे में अवगत कराया। कार्यपालन यंत्री प्रशांत वैद्य ने आभार प्रदर्शन किया। कार्यक्रम का संचालन परियोजना अधिकारी संजय सिंह परिहार द्वारा किया गया। इस अवसर पर विवेक मिश्रा, पूनम यादव, ऊषा सोनी, अमिता बागरी, बाबी राजा, सुशील त्रिपाठी सहित अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित थे।