मल्लिकार्जुन खड़गे कांग्रेस पार्टी के नए अध्यक्ष चुने गए

0
436
कांग्रेस पार्टी के नवनिर्वाचित अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे।

*    चुनाव प्राधिकरण के अध्यक्ष मधुसूदन मिस्त्री ने किया नतीजों का ऐलान

*    सोनिया गांधी, राहुल गांधी, शशि थरूर समेत अनेक नेताओं ने दी बधाई

*     खड़गे ने भाजपा पर बोला हमला, देश को तानाशाही से बचाने फासीवादी ताकतों के खिलाफ मिलकर लड़ने का किया आव्हान

(www.radarnews.in) कांग्रेस राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के चुनाव के नतीजों का ऐलान हो चुका है। वरिष्ठ नेता मल्लिकार्जुन खड़गे कांग्रेस के नए अध्यक्ष चुने गए हैं। चुनाव में उन्हें 7897 मत मिले हैं जबकि उनके प्रतिद्वंदी शशि थरूर को करीब 1 हजार 72 मत प्राप्त हुए हैं। वहीं 416 वोट अमान्य घोषित कर दिए गए। कांग्रेस चुनाव प्राधिकरण के अध्यक्ष मधुसूदन मिस्त्री ने आज दोपहर में चुनावी नतीजों का ऐलान करते हुए कहा “मैं मल्लिकार्जुन खड़गे को कांग्रेस का निर्वाचित अध्यक्ष घोषित करता हूं।” खड़गे की जीत के बाद दिल्ली में कांग्रेस मुख्यालय के बाहर जश्न का माहौल देखा गया। खड़गे समर्थकों ने जमकर नाच-गाना और आतिशबाजी कर अपनी ख़ुशी जाहिर की।
मल्लिकार्जुन खड़गे के कांग्रेस अध्यक्ष निर्वाचित होने पर पार्टी की अंतरिम अध्यक्ष श्रीमती सोनिया गांधी ने उनके घर पहुंचकर उन्हें बधाई दी।
कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी ने बुधवार को वरिष्ठ नेता मल्लिकार्जुन खड़गे के घर पहुंचकर उन्हें पार्टी का अध्यक्ष चुने जाने पर बधाई दी। सोनिया गांधी के साथ प्रियंका गांधी भी मौजूद रहीं और उन्होंने भी श्री खड़गे को शुभकामनायें दीं। भारत जोड़ो यात्रा के चलते इस समय आंध्र प्रदेश में मौजूद सांसद राहुल गांधी ने खड़गे को कांग्रेस अध्यक्ष निर्वाचित होने पर बधाई और शुभकामनायें दी हैं। कांग्रेस नेता शशि थरूर, राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, मध्य प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष कमलनाथ, वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह समेत अन्य नेताओं ने वरिष्ठ नेता मल्लिकार्जुन खड़गे को कांग्रेस अध्यक्ष निर्वाचित होने पर बधाई और शुभकमनायें दी हैं। नवनिर्वाचित कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे अगले सप्ताह संभवतः दीपावली के एक दिन बाद 25 अक्टूबर को कांग्रेस अध्यक्ष का कार्यभार संभालेंगे।
उल्लेखनीय है कि, खड़गे कर्नाटक से ऐसे दूसरे नेता हैं जो कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद तक पहुंचे हैं। उनसे पहले कर्नाटक के ही एस निजलिंगप्पा 1968 में पार्टी के अध्यक्ष बने थे। इसके अलावा बाबू जगजीवन राम के बाद खड़गे पार्टी के दूसरे दलित अध्यक्ष भी हैं।

फासीवादी ताकतों के खिलाफ मिलकर लड़ना होगा

कांग्रेस अध्यक्ष का चुनाव परिणाम आने के बाद प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए मल्लिकाजुर्न खड़गे ने बीजेपी पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि फासिस्ट ताकतों से हमें लड़ना है नहीं तो देश तानाशाही की भेंट चढ़ सकता है। खड़गे ने कहा, हमें सांप्रदायिकता की आड़ में लोकतांत्रिक संस्थाओं पर हमला करने वाली और लोकतंत्र को खत्म करने वाली फासीवादी ताकतों के खिलाफ एकजुट होकर लड़ना होगा । नवनिर्वाचित कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि हम सभी को पार्टी के कार्यकर्ताओं की तरह काम करना है, पार्टी में कोई भी बड़ा या छोटा नहीं होता है। मैं अपने साथी शशि थरूर को भी बधाई देना चाहता हूं। मैं उनसे मिला और चर्चा की कि पार्टी को कैसे आगे बढ़ाया जाए। मैं सभी पार्टी कार्यकर्ताओं की ओर से सोनिया गांधी को धन्यवाद देना चाहता हूं। उनके नेतृत्व में हमने केन्द्र में लगातार दो बार अपनी सरकार बनाई।