अधिकारी-कर्मचारी संयुक्त मोर्चा के जिलाध्यक्ष बने कृष्णपाल सिंह, सभी मान्यता प्राप्त संघों के पदाधिकारियों ने दी बधाई

0
1288
मध्यप्रदेश अधिकारी-कर्मचारी संयुक्त मोर्चा अध्यक्ष, जिला शाखा पन्ना, कृष्ण पाल सिंह यादव।
शादिक खान, पन्ना। (www.radarnews.in) जिले के वरिष्ठ कर्मचारी नेता कृष्णपाल सिंह यादव को अधिकारी-कर्मचारी संयुक्त मोर्चा का जिला शाखा पन्ना का अध्यक्ष मनोनीत किया गया है। इनकी नियुक्ति संयुक्त मोर्चा के प्रदेशाध्यक्ष जितेन्द्र सिंह ने मोर्चा के संरक्षक इंजीनियर भुवनेश कुमार पटेल एवं पन्ना के पूर्व जिलाध्यक्ष आलोक खरे की अनुशंसा पर की है। कर्मचारियों-अधिकारियों के हितों से जुड़े मुद्दों को उठाने में सदैव अग्रणी भूमिका निभाने और संघर्ष के लिए तत्पर रहने वाले कृष्णपाल सिंह यादव को संयुक्त मोर्चा की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपें जाने के निर्णय का जिले के मान्यता प्राप्त कर्मचारी/अधिकारी संगठनों ने स्वागत किया है। साथ ही श्री यादव को बधाई दी है।
अधिकारी-कर्मचारी संयुक्त मोर्चा के नव नियुक्त जिलाध्यक्ष कृष्णपाल सिंह यादव ने “रडार न्यूज़” से चर्चा में मोर्चा के प्रदेशाध्यक्ष जितेन्द्र सिंह के प्रति आभार प्रकट करते हुए कहा कि उन्होंने मुझे इस महत्वपूर्ण पद के योग्य समझा यह मेरे लिए सौभाग्य की बात है। आज से हर क्षण मेरी यही कोशिश रहेगी कि मैं अपने संगठन के मुखिया के विश्वास और कर्मचारी-अधिकारी संघों के सदस्यों की अपेक्षाओं-आकांक्षाओं की कसौटी पर ख़ुद को खरा साबित करके दिखाऊं। इसके लिए पहले से कहीं सक्रियता और टीम भावना के साथ से कार्य किया जाएगा। हमारे कर्मचारी-अधिकारी भाईयों की जो समस्याएं अथवा मांगें जिला स्तर से सम्बंधित हैं उनका प्राथमिकता के साथ निराकरण कराया जाएगा।
नियुक्ति पत्र।
वहीं जिले के मान्यता प्राप्त एवं गैर मान्यता प्राप्त कर्मचारी संघों के पदाधिकारियों द्वारा यह अपेक्षा की गई है कि नव नियुक्त संयुक्त मोर्चा जिलाध्यक्ष कृष्णपाल सिंह यादव उनकी समस्याओं का निराकरण कराये जाने के लिए निरंतर शासन-प्रशासन को अवगत कराते रहेंगे। श्री यादव को संयुक्त मोर्चा का जिलाध्यक्ष बनाए जाने पर अध्यक्ष तृतीय वर्ग कर्मचारी संघ, अध्यक्ष स्वास्थ्य संघ, अध्यक्ष राज्य शिक्षक संघ, अध्यक्ष पेंशनर संघ, अध्यक्ष आईटीआई संघ, अध्यक्ष पशु चिकित्सा अधिकारी संघ, अध्यक्ष सेक्शन राइटर संघ, अध्यक्ष शासकीय अध्यापक संघ, अध्यक्ष उच्चतर माध्यमिक संघ एवं अध्यक्ष शिक्षक संघ सहित सैंकड़ों कर्मचारी नेताओं हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी है और अधिकारी-कर्मचारी संयुक्त मोर्चा संरक्षक इंजीनियर भुवनेश कुमार पटेल के प्रति आभार प्रकट किया है।