
* आरोपों पर भड़के सांसद वीडी शर्मा ने कांग्रेस के लोकसभा प्रभारी को बताया ‘मूर्ख’
* खजुराहो सीट को देश में सबसे अधिक मतों से जीतने का रिकार्ड बनाने लिया संकल्प
शादिक खान, पन्ना। (www.radarnews.in) आगामी लोकसभा चुनाव की तैयारियों के बीच शनिवार को पन्ना के एक निजी मैरिज गार्डन में खजुराहो संसदीय क्षेत्र-08 के भाजपा कार्यकर्ताओं व पदाधिकारियों की एक महत्वपूर्ण बैठक क्षेत्रीय सांसद एवं भाजपा प्रदेशाध्यक्ष वीडी शर्मा की अध्यक्षता में आयोजित की गई। इस बैठक में खजुराहो सांसद श्री शर्मा ने अपने उद्बोधन में मोदी सरकार का गुणगान करते हुए कश्मीर से धारा 370 को हटाने, अयोध्या में राम मंदिर का निर्माण एवं राम लाला की प्राण-प्रतिष्ठा को ऐतिहासिक उपलब्धि बताया। साथ ही एआईएमआईएम चीफ असदु्द्दीन ओवैसी, दिग्विजय सिंह और जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री फारूख अब्दुल्ला के पुराने बयानों का उल्लेख करते हुए उन पर जमकर निशाना साधा। लेकिन सांसद ने अपने संसदीय क्षेत्र के महत्वपूर्ण मुद्दों तथा जन समस्याओं पर कोई बात नहीं की।

बैठक को संबोधित करने वाले अन्य वक्ताओं ने भी अति पिछड़े खजुराहो संसदीय क्षेत्र के महत्वपूर्ण मुद्दों पर ध्यान आकृष्ट नहीं कराया। आश्चर्य की बात यह है कि, चुनाव के समय जन समस्याओं के निराकरण, जन अपेक्षाओं-आकांक्षाओं और क्षेत्रीय मुद्दों की पूरी तरह उपेक्षा करके बैठक में खजुराहो सीट को देश में सबसे अधिक मतों से जीतने का रिकार्ड बनाने लिया संकल्प भाजपा कार्यकर्ताओं के द्वारा लिया गया। खजुराहो सांसद विष्णु दत्त शर्मा (वीडी शर्मा) ने बैठक को संबोधित करते हुए अपने लंबे-चौंड़े भाषण में क्या कुछ कहा ? आपकी जानकारी के लिए हम यहां भारतीय जनता पार्टी के मीडिया प्रभारी द्वारा जारी की गई बैठक की प्रेस रिलीज को ज्यों का त्यों प्रकाशित कर रहे हैं–
दिग्विजय सिंह जयचंद, भारत की संस्कृति पर कर रहे हमला
भारतीय जनता पार्टी ने विधानसभा चुनाव में खजुराहो लोकसभा क्षेत्र की सभी आठ सीटों पर शानदार जीत दर्ज की है। चुनाव केवल राजनीति से नहीं, देश की संस्कृति, स्वाभिमान और गरीब कल्याण की योजनाओं के आधार पर जीते जाते हैं। आगामी लोकसभा चुनाव में भाजपा खजुराहो लोकसभा क्षेत्र को देश में सबसे अधिक मतों से जीतने का रिकॉर्ड बनाएंगे। भाजपा का मध्यप्रदेश का संगठन देश के सभी राज्यों में सबसे अच्छा संगठन है, इसके पीछे हमारे देवतुल्य कार्यकर्ताओं की मेहनत है। यह बात भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व खजुराहो सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने शनिवार 27 जनवरी को पन्ना जिले के एवरशाइन गार्डन में खजुराहो लोकसभा क्षेत्र के पार्टी पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं की बैठक को संबोधित करते हुए कही। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद विष्णु दत्त शर्मा ने पन्ना के बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि दिग्विजय सिंह देश के जयचंद हैं। दिग्विजय सिंह सोनिया गांधी के करीबी होने की कोशिश में भारत की संस्कृति पर हमला करने के साथ देश विरोधी ताकतों के साथ खड़े हो रहे हैं।
खजुराहो लोकसभा का हर बूथ कांग्रेस मुक्त होगा

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष श्री शर्मा ने कहा कि पार्टी का मध्यप्रदेश संगठन कोई अच्छा कार्य करता है तो शाबासी मिलती है। प्रदेश के संगठन को देश में सबसे अच्छा संगठन बताया जाता है। खजुराहो लोकसभा का हर बूथ कांग्रेस मुक्त होगा और हर बूथ को मोदी बूथ बनाया जाएगा। लोकसभा चुनाव की तैयारियां प्रारंभ हो गई हैं। हमें जिले से लेकर शक्ति केंद्र तक की रचना पर काम करना है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में ’मेरा बूथ सबसे मजबूत अभियान मोदी जी ने प्रारंभ किया था। इस अभियान के कारण मध्यप्रदेश के विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी को 48 प्रतिशत से अधिक मत प्राप्त हुए हैं। अब हमें 10 प्रतिशत और वोट बढ़ाना है। पार्टी ने मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव में विजय प्राप्त कर इतिहास बनाया है। इसी तरह अब लोकसभा चुनाव में भी जीत का इतिहास कायम करना है।
अल्प संख्यक भाई कह रहे कांग्रेस ने केवल उपयोग किया
प्रदेश अध्यक्ष श्री शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के कुशल नेतृत्व के कारण ही अयोध्या में भगवान रामलला की प्राण-प्रतिष्ठा हो सकी। रामलला की प्राण-प्रतिष्ठा के समय अमेरिका और ब्रिटेन जैसे देशों में वहां की सरकारों ने अवकाश घोषित किया था। मध्यप्रदेश के मेरे अल्पसंख्यक भाई-बंधु भी कह रहे हैं कि भाजपा सरकार में ही उन्हें लाभ मिला है, कांग्रेस ने केवल अल्प संख्यकों का उपयोग किया। प्रधानमंत्री जी कहते थे देश में गुलामी का कलंक नहीं रहने देंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में जम्मू-कश्मीर से धारा 370 हटाना भाजपा का बड़ा निर्णय था। कांग्रेस के नेता कहते थे कि धारा 370 हटाने से दंगें होंगे, लेकिन प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मादी जी की सरकार ने जब धारा 370 हटाई तो जम्मू-कश्मीर में कुछ भी नहीं हुआ। अब तो फारूक अब्दुल्ला जैसे लोग भी राम-राम जप रहे हैं।
2047 में हम भारत को परम वैभव पर पहुंचाएंगे

सांसद वीडी शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी का 2047 तक भारत को परम वैभव पर पहुंचाने का लक्ष्य है। वर्तमान में देश की राजनीति में बड़ा परिवर्तन हो रहा है। पार्टी नेता और कार्यकर्ता हारे हुए बूथों पर कार्य करेंगे और सभी बूथों पर भाजपा की जीत सुनिश्चित करेंगे। प्रधानमंत्री जी कहते हैं संगठन की ताकत व विचार के आधार पर ही हम जीत पाए हैं। लोकसभा चुनाव का शंखनाद हो चुका है। पार्टी के सभी पदाधिकारी और कार्यकर्ता यहां बूथ जीतने का संकल्प लेकर चुनाव अभियान में जुटेंगे। इस अवसर पर राज्य मंत्री दिलीप अहिरवार, पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं सागर संभाग के प्रभारी चौधरी मुकेश सिंह चतुर्वेदी, विधायक बृजेंद्र प्रताप सिंह, संजय पाठक, राजनगर विधायक अरविंद पटेरिया, गुनौर विधायक राजेश वर्मा, पवई विधायक प्रहलाद लोधी, बहोरीबंद विधायक प्रणय पांडे, कटनी के जिला प्रभारी संजय साहू, कटनी जिला अध्यक्ष दीपक टंडन, छतरपुर के नवनियुक्त भाजपा जिला अध्यक्ष चंद्रभान सिंह गौतम, पन्ना के जिला अध्यक्ष राम बिहारी चौरसिया उपस्थित थे। मंच संचालन विवेक मिश्रा ने किया।
कांग्रेस लोकसभा प्रभारी के लिए बोले- अब मैं उनको कुछ कह दूंगा…
उल्लेखनीय है कि, गत दिनों कांग्रेस के खजुराहो संसदीय क्षेत्र के नव नियुक्त प्रभारी एवं पूर्व विधायक संजय यादव ने पन्ना में पत्रकारों से चर्चा में कहा था कि, मैनें पूरे क्षेत्र का भम्रण किया, खजुराहो सांसद वीडी शर्मा ने अपनी पांच साल की सांसद निधि की लगभग 40 करोड़ रुपए की राशि कहां खर्च की कुछ पता नहीं चल रहा है। क्षेत्र के लोगों, सरपंचों तथा अन्य जनप्रतिनिधियों से पूंछने पर सभी ने यही बताया कि उनके क्षेत्र में सांसद निधि से कोई काम नहीं हुआ। ऐसे में सवाल उठता है कि सांसद निधि का आखिर क्या हुआ ? श्री यादव ने खजुराहो सांसद पर क्षेत्र की घोर उपेक्षा करने का आरोप लगाते हुए यह मांग की थी कि, वीडी को सांसद निधि के खर्च का हिसाब सार्वजनिक करके जनता को जवाब देना चाहिए। कांग्रेस के लोकसभा प्रभारी के आरोपों के संबंध में शनिवार को पत्रकारों ने जब सांसद वीडी शर्मा से सवाल किया तो उन्होंने भड़कते हुए कांग्रेस प्रभारी को मूर्ख बताया। वीडी ने कहा- ‘उन्हें कुछ पता नहीं, वह यहां आकर देख लें। जिनका अस्तित्व ही समाप्त हो गया, वह और क्या करेंगे, आरोप ही लगा सकते हैं। जनता सार्टिफिकेट देती है, जनता का आशीर्वाद हमारे साथ है। मैनें अगर कुछ किया है तो कांग्रेस के…. अब मैं उनको कुछ कह दूंगा तो छोटे शब्द होंगे, अच्छा नहीं लगता मुझे।
इस बैठक में सांसद वीडी शर्मा ने मोदी सरकार का गुणगान करते हुए कश्मीर से धारा 370 हटाने, राम मंदिर निर्माण को उपलब्धि बताया और असदुद्दीन ओवैसी तथा दिग्विजय सिंह पर निशाना साधा। बैठक में खजुराहो सीट को इस बार भारी मतों से विजयी बनाकर देश में रिकार्ड बनाने का संकल्प लिया गया। pic.twitter.com/lzy11OkZRW
— Radar News (@RadarNews4) January 28, 2024