ऐतिहासिक पल: पन्ना की उम्मीदें पटरी पर, नागौद से फुलवारी तक पहली बार दौड़ी ट्रेन

0
117

*    सीआरएस की मौजूदगी में 15 किमी ट्रैक पर सफल ट्रायल रन

*    फुलवारी स्टेशन पर पहली बार ट्रेन पहुंचने पर जिले में उत्साह की लहर

शादिक खान, पन्ना।(www.radarnews.in) मध्य प्रदेश के पन्ना जिले के लिए बहुप्रतीक्षित ऐतिहासिक क्षण मंगलवार को साकार हो गया, जब सतना-पन्ना सेक्शन में नागौद से फुलवारी (देवेंद्रनगर) के बीच तैयार रेल ट्रैक पर पहली बार ट्रेन का सफल ट्रायल रन किया गया। जैसे ही ट्रेन फुलवारी रेलवे स्टेशन पहुंची, पूरा क्षेत्र उत्साह और गर्व से भर उठा। ग्रामीणों, युवाओं और बच्चों ने इस पल का स्वागत तालियों-खुशियों के साथ किया। फुलवारी स्टेशन पर ट्रेन पहुंचने का यह दृश्य पन्ना जिले के इतिहास में एक सुनहरा और यादगार पल बन गया। यह केवल ट्रेन का आगमन नहीं, बल्कि पन्ना के विकास की नई शुरुआत का प्रतीक बन गया।

15 किलोमीटर लंबे रेल खंड पर हुआ ट्रायल रन

जानकारी के अनुसार, नागौद से फुलवारी के बीच करीब 15 किलोमीटर लंबे रेल खंड पर यह ट्रायल रन किया गया। इस दौरान कमिश्नर ऑफ रेलवे सेफ्टी (CRS) गुरु प्रकाश ने पमरे मंडल जबलपुर के अधिकारियों के साथ ट्रैक का बारीकी से निरीक्षण किया। विशेष ट्रेन के माध्यम से अधिकारियों ने ट्रैक की गुणवत्ता, सुरक्षा मानकों और तकनीकी व्यवस्थाओं का परीक्षण किया। ट्रायल रन के मौके पर पश्चिम मध्य रेलवे (WCR) मुख्य प्रशासनिक अधिकारी निर्माण एएमएस हाशमी, डीआरएम केके तलरेजा, चीफ इंजीनियर जेएस मीणा, प्रोजेक्ट इंजीनियर सुनील प्रजापति सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।

ट्रैक व सुरक्षा का निरीक्षण

मंगलवार 24 मार्च 2026 की सुबह सतना से विशेष ट्रेन के जरिए अधिकारियों का दल नागौद पहुंचा, जहां से सुबह करीब 9 बजे ट्रायल रन की शुरुआत की गई। निरीक्षण के दौरान रेल पटरियों, पुल-पुलियों, सिग्नलिंग सिस्टम और स्टेशन व्यवस्थाओं को परखा गया। नागौद स्टेशन पर अधिकारियों ने संकेत दिए कि निरीक्षण की प्रक्रिया पूरी होने के बाद इस रेल खंड पर जल्द ही नियमित ट्रेन संचालन शुरू किया जा सकता है। सीआरएस गुरु प्रकाश की देखरेख में हुए ट्रायल रन के तहत नागौद से फुलवारी तक 15 किलोमीटर के नवनिर्मित ट्रैक पर 120 किलोमीटर प्रति घण्टे की रफ्तार डीजल इंजन से संचालित ट्रेन दौड़ाई गई। ट्रायल रन तकनीकी एवं सुरक्षा मानकों पर पूरी तरह सफल रहा। फुलवारी रेलवे स्टेशन पर जैसे ही ट्रेन पहुंची, वहां मौजूद लोगों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में लोग इस ऐतिहासिक पल के साक्षी बनने पहुंचे। कई लोगों ने इसे “पीढ़ियों के इंतजार का अंत” बताया। इस ऐतिहासिक पल को कई लोगों ने अपने कैमरों में कैद किया।

 अगले वर्ष पन्ना तक ट्रैक तैयार होने की संभावना

उल्लेखनीय है कि ललितपुर-सिंगरौली रेल लाइन परियोजना अंतर्गत सतना-पन्ना रेल खण्ड के बीच नागौद-फुलवारी आता है। सतना-पन्ना रेल खण्ड की कुल लंबाई लगभग 75 किलोमीटर है। अब तक 45 किलोमीटर ट्रैक पूरी तरह से तैयार हो चुका है। फुलवारी से देवेन्द्रनगर तक 7 किलोमीटर ट्रैक अंतिम चरण में है और इसे अप्रैल माह तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके बाद पन्ना तक शेष 23 किलोमीटर के रेलवे ट्रैक को मार्च 2027 तक पूरा करने का टारगेट है। परियोजना के पूर्ण होने के बाद पन्ना जिले को सीधा रेल संपर्क मिलेगा, जिससे आवागमन, व्यापार और पर्यटन को नई गति मिलेगी। स्थानीय लोगों का कहना है कि रेल सुविधा शुरू होने से न केवल यात्रा आसान होगी, बल्कि रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे। खजुराहो जैसे विश्व प्रसिद्ध पर्यटन स्थल के नजदीक होने के कारण हीरों की नगरी पन्ना में पर्यटन गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा। नागौद से फुलवारी तक ट्रेन का यह सफल ट्रायल रन पन्ना जिले के विकास की दिशा में एक मजबूत कदम माना जा रहा है। यह केवल रेल का संचालन नहीं, बल्कि पन्ना के उज्जवल भविष्य, नई संभावनाओं और विकास की पटरी पर दौड़ते सपनों की शुरुआत है।