मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन : पन्ना जिले में कुल 7 लाख 70 हजार से अधिक मतदाता

0
463
राजनैतिक दलों के पदाधिकारियों को अंतिम मतदाता सूची के प्रकाशन की जानकारी देते पन्ना कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी।

*       विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के दौरान जिले में बढ़े 5464 मतदाता

पन्ना।(www.radarnews.in) भारत निर्वाचन आयोग द्वारा फोटो निर्वाचक नामावली के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम 2024 के तहत मतदाता सूची (Voter List) का अंतिम प्रकाशन किया जा चुका है। जिला जनसम्पर्क कार्यालय द्वारा जारी समाचार में बताया गया है कि, इस संबंध में राजनैतिक दलों के पदाधिकारियों को अवगत कराने के उद्देश्य से गत गुरूवार 8 जनवरी को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जिला स्तरीय स्टैंडिंग कमेटी की बैठक आयोजित की गई। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी हरजिंदर सिंह ने उपस्थित राजनैतिक दल के प्रतिनिधियों को आयोग के कार्यक्रम की गतिविधि अंतर्गत की गई कार्यवाहियों के बारे में अवगत कराया। साथ ही राजनैतिक दल के प्रतिनिधियों के प्रश्नों का समाधान भी किया।

पवई विधानसभा में सर्वाधिक मतदाता

मतदाता सूची के अंतिम प्रकाशन के अनुसार जिले में कुल दर्ज मतदाताओं की संख्या अब 7 लाख 70 हजार 416 है, जबकि विगत 6 जनवरी को मतदाता सूची के प्रारूप प्रकाशन के दरम्यान कुल मतदाताओं की संख्या 7 लाख 64 हजार 952 थी। 8 फरवरी को प्रकाशित अंतिम मतदाता सूची में 4 लाख 7 हजार 461 पुरूष मतदाता, 3 लाख 62 हजार 951 महिला मतदाता और 4 अन्य मतदाता हैं। इसमें 18-19 आयु वर्ग के 19 हजार 304 मतदाता भी दर्ज हुए हैं। पवई विधानसभा में 2 लाख 84 हजार 22, गुनौर विधानसभा में 2 लाख 34 हजार 136 और पन्ना विधानसभा में 2 लाख 52 हजार 258 मतदाता हैं। पवई विधानसभा में महिला मतदाताओं की संख्या 1 लाख 34 हजार 348, गुनौर में 1 लाख 10 हजार 223 और पन्ना विधानसभा में 1 लाख 18 हजार 380 है। पन्ना विधानसभा में 4 अन्य मतदाता भी दर्ज हैं।

जिले में 901 मतदान केन्द्र

मतदान केन्द्रों की कुल संख्या 901 है। बैठक के अवसर पर गत 29 जनवरी से लोकसभा चुनाव 2024 के दृष्टिगत शुरू किए गए ईव्हीएम मशीनों की एफएलसी के बारे में भी अवगत कराया गया। बैठक में अपर कलेक्टर एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी नीलाम्बर मिश्र सहित संयुक्त कलेक्टर केएस गौतम एवं निर्वाचन पर्यवेक्षक उमाशंकर दुबे भी उपस्थित थे।