क्राइम : सतना जिले से लापता युवक का पन्ना के सीमावर्ती जंगल में मिला शव, बेरहमी हत्या किए जाने की आशंका

0
881
सांकेतिक फोटो।

*  बृजपुर थाना अंतर्गत पहाड़ीखेरा चौकी क्षेत्र की घटना

पन्ना। (www.radarnews.in) जिले के बृजपुर थाना के पहाड़ीखेरा चौकी क्षेत्र अंतर्गत खनू से लथपथ एक युवक की लाश मिलने से सनसनी फ़ैल गई। घटना पहाड़ीखेरा-मझगवाँ मार्ग में पड़ने वाले चर्चित चहला नाला जंगल की है। मृतक की पहचान लखन लाल खैरवार पिता गौरेलाल खैरवार 35 वर्ष निवासी ग्राम कठवरिया थाना बरौंधा जिला सतना के रूप में की गई है। लखन लाल के संबंध में पता चला है कि वह तीन दिन से लापता था। जिसकी गुमशुदगी की सूचना उसके पिता ने बरौंधा थाना में दर्ज कराई थी। कथित तौर पर वृद्ध गौरेलाल खैरवार ने पुलिस को बताया था कि उसके पुत्र को सुरेश सेन कौंहारी थाना बरौंधा जिला सतना शनिवार 28 नवम्बर की सुबह करीब 9 बजे घर से अपने साथ किसी काम से ले गया था। देर रात्रि तक जब लखनलाल खैरवार जब वापस घर नहीं लौटा तो अनहोनी की आशंका से घिरे उसके पिता ने 29 नवम्बर को बरौंधा थाना पुलिस को बेटे की गुमशुदगी की सूचना दी। उधर, चिंतित परिजनों ने अपने स्तर पर खोजबीन जारी रखी।
इस बीच मंगलवार की सुबह पहाड़ीखेरा से करीब 10 किलोमीटर दूर मझगवाँ मार्ग किनारे सतना-पन्ना जिले के सीमावर्ती इलाके चहला नाला के समीप खून से लथपथ अज्ञात शव मिलने की भनक लगने पर गौरेलाल खैरवार जब मौके पर पहुंचा तो वही हुआ जिसका जिसका उसे डर था। बेटे को मृत पड़ा देख वह फूट-फूटकर रोने लगा। शव की हालत और घटना स्थल साक्ष्यों के आधार पर लखनलाल खैरवार निर्ममतापूर्वक हत्या किये जाने की आशंका जताई जा रही है। मृतक के सिर गहरे घाव के निशान मौजूद हैं। अंधे क़त्ल की इस सनसनीखेज वारदात को उसी व्यक्ति के द्वारा अंजाम दिए जाने का संदेह जताया जा रहा है जोकि उसे किसी जरुरी काम के बहाने घर से अपने साथ ले गया था।
फिलहाल घटना कारण स्पष्ट नहीं सका। मौके पर पहुंचे पहाड़ीखेरा चौकी प्रभारी आर. जी. द्विवेदी ने फिलहाल इस घटना पर मर्ग कायम किया है। मृतक की पोस्टमार्टम रिपोर्ट के तथ्यों के आधार अग्रिम कार्रवाई करने की बात पुलिस के द्वारा कही जा रही है। हालाँकि प्रकरण की गंभीरता को देखते पुलिस के द्वारा इस घटना के सभी पहलुओं बारीकी से पड़ताल की जा रही है। उल्लेखनीय है कि इसके पूर्व भी चहला नाला के समीप कुछ समय पहले एक महिला का शव मिला था। लेकिन उस वारदात का अब तक खुलासा नहीं हो सका। अपराधों के लिहाज से उक्त सीमावर्ती स्थल बेहद संवेदनशील है। चूँकि पूर्व में वहां हत्या, लूटपाट, अपहरण सरीखी कई संगीन वारदातें घटित हो चुकीं हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here