क्लासमेट ने नाबालिग छात्रा से किया रेप, पढ़ाई कहीं बाधित ना हो जाए इस डर से चुप रही पीड़िता

0
2189

*    तीन माह बाद आरोपी के द्वारा दी गई दवा खाने से हालत बिगड़ने पर घटना का पता चला

*     नाबालिग को इलाज के लिए जिला चिकित्सालय में कराया भर्ती

पन्ना।(www.radarnews.in) मध्यप्रदेश के पन्ना जिले में बृजपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत छात्रा को डरा-धमकाकर रेप करने का मामला सामने आया है। आरोप छात्रा के ही क्लासमेट पर है। घटना लगभग तीन माह पूर्व की है। जिसका पता बीते दिवस उस समय चला जब आरोपी के द्वारा दी गई दवा (गोली) का सेवन करने से बलात्कार पीड़िता की तबीयत अचानक काफी गंभीर हो गई। उसे इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। परिजनों के द्वारा पूंछतांछ करने पर छात्रा ने सम्पूर्ण घटनाक्रम की जानकारी दी। पीड़िता ने इतने दिनों तक घटना को लेकर अपनी चुप्पी के बारे में बताया, उसे यह डर सता रहा था कि घटना के संबंध में बताने पर उसकी आगे की पढ़ाई बाधित हो सकती है। जिला चिकित्सालय से डिस्चार्ज होने पर बुधवार की शाम नाबालिग पीड़िता आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने परिजनों के साथ बृजपुर थाना पहुंची। जहां महिला पुलिस को घटना की सिलसिलेवार जानकारी दी गई।
नाबालिग के पिता ने बताया मंगलवार 20 सितंबर की सुबह करीब 7 बजे खदान में काम के दौरान सूचना मिली थी कि मेरी बेटी की तबीयत काफी ख़राब है। तुरंत वापस घर पहुंचकर एम्बुलेंस से बेटी को इलाज के लिए गांव से जिला अस्पताल पन्ना लाकर भर्ती कराया। हालत में कुछ सुधार होने पर उसने अपनी मां को आपबीती सुनाई। माता-पिता का आरोप है कि उनकी बेटी के साथ गलत काम करने वाले सहपाठी ने गोली के रूप में कथित तौर पर जहरीला पदार्थ दिया था। जिसे खाने से बेटी की हालत अचानक काफी गंभीर हो गई।
पीड़िता के अनुसार, आरोपी ने दवा (गोली) उसे सप्ताह भर पूर्व स्कूल जाते समय दी थी और बोला, “तूं मर जा, या फिर चाहे जो कुछ कर, मैं दवा देता हूं”। मंगलवार को उक्त गोली का सेवन करने के बाद अचानक उसे उल्टियां होने लगी। छात्रा ने बताया आरोपी सहपाठी उसे काफी समय से परेशान कर रहा था। कई बार समझाने-मिन्नतें करने के बाद भी वह नहीं माना और उसने मेरे साथ जबर्दस्ती बुरा काम किया। बाद में कहीं से मेरा मोबाइल नंबर मिलने पर फोन पर धमकाने लगा। आरोपी आए दिन कहता था, घटना के संबंध में अगर किसी को कुछ भी बताया तो मेरा कुछ नहीं होगा तुम्हारी ही बदनामी होगी। छात्रा के अनुसार, उसे चूंकि आगे पढ़ना और बढ़ना था इसलिए वह ख़ामोशी से सबकुछ सहन करती रही।

इनका कहना है-

“महिला पुलिस अधिकारी के द्वारा छात्रा से पूंछतांछ कर उसके कथन दर्ज किए गए, प्रकरण में नियमानुसार वैधानिक कार्यवाही की जाएगी। छात्रा चूंकि पन्ना में भर्ती रही है इसलिए वहां क्या कार्यवाही हुई इसका पता लगाने के बाद थाना में प्रकरण पंजीबद्ध किया जाएगा।”

बख़त सिंह, थाना प्रभारी, बृजपुर।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here