सूचना के अधिकार से जानकारी मांगने पर झूठे प्रकरण में फंसाने की धमकी देने का आरोप

0
840
सांकेतिक फोटो।

* कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक को आवेदन पत्र देकर कार्रवाई की मांग

पन्ना। (www.radarnews.in) जिले के आदिम जाति कल्याण विभाग से सम्बंधित जानकारी सूचना के अधिकार के तहत मांगने वाले आवेदक ने विभाग के क्षेत्र संयोजक पर उन्हें धमकाने और झूठे प्रकरण में फंसाने का आरोप लगाया है। इसकी लिखित शिकायत कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक करते हुए आवश्यक कार्रवाई की मांग की गई है। शिकायतकर्ता रामकृष्ण गोस्वामी निवासी ग्राम गहरा ने बताया कि आदिम जाति कल्याण विभाग पन्ना में वर्ष 2017 में हुई चौकीदार-रसोईया आदि की भर्ती में कथित तौर पर अनियमितता की गई थी। जिसकी जानकारी उनके द्वारा सूचना के अधिकार अधिनियम के अंतर्गत चाही गई है।
रामकृष्ण ने अपनी शिकायत में यह उल्लेख किया है कि, सोमवार 15 जून 2020 को जब वह आदिम जाति कल्याण विभाग कार्यालय पहुंचे और उन्होंने लगाए गए सूचना के अधिकार के संबंध में जानकारी प्राप्त करने के लिए सम्पर्क किया तो कथित तौर पर क्षेत्र संयोजक आर. के. सतनामी द्वारा जानकारी नहीं दी गई। आवेदक का आरोप है कि क्षेत्र संयोजक द्वारा उसे जान से मारने की धमकी देते हुए कहा गया कि यदि मेरे खिलाफ सूचना का अधिकार लगाया तो तुम्हारे ऊपर झूठा मुकदमा दर्ज करा दूंगा और जान से मारकर फिकवा दूंगा। इससे भयभीत होकर पीड़ित रामकृष्ण गोस्वामी द्वारा सोमवार को कलेक्ट्रेट कार्यालय पहुंचकर कलेक्टर के नाम एवं पुलिस अधीक्षक से घटनाक्रम की लिखित शिकायत की गई है।

इनका कहना है –

“वर्ष 2017 में हुई भर्ती में रामकृष्ण गोस्वामी के छोटे भाई रामकरण गोस्वामी का नाम वेटिंग लिस्ट में आया था। लेकिन मैरिट सूची में स्थान प्राप्त करने वाले अभ्यर्थियों ने ज्वाइन कर लिया इसलिए उनका नंबर क्लीयर नहीं हो पाया। भर्ती के समय मैं पन्ना जिले में पदस्थ ही नहीं था, भर्तियां तत्कालीन डीईओ भागवेंद्र सिंह के समय हुई थीं। विभाग के मुखिया वर्तमान में एडीएम साहब हैं, जानकारी उन्हें ही देनी। मेरे ऊपर झूठे आरोप लगाकर दबाव बनाने की कोशिश की जा रही है।”

– आर. के. सतनामी, क्षेत्र संयोजक, आदिम जाति कल्याण विभाग पन्ना।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here