टाइगर रिजर्व में हादसा : बाघ देखने आए पर्यटकों का वाहन घाटी में पलटा, महिला गाइड समेत 9 पर्यटक हुए घायल

0
1557
पन्ना टाइगर रिजर्व का हिनौता ग्राम के नजदीक स्थित प्रवेश द्वार। (फाइल फोटो)
  •   पन्ना टाइगर रिजर्व की हिनौता रेन्ज अंतर्गत छुहाई घाटी में हुई दुर्घटना

शादिक खान, पन्ना।(www.radarnews.in) मध्यप्रदेश के पन्ना टाइगर रिजर्व में बुधवार 31 मार्च की सुबह एक हादसा हो गया। पर्यटन नगरी खजुराहो से पन्ना पार्क के भ्रमण पर आए पर्यटकों का जिप्सी वाहन अचानक असंतुलित होकर पलट गया। इस दुर्घटना में महिला गाइड समेत नौ लोगों को चोटें आईं है। सड़क हादसा पन्ना टाइगर रिजर्व की हिनौता रेन्ज अंतर्गत छुहाई घाटी में हुआ। घायल पर्यटकों को हादसे के तुरंत बाद खजुराहो ले जाया गया है। इस हादसे का कारण तो फिलहाल पता नहीं चल सका लेकिन हादसे के समय जिप्सी वाहन की रफ़्तार ज्यादा होने एवं चालक के द्वारा लापरवाही पूर्वक वाहन चलाने की बात सामने आई है।
पन्ना टाइगर रिजर्व के क्षेत्र संचालक उत्तम कुमार शर्मा ने पार्क के अंदर हुई सड़क दुर्घटना की पुष्टि की है। उन्होंने “रडार न्यूज़” को बताया कि सभी पर्यटकों को मामूली चोटें आईं थी, कोई गंभीर नहीं है। हादसे के बाद सभी पर्यटक वापस खजुराहो लौट गए। जिप्सी वाहन कैसे और किन परिस्थितियों में पलटा इसकी जानकारी नहीं है, प्रकरण की जांच से वस्तुस्थिति स्पष्ट हो पाएगी।
उधर,पार्क सूत्रों व पर्यटक गाइडों से मिली जानकारी के अनुसार आज सुबह खजुराहो जिला छतरपुर की जिप्सी क्रमांक एमपी-16-टी-1728 में सवार होकर पर्यटक पार्क भ्रमण के लिए आये हुए थे। पर्यटकों में 5 वयस्क तथा चार बच्चे थे। आसपास मौजूद दूसरी जिप्सी के गाइडों ने बताया कि छुहाई घाटी में यह जिप्सी तेज रफ्तार से जा रही थी, उसी दौरान अचानक घाटी और महुआ पानी वाले मार्ग में जिप्सी वाहन का संतुलन बिगड़ने से वह पलट गया। जिप्सी के चारों पहिए ऊपर हो गये थे। हादसे में एक पर्यटक का हाथ फ्रैक्चर होने एवं अन्य लोगों को मामूली चोटें आने की चर्चाएं हैं। जिप्सी में पर्यटकों के साथ मौजूद महिला गाइड साक्षी राय जिसकी भर्ती अभी हाल ही में हुई है, वह भी घायल बताई जा रही है।