
-
आजादी के बाद पहली बार पन्ना जिले में शुरू हुआ यात्री रेल परिचालन
-
ढोल-नगाड़ों की थाप और फूलों की बारिश के बीच हुआ स्वागत
-
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने किया सतना-देवेंद्रनगर व रीवा-चुरहट रेलखंडों का शुभारंभ
-
सोमवार से चुरहट के लिए नियमित चलेगी मेमू ट्रेन, देवेंद्रनगर से सतना का सामान्य किराया 15 रुपये
शादिक खान, पन्ना।(www.radarnews.in) आखिरकार वह ऐतिहासिक पल आ ही गया जिसका इंतजार पन्ना जिले के लोग कई दशकों से कर रहे थे। ढोल-नगाड़ों की गूंज, स्वागत गीतों और फूलों की बारिश के बीच शनिवार, 24 अक्टूबर 2026 को पहली यात्री ट्रेन जब पन्ना जिले के देवेंद्रनगर रेलवे स्टेशन पहुंची तो मुद्दतों से रेल का इंतजार कर रहे लोगों की खुशी देखते ही बनी। स्टेशन पर उमड़ी भीड़ के चेहरों पर उत्साह था और ट्रेन के स्वागत में पूरा माहौल उत्सव में बदल गया। बड़ी संख्या में मौजूद नागरिक इस ऐतिहासिक क्षण के साक्षी बने। किसी के लिए यह आजादी के बाद अपने क्षेत्र में पहली बार ट्रेन देखने का रोमांच था, तो किसी के लिए पढ़ाई, इलाज, कारोबार और रोजगार के सिलसिले में दूसरे शहरों तक पहुंचने की राह आसान होने की उम्मीद। ललितपुर-सिंगरौली रेल परियोजना के तहत सतना-देवेंद्रनगर रेलखंड का लोकार्पण होने के साथ ही देवेंद्रनगर तक यात्री रेल सेवा शुरू हो गई।

केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सतना-देवेंद्रनगर तथा रीवा-चुरहट रेलखंडों का शुभारंभ किया और देवेंद्रनगर-चुरहट यात्री ट्रेन को हरी झंडी दिखाई। अब सोमवार, 26 अक्टूबर से इस मार्ग पर नियमित रेल परिचालन शुरू होगा। यह उपलब्धि पन्ना जिले के साथ विंध्य और बुंदेलखंड क्षेत्र में रेल कनेक्टिविटी के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण है।
रेल मंत्री बोले- एमपी में 1 लाख करोड़ की परियोजनाओं पर काम जारी

केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने अपने संबोधन में कहा कि बेहतर रेल कनेक्टिविटी विंध्य और बुंदेलखंड के लिए नई जीवनरेखा साबित होगी। इससे लंबे समय से रेल सुविधा की प्रतीक्षा कर रहे लोगों की मांग पूरी होने के साथ शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार तक पहुंच बेहतर बनाने में मदद मिलेगी। उन्होंने बताया कि मध्य प्रदेश में लगभग एक लाख करोड़ रुपये की लागत से रेलवे की विभिन्न परियोजनाओं पर काम चल रहा है। इनमें नई रेल लाइनें बिछाने, दोहरीकरण, तीसरी और चौथी लाइन के निर्माण तथा आमान परिवर्तन से जुड़े कार्य शामिल हैं।
रेल मंत्री ने ललितपुर-सिंगरौली, सतना-रीवा, कटनी-सिंगरौली, जबलपुर-गोंदिया सहित प्रदेश के विभिन्न रेलखंडों पर चल रहे कार्यों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं के पूरा होने से रेल संपर्क का विस्तार होगा और यात्री सेवाओं की उपलब्धता बढ़ाने का रास्ता खुलेगा। स्टेशन पुनर्विकास और पर्यावरण संरक्षण का उल्लेख करते हुए उन्होंने संबंधित अधिकारियों को पौधरोपण की निगरानी करने तथा लगाए गए पौधों के जीवित रहने की स्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
बुंदेलखंड और विंध्य को मिला दिवाली का उपहार: मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने नई रेल कनेक्टिविटी को बुंदेलखंड और विंध्य क्षेत्र के लोगों के लिए दिवाली का अग्रिम उपहार बताया। उन्होंने कहा कि 541 किलोमीटर लंबी ललितपुर-सिंगरौली रेल परियोजना उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के बीच संपर्क मजबूत करेगी। इससे पन्ना, छतरपुर, सतना, रीवा, सीधी और सिंगरौली सहित संबंधित क्षेत्रों को लाभ मिलने की उम्मीद है। मुख्यमंत्री ने कहा कि बेहतर रेल संपर्क से किसानों को बड़े बाजारों तक पहुंचने, उद्योगों को माल परिवहन में सुविधा मिलने तथा युवाओं और विद्यार्थियों के लिए शिक्षा एवं रोजगार के अवसर बढ़ने में मदद मिलेगी। उन्होंने क्षेत्र की खनिज संपदा और पन्ना के हीरा व्यापार के लिए भी बेहतर कनेक्टिविटी को महत्वपूर्ण बताया।
सांसद वीडी शर्मा ने बताया पन्ना और बुंदेलखंड के लिए बड़ी उपलब्धि

देवेंद्रनगर में पहली यात्री ट्रेन पहुंचने के ऐतिहासिक अवसर पर खजुराहो सांसद विष्णु दत्त शर्मा ने अपनी फेसबुक पोस्ट के माध्यम से इसे क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया। उन्होंने रेल सेवा की शुरुआत पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के प्रति आभार जताया। सांसद ने इस नई रेल सुविधा को पन्ना और बुंदेलखंड क्षेत्र के विकास तथा बेहतर परिवहन संपर्क की दिशा में महत्वपूर्ण कदम के रूप में रेखांकित किया।
नागौद रेलवे स्टेशन पर आयोजित कार्यक्रम के बाद सांसद विष्णु दत्त शर्मा और गुनौर विधायक डॉ. राजेश वर्मा ट्रेन में सवार होकर देवेंद्रनगर पहुंचे। दोनों जनप्रतिनिधियों ने इस ऐतिहासिक यात्रा में भागीदारी की। देवेंद्रनगर स्टेशन पर ट्रेन के पहुंचने पर स्थानीय लोगों ने उत्साह के साथ स्वागत किया। गुनौर विधायक डॉ. राजेश वर्मा ने इस अवसर पर संक्षिप्त प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि वर्ष 2013 में देखा गया सपना आज साकार हुआ है। उन्होंने इसे पूरे क्षेत्र के लिए खुशी का पल बताया। उनके मुताबिक, देवेंद्रनगर तक रेल सेवा पहुंचना क्षेत्रवासियों की वर्षों पुरानी आकांक्षा पूरी होने जैसा है।
स्टेशन पर उत्सव जैसा माहौल, फूलों की बारिश से हुआ स्वागत

देवेंद्रनगर रेलवे स्टेशन पर पहली यात्री ट्रेन का आगमन लोगों के लिए यादगार बन गया। फूलों से सजी ट्रेन के पहुंचते ही ढोल-नगाड़े बजने लगे और लोगों ने उत्साह के साथ स्वागत किया। स्टेशन परिसर में बड़ी संख्या में ग्रामीण, युवा और वरिष्ठ नागरिक मौजूद रहे। ट्रेन के साथ तस्वीरें लेने और इस ऐतिहासिक पल को यादगार बनाने की होड़ दिखाई दी। क्षेत्र के लोगों के लिए यह दृश्य सिर्फ एक रेलगाड़ी के आगमन का नहीं, बल्कि अपने जिले में यात्री रेल सेवा शुरू होने की खुशी का प्रतीक था। अब तक ट्रेन पकड़ने के लिए दूसरे स्टेशनों तक जाने वाले लोगों को देवेंद्रनगर से ही यात्रा शुरू करने का विकल्प मिलेगा। नियमित सेवा शुरू होने के साथ इस सुविधा का लाभ विद्यार्थियों, नौकरीपेशा लोगों, व्यापारियों, किसानों और मरीजों को मिलने की उम्मीद है।
विद्यार्थियों, मरीजों और दैनिक यात्रियों को मिलेगी राहत

देवेंद्रनगर-चुरहट रेल सेवा शुरू होने से मार्ग में पड़ने वाले स्टेशनों और आसपास के गांवों के लोगों को सतना तथा रीवा के माध्यम से आगे की यात्रा के लिए सुविधाजनक विकल्प मिलेगा। विद्यार्थियों को शिक्षण संस्थानों तक पहुंचने, मरीजों को बेहतर चिकित्सा सुविधाओं वाले शहरों में जाने और नौकरीपेशा लोगों को कामकाज के सिलसिले में आवागमन करने में सहूलियत मिलने की उम्मीद है। किसानों और ग्रामीण व्यापारियों के लिए भी रेल संपर्क उपयोगी साबित हो सकता है। कृषि उपज और स्थानीय उत्पादों को बड़े बाजारों तक पहुंचाने के विकल्प बढ़ेंगे। नियमित यात्री सेवा के विस्तार से स्थानीय व्यापार, परिवहन और दूसरे छोटे व्यवसायों को भी प्रोत्साहन मिल सकता है।
उद्योग और पर्यटन को भी मिल सकती है नई गति
सतना-देवेंद्रनगर रेलखंड की लंबाई लगभग 53 किलोमीटर है और इसके निर्माण पर करीब 873 करोड़ रुपये खर्च हुए हैं। फुलवारी से देवेंद्रनगर के बीच अंतिम आठ किलोमीटर रेल लाइन का काम पूरा होने के बाद इस खंड पर परिचालन शुरू करने का रास्ता साफ हुआ। वहीं रीवा-चुरहट के बीच लगभग 65 किलोमीटर लंबे रेलखंड का निर्माण करीब 1,070 करोड़ रुपये की लागत से किया गया है। इसके तहत रामपुर नैकिन से चुरहट तक लगभग 22.5 किलोमीटर रेल लाइन का काम पूरा होने से सीधी जिले को रेल नेटवर्क से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रगति हुई है। सतना और आसपास के क्षेत्रों में सीमेंट, क्लिंकर, चूना पत्थर तथा अन्य खनिज आधारित उद्योगों की मौजूदगी को देखते हुए बेहतर रेल संपर्क माल परिवहन के लिए उपयोगी हो सकता है। देवेंद्रनगर, नागौद और पन्ना क्षेत्र के किसानों तथा ग्रामीण व्यापारियों को भी अपने उत्पाद बड़े बाजारों तक पहुंचाने के लिए अतिरिक्त विकल्प मिलेगा।
विंध्य और बुंदेलखंड में पर्यटन की भी व्यापक संभावनाएं हैं। पन्ना टाइगर रिजर्व, खजुराहो के ऐतिहासिक मंदिर, रीवा का किला, गोविंदगढ़ तथा आसपास के प्राकृतिक स्थल पर्यटकों को आकर्षित करते हैं। बेहतर रेल संपर्क से इन क्षेत्रों तक पहुंच आसान होने पर स्थानीय होटल, परिवहन, गाइड और हस्तशिल्प से जुड़े कारोबार को लाभ मिलने की उम्मीद है।
सोमवार से नियमित चलेगी मेमू ट्रेन, सप्ताह में छह दिन होगा संचालन
पश्चिम मध्य रेल की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, देवेंद्रनगर-चुरहट मेमू यात्री ट्रेन का नियमित परिचालन सोमवार, 26 अक्टूबर 2026 से शुरू होना प्रस्तावित है। ट्रेन रविवार को छोड़कर सप्ताह में छह दिन चलेगी। इसके लिए ट्रेन संख्या 61629 और 61630 निर्धारित की गई हैं। निर्धारित समय-सारणी के अनुसार, देवेंद्रनगर से चुरहट जाने वाली ट्रेन सुबह 7 बजे रवाना होकर दोपहर लगभग 1:15 बजे चुरहट पहुंचेगी। वापसी में चुरहट से दोपहर 3 बजे रवाना होकर रात लगभग 9:25 बजे देवेंद्रनगर पहुंचेगी। इस रेल सेवा से मार्ग में पड़ने वाले 17 स्टेशनों को लाभ मिलने की जानकारी दी गई है।
देवेंद्रनगर से सतना का किराया 15 रुपये






