* पन्ना दौरे पर प्रदेश कांग्रेस प्रभारी ने संगठन को मजबूत करने पर दिया जोर
* आंबेडकर की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित, पार्टी कार्यालय में ध्वजारोहण
* जिला समन्वय समिति की बैठक में कार्यकर्ताओं से किया सीधा संवाद
शादिक खान, पन्ना।(www.radarnews.in) मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश प्रभारी एवं राजस्थान के विधायक हरीश चौधरी ने रविवार को अपने पन्ना प्रवास के दौरान संगठनात्मक मजबूती और कार्यकर्ताओं की केंद्रीय भूमिका को लेकर स्पष्ट और प्रभावी संदेश दिया। उन्होंने कहा कि यदि कांग्रेस के सभी कार्यकर्ता और पदाधिकारी एकजुट होकर निष्ठा और अनुशासन के साथ कार्य करें, तो दुनिया की कोई ताकत पार्टी को पराजित नहीं कर सकती। श्री चौधरी ने आगामी विधानसभा और लोकसभा चुनावों का उल्लेख करते हुए कहा कि अब समय बदल रहा है और कांग्रेस संगठन भी अपनी कार्यशैली में परिवर्तन कर रहा है। प्रत्याशी चयन में कार्यकर्ताओं की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी, जिससे जमीनी हकीकत के आधार पर मजबूत नेतृत्व सामने आ सके। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि कांग्रेस एक ऐसी पार्टी है, जहां छोटे से छोटे कार्यकर्ता से लेकर बड़े पदाधिकारी तक सभी को समान सम्मान मिलता है और यही इसकी सबसे बड़ी ताकत है। इस महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक में प्रदेश कांग्रेस के सह प्रभारी रणविजय सिंह लोचव विशेष रूप से उपस्थित रहे।
सभी वर्गों को साथ लेकर चलने पर जोर
सर्किट हाउस पन्ना में आयोजित में हरीश चौधरी ने पदाधिकारियों और वरिष्ठ कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद किया। उन्होंने सभी सदस्यों के सुझाव गंभीरता से सुने और संगठन को अधिक सशक्त, सक्रिय और जवाबदेह बनाने पर जोर दिया। बैठक में उन्होंने यह भी संकेत दिए कि पार्टी में पुरानी परंपराओं को समाप्त कर नई कार्यप्रणाली लागू की जाएगी, जिसमें कार्यकर्ताओं की भागीदारी को प्राथमिकता दी जाएगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का मूल उद्देश्य सभी वर्गों को साथ लेकर चलना है और इसके लिए गांव-गांव तक संगठन को मजबूत करना आवश्यक है। हर कार्यकर्ता की सक्रिय भागीदारी से ही एक मजबूत संगठन का निर्माण संभव है।
बैठक को जिला कांग्रेस अध्यक्ष पन्ना अनीस खान ने भी संबोधित किया। उन्होंने नेतृत्व के निर्देशों का अक्षरशः पालन करते हुए एकजुटता और निष्ठा के साथ जिले में कांग्रेस पार्टी को गांव -गांव तक अधिक सक्रिय एवं सशक्त बनाने की प्रतिबद्धता दोहराई। जिला प्रभारी राजभान सिंह ने अपने उद्बोधन में आपसी समन्वय, एकजुटता के साथ विपक्ष की प्रभावी भूमिका अदा करने की बात कही।
गर्मजोशी के साथ किया स्वागत
पन्ना आगमन पर मध्य प्रदेश कांग्रेस प्रभारी हरीश चौधरी व सह प्रभारी सह प्रभारी रणविजय सिंह लोचव का जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष अनीस खान के नेतृत्व में आंबेडकर चौक पर गर्मजोशी से स्वागत किया गया। आतिशबाजी, ढोल-नगाड़ों की गूंज, गगनभेदी नारों और पार्टी कार्यकर्ताओं के अपार उत्साह ने ऐसा माहौल बनाया कि कुछ देर के लिए पूरा वातावरण ही कांग्रेसमय हो गया। इस दौरान प्रदेश कांग्रेस प्रभारी बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया। इसके पश्चात जिला कांग्रेस कार्यालय में ध्वजारोहण कर कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। उल्लेखनीय है कि प्रदेश प्रभारी का यह दौरा न केवल संगठनात्मक दृष्टि से महत्वपूर्ण रहा, बल्कि कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा और विश्वास भी भर गया। उनके स्पष्ट संदेश ने यह संकेत दे दिया है कि आने वाले समय में कांग्रेस संगठन में कार्यकर्ताओं की भूमिका और अधिक निर्णायक होने जा रही है।

प्रदेश कांग्रेस प्रभारी की अध्यक्षता में आयोजित जिला समन्वय समिति की बैठक में मुख्य रूप से पूर्व विधायकद्वय श्रीकांत दुबे, महेन्द्र बागरी, पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष सर्वश्री भास्कर देव बुंदेला, शिवजीत सिंह भैया राजा, श्रीमती दिव्या रानी सिंह, पूर्व लोकसभा प्रत्याशी श्रीमती कविता राजे पूर्व विधानसभा प्रत्याशी श्रीमती मीना यादव, भरत मिलन पाण्डेय, जीवनलाल सिद्धार्थ, पूर्व नगर पालिका उपाध्यक्ष पुष्पेन्द्र सिंह, वरिष्ठ कांग्रेस नेता महेन्द्र दीक्षित, रामलाल आदिवासी सहित जिले के समस्त ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष, समस्त नगर कांग्रेस अध्यक्ष समेत बड़ी संख्या में मोर्चा संगठनों के पदाधिकारी एवं कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।