क्राइम : लाठी-कुल्हाड़ी से हमला कर वृद्ध किसान की दिनदहाड़े नृशंस हत्या

0
1178
घटनास्थल पर पड़ा दलित किसान का शव।

*    आरोपियों ने पुरानी बुराई के चलते वारदात को दिया अंजाम

*    पन्ना जिले के देवेन्द्रनगर थाना क्षेत्र के बड़ागाँव की घटना

*    चार दिन पूर्व मृतक की पत्नी के साथ की गई थी मारपीट

*    पुलिस पर आरोप समय रहते आरोपियों के खिलाफ नहीं की कार्रवाई

देवेन्द्रनगर (पन्ना) ।(www.radarnews.in) पन्ना जिले के देवेन्द्रनगर थाना क्षेत्रान्तर्गत ग्राम बड़ागांव में पुरानी बुराई के चलते गांव के ही कुछ लोगों ने वृद्ध किसान छोटे लाल चौधरी निवासी लल्ली चौधरी 50 वर्ष की हत्या कर दी। बेखौफ अपराधियों द्वारा दिनदहाड़े लाठी-कुल्हाड़ी से हमला कर बड़ी ही नृशंसता के साथ हत्या की वारदात को अंजाम दिया गया। आरोपियों ने हत्या की वारदात के चश्मदीद मृतक के 22 वर्षीय पुत्र प्रमोद चौधरी को भी जान से मारने का प्रयास किया लेकिन वह किसी तरह अपनी जान बचाकर मौके से भाग निकलने में सफल रहा। हत्या की वारदात की खबर आने के बाद से ग्राम बड़ागांव सहित इलाके में सनसनी व्याप्त है।
बुधवार 16 दिसम्बर की सुबह प्रमोद चौधरी 22 वर्ष निवासी ग्राम बड़ागाँव खेत में काम कर रहे अपने पिता को खाना देने के लिए गया था। प्रमोद जब वहां पहुंचा तो उसने देखा कि गांव का ही धनपत कुशवाहा व अन्य 2 लोग उसके पिता छोटे लाल चौधरी निवासी लल्ली चौधरी 50 वर्ष के ऊपर लाठी-कुल्हाड़ी से हमला कर उसे मार रहे थे। हमलावरों ने जब प्रमोद को आते हुए देखा तो वे उसे भी जान से मारने के लिए दौड़े लेकिन वह किसी तरह मौके से भाग निकला। प्रमोद ने गांव पहुंचकर घटना की जानकारी ग्रामीणों और अपने परिजनों को दी। साथ ही तुरंत देवेन्द्रनगर थाना पुलिस को सूचना दी गई। आनन-फानन मौके पर पहुंची थाना पुलिस ने दबिश देकर हत्यारोपियों को तत्परता से हिरासत में ले लिया। हालांकि समाचार लिखे जाने तक इस खबर की आधिकारिक तौर पर पुष्टि नहीं हो सकी।
कृषक छोटे लाल चौधरी की नृशंस हत्या पर विलाप करते हुए पीड़ित परिजन।
उल्लेखनीय है कि छोटे लाल चौधरी के कातिलों ने चार दिन पूर्व उसकी पत्नी के साथ मारपीट की थी। पीड़ित दलित परिवार के द्वारा मारपीट की घटना की सूचना देवेन्द्रनगर थाना में दी गई। पीड़िता का आरोप है कि पुलिस ने उसकी शिकायत को हल्के में लेते हुए आरोपियों के ख़िलाफ समय रहते ठोस कार्रवाई (गिरफ्तारी) नहीं की। पुलिस की इस लापरवाही एवं उदासीनता का खामियाजा पीड़िता को अपने पति की नृशंस हत्या के रूप में भुगतना पड़ा है। इस बात की चर्चा पूरे इलाके में हो रही है। उधर, हत्याकाण्ड की सूचना मिलने पर एडीशनल एसपी बीकेएस परिहार, एसडीओपी एवं एफएसएल टीम ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का मुआयना किया और मृतक के पुत्र से घटना के संबंध जानकारी प्राप्त की। इस दौरान एडीशनल एसपी द्वारा हत्यारोपियों की गिरफ्तारी एवं मामले की जांच को लेकर थाना प्रभारी देवेन्द्रनगर को आवश्यक निर्देश दिए गए।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here