गन्ने की फसल की आड़ में चल रही थी गाँजे की खेती, छापामार कार्रवाई कर पुलिस ने जप्त किया 66 किलो हरा गाँजा

0
1026

*  पन्ना जिले के अजयगढ़ थाना पुलिस ने की कार्रवाई

जिले में लम्बे समय से बड़े पैमाने पर चल रहा है नशे की खेती का कारोबार

पन्ना। (www.radarnews.in) मध्य प्रदेश के पन्ना जिले में पुलिस अधीक्षक मयंक अवस्थी के निर्देश पर इन दिनों मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई हेतु विशेष अभियान चलाया जा रहा है। पिछले माह से जारी इस अभियान के तहत जिले के विभिन्न थानों की पुलिस द्वारा कई उल्लेखनीय कार्रवाई की गईं। इसी क्रम में सोमवार को अजयगढ़ थाना पुलिस ने गन्ने की फसल की आड़ में चल रही गाँजे की खेती का भण्डाफोड़ करते हुए 66 किलो हरा गाँजा जब्त किया है। इसका बाजार मूल्य 6 लाख 66 हजार बताया जा रहा है।
अजयगढ़ थाना प्रभारी अरविंद कुजूर को खोरा के मजरा ग्राम मझपटिया में गाँजा की खेती होने के संबंध में सूचना प्राप्त हुई थी। जिसकी तस्दीक उपरान्त वरिष्ठ अधिकारियों को जानकारी दी गई। पुलिस चौकी प्रभारी खोरा एवं उप निरीक्षक अवधेश दुबे के नेतृत्व में कार्रवाई हेतु एक टीम गठित की गई।
पुलिस टीम ने मजरा ग्राम मझपटिया में छापामार कार्रवाई करते हुए गन्ने के खेत में लगे गाँजे के 90 पेड़ों की कटाई कराकर उन्हें जप्त कर लिया। इस मामले में पुलिस ने कामता पटेल पिता स्नेही पटेल 58 वर्ष निवासी खोरा मझपटिया थाना अजयगढ़ को गिरफ्तार किया है। कृषक कामता पटेल अवैध रूप से गांजे की खेती कर रहा था। जप्तशुदा हरे गांजे का वजन 66 किलो और बाजार मूल्य 6 लाख 66 हजार रुपए बताया गया है। अजयगढ़ थाना पुलिस ने आरोपी किसान कामता पटेल के विरूद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण पंजीबद्ध किया है।
गाँजे की खेती करने के आरोप में गिरफ्तार आरोपी कामता पटेल को सोमवार 19 अक्टूबर न्यायालय के समक्ष पेश किया गया जहाँ से उसे न्यायिक अभिरक्षा में पन्ना जिला जेल भेजा गया है। उल्लेखनीय है कि जिले में लम्बे समय से गाँजे की खेती बड़े पैमाने पर हो रही है। पुलिस के द्वारा पहली बार इसके खिलाफ प्रभावी मुहिम चलाई जा रही है। फलस्वरूप गाँजे की खेती करने वाले कई लोगों को अब तक गिरफ्तार किया जा चुका है। इससे नशे का कारोबार करने वालों में ख़ासा हड़कम्प मचा है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here