बारिश के मौसम में ग्रामीण कष्ट दायक यात्रा से बचने के लिए आमतौर पर बेहद जरुरी काम होने की सूरत में ही गांव से बाहर जाते हैं। इस बात से समस्या की जटिलता का अंदाजा लगाया जा सकता है। करीब 3000 से अधिक की आबादी वाले इस गांव में कक्षा 8वीं तक सरकारी स्कूल है। बारिश के मौसम में हाईस्कूल की पढ़ाई के लिए छात्र-छात्राओं को खेतों की मेड़ों के सहारे 4 किलोमीटर दूर पंचायत मुख्यालय इटवांकला और 12वीं के लिए 8 किलोमीटर की दूरी पर स्थित ग्राम पंचायत बराछ जाना पड़ता है। पहुँच मार्ग की बदहाली विद्यार्थियों के शिक्षा के मार्ग में बाधा बनीं हुई है।