जिले में सर्व सुविधायुक्त 7 कोविड केयर सेंटर बनकर तैयार, कोरोना मरीजों के लिए इनमें 500 बेड की व्यवस्था

0
760
सांकेतिक फोटो।

* नवनिर्मित कोविड केयर सेंटरों का कलेक्टर ने किया निरीक्षण

* कोरोना मरीजों को भर्ती करने के लिए सेंटर हर समय तैयार रखने के दिए निर्देश

शादिक खान, पन्ना।(www.radarnews.in) कोविड-19 महामारी के प्रदेश में संक्रमण की घोषणा के साथ ही इसकी रोकथाम एवं कोरोना संदिग्धों को कोविड केयर सेंटर में भर्ती करने के लिए पूरी तैयारी कर लेने का दावा जिला प्रशासन के द्वारा किया जा रहा है। पन्ना कलेक्टर द्वारा जिला चिकित्सालय एवं मदर टेरेसा हास्पिटल में कोविड हेल्थ केयर सेंटर स्थापित कराकर 100 एक्टिव मरीजों के उपचार की व्यवस्था कराई गयी है। जिला चिकित्सालय में 45 बेडों के लिए पाइन लाइन डालकर आक्सीजन की व्यवस्था की गयी है। इसके अलावा अन्य बेडों पर चलित आक्सीजन सिलेण्डर के माध्यम से आक्सीजन की व्यवस्था की गयी है। यहां पर महिला एवं पुरूषों के लिए पृथक-पृथक वार्डो की व्यवस्था है। इन वार्डो को सर्व सुविधायुक्त बनाया गया है।
जिला मुख्यालय एवं अनुभाग मुख्यालयों में कोविड केयर सेंटर भी स्थापित किए गए हैं। जिला मुख्यालय पर 2, अजयगढ़ में 2, गुनौर में 1, पवई में 2 सर्वसुविधायुक्त कोविड केयर सेंटर स्थापित किए जा चुके हैं। इसके अलावा जिले में कोविड केयर सेंटरों के लिए भवन सुरक्षित रखे गए हैं। वर्तमान में 500 बेड क्षमता के कोविड केयर सेंटर स्थापित हैं। इन सभी सेंटरों के साथ चिकित्सा दल, सुरक्षा दल के लिए कक्ष स्थापित हैं। सभी में सीसीटीव्ही कैमरा, मनोरंजन के लिए टीव्ही स्थापित किए गए हैं। सभी में पेयजल, साफ सफाई, शौंचालय, प्रकाश की व्यवस्था सुनिश्चित की गयी है। सभी सेंटरों के लिए प्रशिक्षित कर्मचारी नियुक्त कर दिए गए हैं।
कलेक्टर श्री शर्मा ने गुनौर के महाविद्यालय में स्थापित केयर सेंटर का निरीक्षण सोमवार 1 जून को रात्रि में पहुंच कर किया। यहां की गयी व्यवस्थाओं का सूक्ष्म अवलोकन करने के साथ मौके पर उपस्थित अनुविभागीय अधिकारी, चिकित्सक, तहसीलदार एवं संबंधितों को आवश्यक निर्देश देते हुए कहा कि सेंटर हर समय कोविड संबंधी व्यक्तियों को भर्ती करने के लिए तैयार रहें।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here